Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Friday OTT Release: ऊंचाई, मुंबई माफिया, हिट 2... इस शुक्रवार रिलीज हुई फिल्मों और वेब सीरीज की पूरी लिस्ट

OTT Movies And Web Series Released On Friday अमिताभ बच्चन की फिल्म ऊंचाई सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। कुछ जगहों पर फिल्म अभी भी लगी हुई है। सूरज बड़जात्या निर्देशित फिल्म में कई बेहतरीन कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Manoj VashisthUpdated: Fri, 06 Jan 2023 07:43 PM (IST)
Hero Image
OTT Movies And Web Series Released On FRIDAY. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। इस शुक्रवार सिनेमाघरों में कोई बड़ी नयी फिल्म रिलीज नहीं हुई है। अगर बाहर जाकर फिल्म देखने का मन है तो अवतार द वे ऑफ वाटर, दृश्यम 2 और सर्कस के विकल्प खुले हैं, लेकिन अगर आपके यहां कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और कहीं बाहर जाने का मन नहीं है तो फिर ओटीटी पर ढेरों विकल्प मौजूद हैं। इस शुक्रवार कई फिल्में और सीरीज विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आ रही हैं। 

ZEE5 पर ऊंचाई स्ट्रीम हो गयी है। राजश्री प्रोडक्शंस की यह फिल्म एक फील गुड स्टोरी है, जिसमें अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, बमन ईरानी, नीना गुप्ता, परिणीति चोपड़ा ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। डैनी डेंग्जोंग्पा ने कैमियो किया है। फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या का है। 

ताजा खबर वेब सीरीज डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो चुकी है। यह कॉमेडी ड्रामा सीरीज है। मशहूर यू-ट्यूबर भुवन बाम का यह ओटीटी डेब्यू कहा जा सकता है। 

नेटफ्लिक्स पर मुंबई माफिया पुलिस वर्सेज अंडरवर्ल्ड स्ट्रीम हो गयी है। यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म है, जो 90 के दौर में मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के दबदबे और गैंगस्टरों के उदय को दिखाती है। इन गैंग्स का सफाया करने के लिए पुलिस विभाग से भी कई एनकाउंटर स्पेशलिस्ट तैयार किये गये थे।

अमेजन मिनी टीवी पर कॉमेडी सीरीज ट्रस्ट इशूज बाइ स्वैगर शर्मा रिलीज हो गयी है। यह तीन एपिसोड्स की सीरीज है, जिसमें स्वैगर शर्मा के लव एडवेंचर दिखाये गये हैं। स्वैगर, शिवम शर्मा नाम का किरदार निभा रहे हैं। अमेजन मिनी टीवी पर सीरीज मुफ्त देखी जा सकती है।

प्राइम वीडियो पर तेलुगु फिल्म हिट द सेकंड चेज स्ट्रीम हो गयी है। यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अदिवी शेष लीड रोल में हैं। हिंदी दर्शक इस फिल्म को अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ देख सकते हैं, या फिर इसके हिंदी में स्ट्रीम होने का इंतजार कर सकते हैं। फिल्म का हिंदी डब वर्जन फिलहाल सिनेमाघरों में लगा हुआ है।

एमएक्स प्लेयर पर ट्रैवल शो शुरू हुआ है, जिसमें दुबई की सैर करवायी जा रही है। ये तीन एपिसोड्स की मिनी सीरीज है। शो का नाम है- अ स्पिन अराउंड दुबई। इस शो को कॉमिक स्टाइल में होस्ट कर रहे हैं जैमी और जेसी लीवर। शो का निर्माण एमएक्स स्टूडियोज और दुबई पर्यटन ने मिलकर किया है।

लायंसगेट प्ले पर क्लर्क्स 3 फिल्म स्ट्रीम हो गयी है। यह इस फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म है। केविन स्मिथ ने इस फिल्म में अपने हार्ट अटैक से प्रेरणा लेते हुए रैंडल की स्टोरी को दिखाया है, जिसे खुद एक बड़ा हार्ट अटैक आता है। 

इसके अलावा सीरीज क्रॉसफायर स्ट्रीम हुई है। लुइस डॉटी रचित इस सीरीज में कीली हावेस जो के किरदार में हैं। जो फैमिली हॉलीडे पर होती है, मगर उसकी जिंदगी तब खतरे में पड़ जाती है, जब अचानक गन फायर में फंस जाती है। इस गन फायर से स्पेनिश रिसॉर्ट जहन्नुम में बदल जाता है।