Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Vibrant Gujarat Global Summit: सीएम भूपेन्द्र पटेल जापान और सिंगापुर का करेंगे दौरा, गुजरात के लिए निवेश लाने पर रहेगा जोर

गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल अगले हफ्ते जापान और सिंगापुर का दौरा कर सकते हैं। अगले साल जनवरी में होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट को बढ़ावा देने के लिए सीएम ये दौरा कर सकते हैं। इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन गुजरात के गांधीनगर में 10 जनवरी से 12 जनवरी तक किया जाएगा। पीएम मोदी भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

By Jagran NewsEdited By: Manish NegiUpdated: Wed, 22 Nov 2023 06:38 PM (IST)
Hero Image
सीएम भूपेन्द्र पटेल जापान और सिंगापुर का करेंगे दौरा

डिजिटल डेस्क, गांधीनगर। अगले साल जनवरी में होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट को बढ़ावा देने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के अगले सप्ताह जापान और सिंगापुर के दौरे पर जाने की संभावना है। ऐसा बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री 26 नवंबर को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दोनों देशों के लिए रवाना होंगे और अगले महीने 3 दिसंबर को वापस आएंगे। इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन गुजरात के गांधीनगर में 10 जनवरी से 12 जनवरी तक किया जाएगा। वाइब्रेंट गुजरात का आरंभ 20 साल पहले किया गया था। इस बार इसका दसवीं बार आयोजन किया जा रहा है। पीएम मोदी भी इसमें हिस्सा लेंगे।

गुजरात औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता ने कहा कि यह दौरा वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की तैयारियों में अगला प्रमुख कार्यक्रम होने जा रहा है। गुप्ता ने कहा कि पहले वे जापान जाएंगे और फिर आखिरी दो दिन सिंगापुर जाने का कार्यक्रम है।

सीएम के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी होगा, जिसमें मुख्य सचिव राज कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग और माइन्स) एसजे हैदर, सीएम के अतिरिक्त मुख्य सचिव पंकज जोशी, रेजिडेंट कमिश्नर आरती कंवर और इंडेक्सटीबी के प्रबंध निदेशक गौरांग मकवाना शामिल होंगे।

गुप्ता ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल में बिजनेस का प्रतिनिधित्व भी होगा, जिसकी सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत के प्रतिनिधियों में विशिष्ट क्षेत्रों के कुछ लोग भी शामिल होंगे। एमडी ने कहा कि अब तक ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, जापान, दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड और यूनाइटेड किंगडम सहित 13 देशों को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट भागीदार के रूप में पुष्टि की गई है।

वैश्विक स्तर के निवेशकों को आकर्षित करने के लिए वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का आयोजन किया जा रहा है। गुजरात अपने मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के बलबूते लगातार निवेश आकर्षित कर रहा है। देश और दुनिया से मिल रहे निवेश के कारण यहां पर बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है।

ये भी पढ़ें:

Vibrant Gujarat Global Summit: गुजरात का इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी दुनिया को कर रहा आकर्षित, बेहतरीन विजन से हो रहा कायाकल्प