Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा को भाकियू ने दिखाया काला झंडा, विरोध के दौरान यात्रा में शामिल किसान की मौत

क्षेत्र में बुधवार को नारायणगढ़ से शहजादपुर जा रही भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया और कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी का भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों व अन्य किसानों ने विरोध किया और यात्रा को बीच में रोकने के लिए काले झंडे दिखाए।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 15 Oct 2020 07:10 AM (IST)
Hero Image
भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा को भाकियू ने दिखाया काला झंडा, विरोध के दौरान यात्रा में शामिल किसान की मौत

संवाद सहयोगी, नारायणगढ़ : क्षेत्र में बुधवार को नारायणगढ़ से शहजादपुर जा रही भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया और कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी का भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों व अन्य किसानों ने विरोध किया और यात्रा को बीच में रोकने के लिए काले झंडे दिखाए। इस दौरान भारी पुलिस बल पहले से ही मौजूद था। जैसे ही ट्रैक्टर यात्रा शहजादपुर की ओर बढ़ी तो यूनियन के सदस्यों ने काले झंडे दिखाने शुरू कर दिए। इस दौरान पुलिस और यूनियन व किसानों के बीच काफी नोक-झोंक हुई। कटारिया और सैनी का ट्रैक्टर पुलिस की कड़ी सुरक्षा में निकाला गया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता 72 वर्षीय किसान भरत सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनके बेटे की शिकायत पर सात लोगों सहित करीब 15 अन्य पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह यात्रा सैनी धर्मशाला नारायणगढ़ से चल कर शहजादपुर तक जानी थी। यात्रा का विरोध करने के लिए भारतीय किसान यूनियन के सदस्य सहित सैकड़ों किसान राजमार्ग 72 पर पहुंच गए। विरोध की जानकारी मिलने पर पुलिस फोर्स बड़ी तदाद में पहुंची।

---------

भाकियू के सदस्य और कांग्रेसियों के पास थे डंडे-पत्थर

मृतक के बेटे भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उसके पिता भरत सिंह बुधवार को ट्रैक्टर यात्रा में शामिल हुए थे। जिस ट्रैक्टर पर वे सवार थे उसे गांव का सरपंच अनिल कुमार चला रहा था। यह यात्रा नारायणगढ़ से शहजादपुर तक जानी थी। यात्रा मिलन पैलेस के नजदीक पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो वहां पर काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व भाकियू चढुनी ग्रुप के लोग मौजूद थे। इन्होंने मेन अंबाला रोड जाम कर दिया व हंगामा करना शुरू कर दिया। सभी डंडे और पत्थरों से लैस थे। इन सभी ने ट्रैक्टर रैली में शामिल किसानों पर हमला कर दिया।

---------

योजनाबद्ध तरीके से किया हमला

शिकायतकर्ता भूपिद्र ने कहा कि हंगामे के दौरान मलकीत सिंह के उकसावे पर आरोपित फकीर चंद, अमरजीत, जय सिंह, सुखविद्र सिंह, जसविद्र सिंह, जंटी लखनौरा व 10-15 अन्य लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से चोटें मारी हैं। इन लोगों को सामने आने पर पहचान सकता हूं। इन लोगों ने मारपीट व धक्का-मुक्की भी की। इसी कारण से उनके पिता भरत सिंह बदहवास होकर गिर गए। उनको अस्पताल ले जाने लगे तो उसमें भी इन लोगों ने बाधा उत्पन्न की, जिससे करीब 30 मिनट की देरी हो गई। पिता को अस्पताल ले जाने पर वहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर फकीर चंद, अमरजीत, जय सिंह, सुखविद्र सिंह, जसविद्र सिंह, जंटी लखनौरा के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। काला कानून बनाया है : मलकीत सिंह

भाकियू के जिला अध्यक्ष मलकीत सिंह का कहना है कि बीजेपी सरकार ने काला कानून बनाया है। अगर यह किसानों के हित में यह कानून होता तो आज देश का किसान सड़कों पर न होता। सरकार इस काले कानून को वापस ले और एमएसपी का लिखित में जारी करे कि जो इस रेट से कम खरीद करेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें