Move to Jagran APP

Vav Elections 2024: गुजरात की वाव सीट पर कांग्रेस ने गुलाब सिंह राजपूत को उतारा, भाजपा से स्वरूपजी ठाकोर चुनाव मैदान में

वाव विधानसभा सीट पर भाजपा ने एक बार फिर स्वरूप ठाकोर पर दांव खेला है। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी गुलाब सिंह राजपूत से होगा। स्वरूपजी ठाकोर ने इसी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गनीबेन के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा था। मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। स्वरूपजी ठाकोर दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। 13 नवंबर को यहां मतदान है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Fri, 25 Oct 2024 03:59 PM (IST)
Hero Image
Vav Assembly By Election 2024: कांग्रेस से गुलाब सिंह राजपूत को टिकट।
जेएनएन, अहमदाबाद। गुजरात की वाव विधानसभा सीट पर चुनावी बिगुल बज चुका है। कांग्रेस ने गुलाब सिंह राजपूत को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने स्वरूपजी ठाकोर को अपना प्रत्याशी बनाया है। यहां से विधायक गनीबेन ठाकोर ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद से यह विधानसभा सीट खाली है। 13 नवंबर को यहां मतदान है। नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। गुलाब सिंह राजपूत विजय मुहुर्त में नामांकन दाखिल करेंगे।

नौ लोगों ने मांगी टिकट

गुलाब सिंह राजपूत 2019 में थराद विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। 2022 में कांग्रेस ने दोबारा इसी सीट से उन्हें प्रत्याशी बनाया। मगर इस बार राजपूत को भाजपा प्रत्याशी शंकर चौधरी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। वाव विधानसभा उपचुनाव में नौ लोगों ने कांग्रेस से टिकट की मांग की थी। लंबे मंथन के बाद पार्टी ने गुलाब सिंह राजपूत के नाम पर मुहर लगाई। 

वाव में कांग्रेस की होगी जीत: गेनीबेन ठाकोर

बनासकांठा सीट से कांग्रेस सांसद गेनीबेन ठाकोर ने दावा किया कि वाव से कांग्रेस जीतेगी। पिछले दो बार से यहां कांग्रेस जीतती आई है। अब उपचुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिलेगी। गुलाब सिंह राजपूत विजय मुहूर्त में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। बता दें कि वाव सीट पर मतदान 13 नवंबर को होगा। परिणाम 23 नवंबर को आएंगे।

तीन लाख से अधिक मतदाता

वाव विधानसभा क्षेत्र में 3,10,681 कुल मतदाता हैं। इनमें 1,61,293 पुरुष और 1,49,387 महिला मतदाता शामिल हैं। आयु के आधार पर अगर बात करें तो 18 से 19 आयु वर्ग के 12,823 मतदाता हैं। 20 से 29 वर्ष के कुल 82,397 मतदाता हैं। 30 से 39 आयु वर्ग के कुल मतदाताओं की संख्या 72,803 है। 40 से 49 आयु वर्ग के कुल 57,082 मतदाता हैं। 50 से 59 आयु वर्ग के कुल 38,875 मतदाता।

60 कुल 69 वर्ष की आयु वर्ग के कुल 28,680 मतदाता हैं। 70 से 79 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 13,316 है। 80 से अधिक आयु वर्ग के कुल 4,705 मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2581 है। वाव विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 321 है।

दो चुनाव से कांग्रेस का कब्जा

वाव विधानसभा सीट पर पिछले दो बार से कांग्रेस का कब्जा रहा है। यहां 2017 और 2022 विधानसभा चुनाव में गनीबेन ठाकोर ने जीत दर्ज की थी। 2017 में भाजपा ने शंकर चौधरी को गनीबेन के खिलाफ उतारा था। गनीबेन ने 6,655 मतों से सीट पर अपना कब्जा जमाया था। शंकर चौधरी को कुल 95,673 वोट मिले थे।

2022 विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने गनीबेन पर भरोसा जताया। इस बार भाजपा ने उनके खिलाफ स्वरूपजी ठाकोर को उतारा। मगर सफलता नहीं मिली। गनीबेन ने 15,601 मतों से जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी को कुल 86,912 वोट मिले थे।

यह भी पढ़ें: 'मेरे पोते जैसे हो, अभी से ऐसे भाषण मत दो'; शिवराज सिंह चौहान के बेटे को दिग्विजय सिंह की नसीहत

यह भी पढ़ें: कौन हैं हरविंद्र कल्याण, घरौंडा से लगा चुके हैं जीत की हैट्रिक; हरियाणा विधानसभा के बनाए गए नये स्पीकर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।