Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

The Rings Of Power In Cinemas: ओटीटी से पहले सिनेमाघरों में दिखाये जाएंगे प्राइम वीडियो की सबसे महंगी सीरीज के 2 एपिसोड्स

The Rings Of Power In Cinemas द रिंग्स ऑफ पॉवर ओटीटी पर प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। इसे टीवी इतिहास की सबसे महंगी सीरीज कहा जा रहा है और दुनियाभर में इसका जोरशोर से प्रचार किया जा रहा है।

By Manoj VashisthEdited By: Updated: Mon, 22 Aug 2022 04:39 PM (IST)
Hero Image
The Rings Of Power Prime Video Costliest Web Series. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर हाउस ऑफ द ड्रैगन रिलीज होने के बाद अब जिस सीरीज का दर्शकों को इंतजार है, वो है- द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स- द रिंग्स ऑफ पॉवर (The Lord of the Rings: The Rings of Power)। इस सीरीज का दुनियाभर के फैंस को इंतजार है और इसकी वजह है, इसका लॉर्ड ऑफ द रिंग्स फिल्म सीरीज से कनेक्शन। सीरीज की हाइप और इंतजार को देखते हुए प्राइम वीडियो बड़े पैमाने पर द रिंग्स ऑफ पॉवर का प्रचार कर रह है, जिसके तहत इस सीरीज को लेकर दुनियाभर में इवेंट किये जा रहे हैं, वहीं अब इसे सिनेमाघरों में दिखाने का फैसला भी किया गया है। 

द रिंग्स ऑफ पॉवर, प्राइम वीडियो की सबसे महंगी सीरीज मानी जा रही है। इसे काफी बड़े स्तर पर बनाया गया है और लॉर्ड ऑफ द रिंग्स फिल्मों के समकक्ष रखने की कोशिश की गयी है। वैराइटी मैगजीन की रिपोर्ट के अनुसार, स्ट्रीमिंग से दो दिन पहले 31 अगस्त को दुनियाभर में होने वाली फैन इवेंट्स में इसके दो एपिसोड्स बड़े पर्दे पर दिखाये जाएंगे। इसके टिकट सोमवार से बिकने शुरू होंगे। दुनियाभर में यह इवेंट 200 लोकेशंस पर आयोजित की जाएगी।

View this post on Instagram

A post shared by prime video IN (@primevideoin)

टीवी इतिहास की सबसे महंगी सीरीज

द रिंग्स ऑफ पॉवर सबसे महंगी वेब सीरीजों में से एक है, जिसका प्रोडक्शन बजट लगभग 400 मिलियन डॉलर या 3200 करोड़ रुपये है। इस सीरीज को टेलीविजन के इतिहास की सबसे बड़ी सीरीज माना जा रहा है। द रिंग्स ऑफ पॉवर जेआरआर टोलकाइन के नॉवल द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स एंड एपेंडिसेज पर आधारित है। डीजे पायन और पैट्रिक मैके ने इसे शो के रूप में डेवलव किया है। सिंथिया अडाई रॉबिंसन, रॉबर्ट अरामायो, ओवेन आर्थर, मैक्सिम बाल्ड्री प्रमुख भूमिकाओं में दिखेंगे। इस सीरीज में द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स से हजार साल पहले की कहानी दिखायी जाएगी। 

कब और कितने बजे होगा प्रीमियर?

द रिंग्स ऑफ पॉवर आठ एपिसोड्स की सीरीज है, जिसके पहले 2 एपिसोड्स 2 सितम्बर को सुबह साढ़े नौ बजे स्ट्रीम किये जाएंगे। बाकी 6 एपिसोड्स हर शुक्रवार सुबह रिलीज किये जाएंगे। शो के प्रमोशंस के लिए पिछले दिनों मुंबई में एक इवेंट आयोजित किया गया था, जिसमें शो का प्रीमियर किया गया था। इस इवेंट में ऋतिक रोशन और तमन्ना भाटिया शामिल हुए थे।