Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में कांग्रेस के 63 विधायकों को मिल सकता है टिकट

Gujarat Assembly Election 2022 गुजरात में कांग्रेस के 63 विधायकों में से कमोबेश सभी का टिकट फाइनल माना जा रहा है लेकिन भाजपा की नजर अभी और कुछ विधायकों पर टिकी होने से कांग्रेस इनका नाम बतौर प्रत्याशी घोषित करने से सकुचा रही है।

By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar MishraUpdated: Tue, 25 Oct 2022 09:01 PM (IST)
Hero Image
गुजरात में कांग्रेस के 63 विधायकों को मिल सकता है टिकट। फाइल फोटो

अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। Gujarat Assembly Election 2022: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) बुधवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बैठक गुजरात कांग्रेस के नेताओं से करेंगे। इसमें विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सूची पर चर्चा होगी। डा रघु शर्मा, जगदीश ठाकोर, सुखराम राठवा समेत प्रदेश के कई नेता इस बैठक में शामिल होंगे।

गुजरात के नेताओं के साथ बैठक करेंगे खडगे

कांग्रेस अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर, नेता विपक्ष सुखराम राठवा समेत कई बड़े नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा जयपुर से सीधे दिल्ली पहुंचेंगे। खड़गे पदभार संभालने के बाद पहली बैठक गुजरात के नेताओं के साथ करेंगे, जिसमें विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सूची को हरी झंडी मिल सकती है।

कांग्रेस विधायकों पर भाजपा की नजर

राज्य में कांग्रेस के 63 विधायकों में से कमोबेश सभी का टिकट फाइनल माना जा रहा है, लेकिन भाजपा की नजर अभी और कुछ विधायकों पर टिकी होने से कांग्रेस इनका नाम बतौर प्रत्याशी घोषित करने से सकुचा रही है। सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के कुछ विधायकों पर भाजपा लंबे समय से डोरे डाल रही है, लेकिन फिलहाल कांग्रेस अपने विधायकों को साधे हुए है।

भाजपा में शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के आधा दर्जन विधायक

गुजरात में इस बात की अटकलें लगाई जा रही है कि सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के करीब आधा दर्जन कांग्रेस विधायक पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। गुजरात में भाजपा इस चुनाव में जीत का नया रिकार्ड बनाना चाहती है। भाजपा अभी तक राज्य में सर्वाधिक 127 सीटें जीत पाई है, जबकि सबसे अधिक 144 सीटें जीतने का रिकार्ड पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी के नाम है।

विधायकों को रोकने के लिए प्रलोभन दे रही है कांग्रेस

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल की नजर इस रिकार्ड को तोड़ने पर लगी है। कांग्रेस इस बात से भलीभांति वाकिफ है, लेकिन वह भी अपने विधायकों को रोकने के लिए उनको टिकट के प्रलोभन से अधिक कुछ नहीं दे सकती है। कांग्रेस के कुछ विधायकों की भाजपा नेताओं के साथ गलबहियों के चलते यह अटकलें बार-बार लगाई जाती है।

यह भी पढ़ेंः गुजरात में ये है अमित शाह और BJP की चुनावी तैयारी, जमीनी स्तर पर जुटे मंत्री

यह भी पढ़ेंः गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा 1-2 दिन में संभव, चुनाव आयोग की तैयारी पूरी