Move to Jagran APP

कभी सितारों सी चमकने वाली इन एक्ट्रेसेस ने अचानक ही एक्टिंग को कहा अलविदा, जानें- आज किस हाल में हैं?

एक समय था जब टीवी इंडस्ट्री की कई एक्ट्रेसेस अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर बॉलीवुड सेलेब्स को कड़ी टक्कर देती थीं। दर्शकों के दिल पर राज कर चुकीं ये एक्ट्रेसेस आज एक्टिंग की दुनिया से ही गायब हो गई हैं। इन सितारों की लिस्ट काफी ​लंबी हैं।

By Priti KushwahaEdited By: Priti KushwahaUpdated: Sat, 03 Jun 2023 04:50 PM (IST)
Hero Image
Dayaben Aka Disha Vakani To Veebha Anand nausheen ali sardar

नई दिल्ली, जेएनएन। Tv Actress Who Left Industry: मायानगरी में आज जो चमक रहा है, जरूरी नहीं कि उसकी चमक हमेशा ऐसी ही बनी रहे। आज जो पर्दे पर छाया हुआ है वो कब फिल्मी दुनिया से गायब हो जाए किसी को पता नहीं।

छोटे पर्दे पर एक वक्त अपनी एक्टिंग के दम पर दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली कई अभिनेत्रियों ने बॉलीवुड सेलेब्स को भी कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन आज वो पर्दे से गायब हो चुकी हैं। इस लिस्ट में 'तारक मेहता..' की 'दया' से लेकर 'ये है मोहब्बतें' की 'मिहिका' तक का नाम शामिल है। तो चलिए जानते हैं उन एक्ट्रेसेस के बारे में जिन्होंने रातों-रात लाइमलाइट की दुनिया को अलविदा कह दिया...

'तारक मेहता..' की 'दया' यानी दिशा वकानी

फेमस टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दया की भूमिका निभा चुकी दिशा वकानी आज भले ही लंबे वक्त से इस शो से गायब हैं, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग काफी तगड़ी है। दिशा ने करीब 9 सालों तक इस शो में काम कर दर्शकों का दिल जीता। मां बनने की बाद दिशा कभी इस शो में वापस नहीं आईं। इसके बावजूद दर्शक उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।  

सौम्या टंडन

'भाभी जी घर पर है' में अनीता भाभी के किरदार से फेमस हुईं सौम्या टंडन ने अपनी एक्टिंग के साथ खूबसूरती से लोगों का दिल चुराया। कई साल तक उन्होंने फैंस का मनोरंजन भी किया, लेकिन अपने करियर के पीक पर सौम्या ने इस शो को छोड़ दिया। इसके पीछे की वजह कोई कॉन्ट्रोवर्सी नहीं, बल्कि उनकी प्रेग्नेंसी थी। बेटे के जन्म के बाद इस शो को छोड़ दिया था। हालांकि वह सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं।

नौशीन अली सरदार

टीवी की खूबसूरत एक्ट्रेस नौशीन अली सरदार की दर्दनाक कहानी भला कौन नहीं जानता। एक हादसे के बाद नौशीन ने रातों-रात इंडस्ट्री छोड़ दी। बता दें कि साल 2003 में नौशीन एक गंभीर एक्सीडेंट का शिकार हुईं थी। इसी वजह से उन्होंने एक्टिंग ही छोड़ दी।  

मोहिना कुमारी

टीवी सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में कीर्ति का किरदार निभाने वाली मोहिना कुमारी की शादी कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के बेटे सुयश राव के साथ हुई है। शादी के बाद मोहिनी ने भी एक्टिंग की दुनिया को अलविदा कह दिया है।  

रुचा हसबनी

टीवी सीरियल 'साथ निभाना साथिया' की 'राशि' यानी रुचा हसबनी को इस रोल से घर-घर में खास पहचान मिली थी। वहीं, शादी के बाद रुचा ने टीवी इंडस्ट्री से दूरी बना ली, लेकिन वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं।

श्रद्धा निगम

करण सिंह ग्रोवर की पहली बीवी, श्रद्धा निगम एक वक्त टीवी की टॉप एक्ट्रेसेस की लिस्ट में थीं, लेकिन आज उन्होंने एक्टिंग को ही अलविदा कह दिया। अब वह फैशन की दुनिया में धमाल मचा रही हैं। श्रद्धा एक एंटरप्रेन्योर बन गई हैं। वह  इंटीरियर से लेकर आर्किटेक्चर और क्लोदिंग तक के बिजनेस से मोटी कमाई करती हैं।

विभा आनंद

टीवी एक्ट्रेस विभा आनंद को 'बालिका वधू' में 'सुगना' के रोल से एक बड़ी पहचान मिली। इस शो के बाद विभा कुछ वेब सीरीज में नजर आईं। इसके बाद वह लाइमलाइट से गायब हैं और कभी छोटे पर्दे पर नजर नहीं आईं।

मिहिका वर्मा

टीवी सीरियल 'ये है मोहब्बतें' में दिव्यांका त्रिपाठी की छोटी बहन का किरदार निभाने वाली मिहिका वर्मा को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। शो के दौरान ही उन्हें एक एनआरआई से प्यार हो गया और वह शादी करके अमेरिका शिफ्ट हो गई थीं। इसके बाद मिहिका ने एक्टिंग को अलविदा कह दिया।