Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

इस साल बॉक्स ऑफिस पर सुपरवुमन बनी ये अभिनेत्रियां, टॉप 10 फिल्मों में छह की कहानी स्त्रियों पर आधारित

श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) की फिल्म स्त्री-2 बॉक्स ऑफिस पर हर दिन एक नया रिकॉर्ड बना रही है। 31 दिन बाद भी फिल्म की रफ्तार रुक नहीं रही है। हॉरर कॉमेडी फिल्म अब 600 करोड़ के क्लब में शामिल होने की तैयारी में है। हालांकि श्रद्धा कपूर की फिल्म स्त्री-2 से पहले इस साल इन पांच महिला प्रधान फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर जलवा दिखाया है।

By Tanya Arora Edited By: Tanya Arora Updated: Mon, 16 Sep 2024 03:14 PM (IST)
Hero Image
2024 में बॉक्स ऑफिस पर महिलाओं का राज/ फोटो- Jagran Graphic

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। साल 2024 में कम ही फिल्में कमाल दिखा पाई हैं, लेकिन जो चली हैं उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया। फाइटर से लेकर शैतान, मुंज्या और कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्मों ने ताबड़तोड़ कमाई की।

फिलहाल श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव स्टारर फिल्म 'स्त्री-2' इस वक्त घरेलू बॉक्स ऑफिस पर क्वीन बनकर राज कर रही है। इस फिल्म ने पांचवें वीकेंड तक टोटल 580 करोड़ के आसपास का कलेक्शन कर लिया है।

अगर देखा जाए इस साल बॉक्स ऑफिस पर महिलाओं का ही दबदबा रहा है, क्योंकि कुछ फिल्में भले ही पूरी तरह से वुमन ओरिएंटेड न हो, लेकिन फिल्म की कहानी तो पूर्ण-रूप से महिलाओं के इर्द-गिर्द ही घूमी है। 2024 में मेकर्स ने अपनी फिल्मों में फोकस हीरो से ज्यादा हीरोइन पर रखा। किन-किन हीरोइनों ने इस साल बॉक्स ऑफिस की लाज बचाई है, चलिए देखते हैं-

स्त्री 2 (Stree 2)

इस फिल्म का मुख्य हीरो ही 'स्त्री' है। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस मूवी की पूरी कहानी 'स्त्री' की मौत और चंदेरी से उसके कनेक्शन के इर्द-गिर्द ही घूमती है।

यह भी पढ़ें: Stree 2 Box Office Day 32: रविवार को फिर 'स्त्री' ने लगाई लंबी छलांग, तोड़ा बॉलीवुड की इस बड़ी फिल्म का रिकॉर्ड

फिल्म में विक्की भैया बनकर राजकुमार राव और रूद्र भैया बनकर पंकज त्रिपाठी ने भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी है, लेकिन फिल्म का पूरा भार स्त्री श्रद्धा कपूर ने अपने कंधों उठाया है। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म हर दिन शानदार कमाई कर रही है। खुद निर्देशक भी ये बात मानते हैं कि फिल्म का असली हीरो 'स्त्री' ही है, क्योंकि ये उसकी कहानी है।

क्रू (Crew)

इस लिस्ट में दूसरी फिल्म करीना कपूर-तब्बू और कृति सेनन की फिल्म 'क्रू' है, जिसका निर्देशन राजेश ए कृष्णन ने किया है। 29 मार्च 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी तीन ऐसी केबिन क्रू की है, उन्हें कई महीनों से सैलरी नहीं मिली है। अपना घर चलाने के लिए वह तीनों स्मगलिंग की दुनिया में आ जाती हैं। ये इस साल की पहली वुमन ओरिएंटेड फिल्म थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर टोटल 157.08 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन किया था।

लापता लेडीज

आमिर खान की एक्स वाइफ किरण राव बड़ी कमर्शियल फिल्मों की बजाय कंटेंट बेस्ड फिल्मों पर ज्यादा फोकस करती हैं। उनकी फिल्मों का सब्जेक्ट लोगों को बेहद पसंद भी आता है। किरण राव की फिल्म लापता लेडीज इस साल मार्च के महीने में रिलीज हुई थी, ये भी दो ऐसी लड़कियों की कहानी थी, जो ट्रेन में घूंघट की वजह से बदल जाती हैं।

इस फिल्म में उन दोनों लड़कियों के सफर को बड़ी ही खूबसूरती से दिखाया गया है। फिल्म का बजट मात्र 4-5 करोड़ था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर मूवी ने 25.26 करोड़ तक का बेहद शानदार कलेक्शन किया था।

आर्टिकल 370

यामी गौतम की 23 फरवरी 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'आर्टिकल-370' ने बॉक्स ऑफिस पर एक अच्छी कमाई की थी। ये फिल्म कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने वाली कहानी को दर्शाती है। फिल्म में यामी ने NIA एजेंट जूनी हक्सर का किरदार अदा किया है। मूवी में यामी के साथ-साथ प्रियामणि भी नजर आई थीं, जिन्होंने प्राइम मिनिस्टर की सेकेट्री का किरदार अदा किया था। फिल्म की कहानी लोगों को बेहद पसंद आई और 20 करोड़ की इस मूवी 110.57 करोड़ तक का बिजनेस कर डाला।

कल्कि 2898 एडी

दीपिका पादुकोण-प्रभास और अमिताभ बच्चन स्टारर कल्कि 2898 एडी भी लोगों को काफी पसंद आई। बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म ने सफलता का इतिहास रचा। नाग अश्विन के निर्देशन में बनी ये पैन इंडिया फिल्म वैसे तो वुमन ओरिएंटेड फिल्म नहीं थी, लेकिन इसकी कहानी एक महिला के इर्द-गिर्द ही घूमती है। दीपिका पादुकोण जिन्होंने फिल्म में सुमति का किरदार निभाया है, ये पूरी कहानी उन पर ही बेस्ड है।

कलयुग के रक्षक को बचाने के लिए किस तरह से अश्वत्थामा भैरव और बाकी विलेन का अंत करने पर उतारू होते हैं, यह फिल्म में दिखाया गया है। एक महिला के जीवन के पीछे कितना बड़ा महायुद्ध होने वाला है, ये इसके सेकंड पार्ट में दिखाया जाएगा। कल्कि ने वर्ल्डवाइड 1,028–1,200 के बीच का कलेक्शन किया था।

तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया

क्या कभी कोई सोच सकता है कि एक रोबोट और इंसान के बीच भी प्यार हो सकता है, नहीं ना। इसी बात पर यकीन दिलाती है कृति सेनन और शाहिद कपूर की फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया।

ये फिल्म भी वुमन ओरिएंटेड नहीं है, लेकिन फिल्म में शाहिद कपूर से ज्यादा कृति सेनन के काम को सराहना मिली, जिन्होंने मूवी में एक ऐसी रोबोट का किरदार निभाया था, जो एक आम लड़की की तरह ही है। इस फिल्म ने दुनियाभर में 133.64 करोड़ का कलेक्शन किया।

यह भी पढ़ें: Stree 2 Box Office Day 31: महीनेभर बाद भी जारी 'स्त्री' का तांडव, वीकेंड पर फिर भरी मेकर्स की तिजोरी