Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सिनेमाघरों के साथ क्रिसमस वीकेंड में ओटीटी पर भी घमासान! जानें- कहां देख सकते हैं अंतिम, सत्यमेव जयते 2 और अतरंगी रे...

क्रिसमस वीकेंड पर दर्शकों के मनोरंजन का भरपूर इंतजाम भी है। रणवीर सिंह की 83 शुक्रवार को सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी जहां पुष्पा और द स्पाइडरमैन- नो वे होम पहले ही गदर मचा रही हैं। मगर इस वीकेंड ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी जबरदस्त घमासान होने जा रहा है।

By Manoj VashisthEdited By: Updated: Thu, 23 Dec 2021 01:12 PM (IST)
Hero Image
क्रिसमस वीकेंड पर दर्शकों के मनोरंजन का भरपूर इंतजाम भी है। Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, दोनों के लिए क्रिसमस वीकेंड बेहद खास है और दोनों जगह दर्शकों के मनोरंजन का भरपूर इंतजाम भी है। रणवीर सिंह की 83 शुक्रवार को सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी, जहां पुष्पा और द स्पाइडरमैन- नो वे होम पहले ही गदर मचा रही हैं। मगर, इस वीकेंड ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी जबरदस्त घमासान होने जा रहा है। सलमान खान की अंतिम- द फाइनल ट्रुथ, जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते 2 और अक्षय कुमार की अतरंगी रे सिनेमाघरों के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर पहुंच रही हैं। 

सिनेमाघरों में 25 नवम्बर को रिलीज हुई जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते 2 अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम की जा चुकी है। मिलाप जवेरी निर्देशित इस फिल्म में जॉन पहली बार तीन किरदारों में दिखायी दिये हैं। फिल्म में दिव्या खोसला कुमार फीमेल लीड हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलांटे की लड़ाई पर आधारित यह एक एक्शन फिल्म है, जिसमें खूब डायलॉगबाजी और मसल पॉवर है। सिनेमाघरों में सत्यमेव जयते 2 कुछ कमाल नहीं दिखा सकी थी। 

View this post on Instagram

A post shared by John Abraham (@thejohnabraham)

सत्यमेव जयते 2 के एक दिन बाद 26 नवम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई सलमान खान और आयुष शर्मा की फिल्म अंतिम- द फाइनल ट्रुथ 24 दिसम्बर को जी5 पर आ रही है। महेश मांजरेकर निर्देशित फिल्म में आयुष शर्मा गैंगस्टर और सलमान सिख पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं। इस फिल्म से टीवी एक्ट्रेस महिमा मकवाना ने बॉलीवुड डेब्यू किया है। यह भी एक्शन और डायलॉगबाजी से भरपूर फिल्म है। सिनेमाघरों में इस फिल्म ने ठीकठाक बिजनेस किया था। 

View this post on Instagram

A post shared by Akshay Kumar (@akshaykumar)

ओटीटी पर रिलीज होने वाली इस वीकेंड की सबसे अहम फिल्म अतरंगी रे है। अक्षय कुमार, धनुष और सारा अली खान की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म सिनेमाघरों के बजाए सीधे ओटीटी पर आ रही है। फिल्म 24 दिसम्बर को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आएगी। आनंद एल राय निर्देशित यह एक प्रेम त्रिकोण की कहानी है। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया है। अक्षय और आनंद का यह पहला एसोसिएशन है। डिज्नी पर इससे पहले अक्षय की लक्ष्मी रिलीज हो चुकी है। वैसे, सिनेमाघरों में भी क्रिसमस वीकेंड सेलिब्रेट करने के लिए दर्शकों के पास पुष्पा, स्पाइडरमैन और 83 की च्वाइस रहेगी।