Move to Jagran APP

Ramayan में 'सुग्रीव' का किरदार निभाने वाले एक्टर का निधन, 'राम' अरुण गोविल ने जताया शोक

Arun Govil Mourns Sugrivs Demise श्याम सुंदर कलानी के एक्टिंग करियर की शुरुआत रामायण से ही हुई थी। हालांकि इसके बाद उन्हें अदाकारी की दुनिया में ज़्यादा काम नहीं मिला।

By Manoj VashisthEdited By: Updated: Fri, 10 Apr 2020 06:57 PM (IST)
Hero Image
Ramayan में 'सुग्रीव' का किरदार निभाने वाले एक्टर का निधन, 'राम' अरुण गोविल ने जताया शोक
नई दिल्ली, जेएनएन। रामानंद सागर की रामायण में सुग्रीव और बाली का किरदार निभाने वाले कलाकार श्याम सुंदर कलानी का निधन हो गया है। धारावाहिक में राम बने अरुण गोविल ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। 

अरुण गोविल ने ट्विटर पर शोक संदेश में लिखा- मिस्टर श्याम सुंदर के निधन की ख़बर सुनकर दुखी हूं। उन्होंने रामानंद सागर की रामायण में सुग्रीव का किरदार निभाया था। बहुत अच्छी शख़्सियत और सज्जन व्यक्ति। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। रामायण का इस वक़्त डीडी नेशनल पर प्रसारण किया जा रहा है, जिसके चलते सभी किरदार और कलाकार एक बार फिर चर्चा में हैं।

रामायण से पहले श्याम सुंदर कलानी हीर रांझा समेत कुछ फ़िल्मों में भी काम कर चुके थे। उन्होंने अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना, गोविंदा जैसे कलाकारों के साथ भी काम किया था। हालांकि, सुग्रीव का किरदार उनके करियर का सबसे अहम रोल है। ट्विटर पर नीलम नाम की यूज़र ने बताया कि श्याम सुंदर उनके नाना थे और उनका निधन 26 मार्च को हुआ था। उन्होंने बॉलीवुड के साथ कुछ हॉलीवुड फ़िल्मों में भी काम किया था।

रामायण में सुग्रीव की भूमिका भगवान राम के वनवास के दौरान सामने आती है। राम पहले बाली का वध करके सुग्रीव की मदद करते हैं। वानर राज सुग्रीव राम-रावण युद्ध में अहम भूमिका निभाते हैं। सुग्रीव और राम की मुलाक़ात हनुमान ने करवाई थी। राम ने सुग्रीव को अपने मित्र का दर्ज़ा दिया था। 

रामानंद सागर की रामायण में ऐसे कई किरदार हैं, जिन्होंने छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाईं और अपने किरदारों के लिए मशहूर हुए। 80 के आख़िरी सालों में प्रसारित हुई रामायण ने टीवी की दुनिया में लोकप्रियता का एक नया आयाम दिया। इस पौराणिक धारावाहिक की लोकप्रियता का नतीजा है कि कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन के दौरान इसे दूरदर्शन पर फिर प्रसारित करने का फ़ैसला किया गया। 

रामायण में राम का किरदार अरुण गोविल, लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी, सीता का दीपिका चिखलिया, हनुमान का दारा सिंह और रावण का किरदार अरविंद त्रिवेदी ने निभाया था। पुन: प्रसारण में भी रामायण ने लोकप्रियता का कीर्तिमान बनाया और 2015 से अब तक प्रसारित हुए किसी भी शो से अधिक टीआरपी बटोरी। (फोटो- यू-ट्यूब)