Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Half Love Half Arranged Review: दिल टूट जाए तो अरेंज्ड मैरिज ही विकल्प है क्या? सवाल का जवाब ढूंढती सीरीज

Half Love Half Arranged Review शो की कहानी दिल्ली में सेट है। मानवी गगरू का किरदार रिया तंवर एक डॉक्टर है जिसका ब्वॉयफ्रेंड प्रपोज करने वाला है मगर ऐसा नहीं होता और रिया का दिल टूट जात है। इसके बाद वो अरेंज मैरिज के लिए तैयार होती है और लड़कों से मिलती है मगर यह काम उतना आसान नहीं है।

By Manoj VashisthEdited By: Manoj VashisthUpdated: Thu, 12 Oct 2023 08:40 PM (IST)
Hero Image
हाफ लव हाफ अरेंज्ड मिनीटीव पर रिलीज हो गयी है। फोटो- इंस्टाग्राम

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। शादी और प्यार में कन्फ्यूजन का एंगल कई फिल्मों और शोज में आजमाया जा चुका है। प्यार करके शादी की जाए या जिससे शादी हो जाए, उसी को प्यार किया जाए। इस विषय पर तमाम तरह के सवाल और जवाब खड़े किये जा सकते हैं।

अमेजन मिनीटीवी पर रिलीज हुई सीरीज हाफ लव हाफ अरेंज्ड प्यार और शादी के बीच कन्फ्यूजन को तो नहीं दिखाती, मगर प्यार से धोखा मिलने के बाद शादी के लिए योग्य वर या बेटर हाफ की तलाश के क्रम को दिखाती है। यह हल्की-फुल्की रोमांटिक ड्रामा सीरीज है, जिसमें मानवी गगरू और करण वाही ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। 

क्या है शो की कहानी?

हाफ लव हाफ अरेंज्ड की कहानी दिल्ली में दिखायी गयी है। डॉ. रिया तंवर स्त्री रोग विशेषज्ञ है। उम्र के तीसवें पड़ाव पर पहुंचने की खुशी मना रही है। इस खुशी को दोगुना कर रही है ब्वॉयफ्रेंड के शादी के लिए प्रपोज करने की उम्मीद। मगर, उसकी खुशियों को नजर लग जाती है, जब ब्वॉयफ्रेंड प्रपोज नहीं करता और उसकी सारी प्लानिंग धरी रह जाती है।

यह भी पढ़ें: OTT Web Series And Movies- प्राइम वीडियो पर आयी 'मिशन इम्पॉसिबल 7', ओटीटी पर 'दिल्ली के सुल्तान' की दस्तक

इसके बाद वो अरेंज्ड मैरिज के लिए मन बनाती है और ब्वॉयफ्रेंड को चुनौती दे डालती है कि छह महीनों के अंदर उससे बेहतर शख्स से शादी कर लेगी। चुनौती तो दे दी, मगर यह इतना आसान भी नहीं है, क्योंकि लड़कों के लिए उसकी चेकलिस्ट बहुत लम्बी है।

कैसा है स्क्रीनप्ले और अभिनय?

हाफ लव हाफ अरेंज्ड में लगभग आधा घंटा अवधि के छह एपिसोड्स हैं और 18 प्लस कैटेगरी में रिलीज किया गया है। शो में रिया की डेली लाइफ से शुरू होता है और पहले दृश्यों से ही उसका कैरेक्टर स्थापित हो जाता है। परिवार के लिए समर्पित रिया की प्यार और शादी को लेकर सोच कहां से निकली है, यह इन दृश्यों से समझ आ जाता है।

यह भी पढ़ें: Permanent Roommates 3- 'परमानेंट रूममेट्स' बनकर लौट रहे हैं सुमित व्यास-निधि सिंह, OTT पर इस दिन आएगा नया सीजन

श्रुति भारद्वाज और करपूर गौरव ने स्क्रीनप्ले और संवाद लिखे हैं। शो की शुरुआत ठीक होती है, मगर आगे के दृश्यों में लड़खड़ाने लगती है। दरअसल, 'हाफ लव हाफ अरेंज्ड' सीरीज के निर्देशक सिमरनप्रीत सिंह ने जो टॉपिक चुना है, उस पर बने कंटेंट की भीड़ बहुत अधिक है। ऐसे में नया करने के लिए ज्यादा कुछ होता नहीं है। अलबत्ता, कलाकारों की परफॉर्मेंसज जरूर फर्क छोड़ती हैं और दृश्यों को देखने के लायक बनाती हैं।

दिल्ली के सेटअप में किरदारों की अभिव्यक्ति क्लीशे से भरपूर है। मानवी गगरू ने रिया तंवर के किरदार को कामयाबी और शिद्दत से निभाया है। इस किरदार के विभिन्न बारीकियों को उन्होंने अभिव्यक्ति में समेटने की कोशिश की है। रिया के बचपन के दोस्तों अर्फ इकबाल और तन्वी के किरदारों में पुलकित मकोल और श्रुति जॉली ने अच्छा काम किया है। इनके ट्रैक्स मुख्य ट्रैक को दिलचस्प बनाते हैं।

करण वाही का किरदार कहानी में ट्विस्ट लेकर आता है। करण ने इस किरदार को विश्वसनीय तरीके से निभाया है। रोमांटिक शोज के शौकीन हैं और वीकेंड पर अगर कोई दूसरा जरूरी काम या शो नहीं है तो हाफ लव हाफ अरेंज्ड को चांस दिया जा सकता है।