Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

OTT Crime Documentary Series: दहलाने वाले अपराधों पर बनी हैं ये क्राइम डॉक्यूमेंट्री सीरीज, जानें- कहां देखें?

Crime Documentaries Series नेटफ्लिक्स पर हाल ही में बीस्ट ऑफ बैंगलोर रिलीज हुई है जिसमें एक खतरनाक कातिल की कहानी दिखायी गयी है। ओटीटी स्पेस में ऐसी कई कहानियां मौजूद हैं जिनमें अपराध की इंटेंसिटी हिलाकर रख देती है।

By Manoj VashisthEdited By: Updated: Wed, 21 Dec 2022 09:06 PM (IST)
Hero Image
True Crime Documentary Series On OTT. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। Real Life Crime Documentary Series On OTT: अपराध एक ऐसा विषय है, जो फिल्मकारों को हमेशा लुभाता रहा है। क्राइम की कहानियों पर अनगिनत फिल्में और शोज बने हैं। कभी ये कहानियां कल्पना से निकलती हैं तो कई बार सच्ची घटनाएं प्रेरणा बनती हैं।

इनमें कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जिनकी तीव्रता और गहराई रूह कंपा देती है। इन्हें अंजाम देने की कोई वाजिब वजह भी नहीं होती, बस किसी की सनक या पागलपन। दुनियाभर में इन घटनाओं पर तमाम डॉक्यूमेंट्री सीरीज बनी हैं, जो विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद हैं। 

इंडियन प्रिडेटर (Indian Predator)

नेटफ्लिक्स की इंडियन प्रिडेटर डॉक्यूमेंट्री सीरीज सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानियों की सीरीज है, जिसमें अलग-अलग जगहों की ऐसी अपराध कथाओं और अपराधियों के बारे में बताया जाता है, जो हिलाकर रख दें। इस सीरीज की ताजा पेशकश बीस्ट ऑफ बैंगलोर है, जो पिछले हफ्ते नेटफ्लिक्स पर आ चुकी है।

यह भी पढ़ें: Charles Sobhraj- बातों से सांसें छीनने में माहिर बिकिनी किलर, इन फिल्मों और सीरीजों में जिंदगी आ चुकी है नजर

इस सीरीज में बैंगलोर के एक सनकी कातिल उमेश रेड्डी की कहानी दिखायी गयी है, जो लड़कियों और महिलाओं का दुष्कर्म के बाद कत्ल कर दिया करता था। उमेश फिलहाल कर्नाटक जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा है। उमेश की कई शिकार महिलाएं जीवित बच गयीं, मगर वो कैमरे के सामने नहीं आयीं।

इंडियन प्रिडेटर सीरीज की शुरुआत दिल्ली के दहलाने वाले बुराड़ी हाउस हत्याकांड पर बनी 'हाउस ऑफ सीक्रेट्स' के साथ पिछले साल हुई थी। इसके बाद 'द बुचर ऑफ देहली', 'द डायरी ऑफ अ सीरियल किलर' और 'मर्डर इन अ कोर्टरूम' आयीं।

हू इज गिसलेन मैक्सवेल (Who is Ghislaine Maxwell?)

लाइंसगेट प्ले पर डॉक्यूमेंट्री सीरीज हू इज गिसलेन मैक्सवेल (Who is Ghislaine Maxwell) मौजूद है। गिसलेन को हाल ही में अमेरिका में 20 साल जेल की सजा सुनाई गयी है। उस पर 1994 से 2004 के बीच फाइनेंसर जेफ्री एप्सटाइन द्वारा कम उम्र की लड़कियों के शोषण करने में मदद करने का आरोप है। गिसलेन अमेरिका के मीडिया टाइकून और जालसाज रॉबर्ट मैक्सवेल की बेटी थी। 60 साल की हो चुकी मैक्सवेल को पिछले साल दिसम्बर में दोषी पाया गया था। एप्सटाइन ने 2019 में मैनहट्टन की जेल में आत्महत्या कर ली थी।

अ विल्डरनेस ऑफ एरर (A Wilderness Of Error)

डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर उपलब्ध पांच भागों की डॉक्यूमेंट्री सीरीज ग्रीन बेरेट आर्मी सर्जन जेफ्री मैकडोनल्ड के बारे में है, जिस पर अपनी गर्भवती पत्नी और दो नन्ही बेटियों का कत्ल करने का आरोप लगा। जेफ्री को इस अपराध के लिए 9 साल बाद जेल भेजा गया था। यह घटना 1970 की है। हालांकि, एक थ्योरी यह भी है मैकडोनल्ड निर्दोष हो सकता है।

द मर्डर ऑफ मेरेडिथ करचर (The Murder Of Meredith Kercher)

नेटफ्लिक्स की इस डॉक्यूमेंट्री में मेरेडिथ सुजाना कारा करचर के कत्ल की जांच को दिखाया गया है, जो अपने इटली स्थित फ्लैट में मृत पायी गयी थी। 

द कीपर्स (The Keepers)

सात एपिसोड्स की इस अमेरिकन डॉक्यूमेंट्री सीरीज में 1969 में हुई नन कैथरीन सेसनिक की हत्या के अनसुलझे रहस्य को कवर किया गया है। यह नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

अमेरिकन मर्डर- द फैमिली नेक्स्ट डोर

2018 में हुए इस हत्याकांड ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। क्रिस वॉट्स ने हैवानियत दिखाते हुए अपनी गर्भवती पत्नी शैनन और दो बेटियों सेलेस्ते और बेला की हत्या कर दी थी। दोनों बेटियां 3 और चार साल की थीं। यह नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

(नोट- इस स्टोरी को नयी जानकारियों के साथ अपडेट किया गया है)