Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Fact Check: नायब सैनी के विरोध का यह वीडियो हाल का नहीं, चार साल पुराना है

सोशल मीडिया पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम से एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें एक रैली के दौरान नायब सैनी और कुछ अन्य भाजपा नेताओं को ट्रैक्टर पर देखा जा सकता है। वीडियो में कई लोग प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के साथ कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि हाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का विरोध हुआ है।

By Jagran News Edited By: Amit Singh Updated: Wed, 25 Sep 2024 05:40 PM (IST)
Hero Image
नायब सैनी के विरोध का यह वीडियो हाल का नहीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम से एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें एक रैली के दौरान नायब सैनी और कुछ अन्य भाजपा नेताओं को ट्रैक्टर पर देखा जा सकता है। वीडियो में कई लोग प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के साथ कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि हाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का विरोध हुआ है।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो अक्टूबर 2020 का है। उस समय नायब सैनी कुरुक्षेत्र के सांसद थे, मुख्यमंत्री नहीं। नारायणगढ़ में करीब चार साल पहले किसानों ने भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा का विरोध किया था। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

वायरल पोस्ट की जांच के लिए वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उनको गूगल लेंस पर सर्च किया। फेसबुक यूजर Punjab Spotters ने 16 अक्टूबर 2020 को इस वीडियो को पोस्ट किया है। इससे साफ हो गया कि वायरल वीडियो करीब चार साल से इंटरनेट पर मौजूद है।

कीवर्ड से सर्च करने पर द ट्रिब्यून के फेसबुक पेज पर इससे संबंधित एक अन्य वीडियो अपलोड मिला। इसे 15 अक्टूबर 2020 को पोस्ट किया गया था। इसमें जानकारी दी गई है कि अंबाला में किसानों ने भाजपा की रैली का विरोध किया।

15 अक्टूबर 2020 को अमर उजाला की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि किसानों ने नारायणगढ़ में भाजपा की ट्रैक्टर रैली का विरोध किया। ट्रैक्टर को कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी चला रहे थे। उनके साथ अंबाला के तत्कालीन सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया भी मौजूद थे।

इस बारे में अंबाला में दैनिक जागरण के रिपोर्टर दीपक का कहना है कि नारायणगढ़ में करीब चार साल पहले किसानों ने भाजपा नेताओं की ट्रैक्टर रैली का विरोध किया था। नायब सैनी उस समय सांसद थे। रैली में शामिल रहे रतन लाल कटारिया का मई 2023 में निधन हो गया था। वीडियो करीब चार साल पुराना है।

पूरी पड़ताल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

https://www.vishvasnews.com/politics/fact-check-protest-against-bjp-nayab-singh-saini-in-haryana-4-years-old-video-is-falsely-link-to-haryana-assembly-election-2024/