Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: 'आप अपना वो पुराना हिसाब क्यों छिपा रहे हैं?' CM नायब सैनी ने भूपेंद्र हुड्डा पर कसा तंज

हरियाणा में विधानसभा चुनाव (Haryana Vidhan Sabha Chunav) का शंखनाद हो चुका है। प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए भाजपा पूरी जोर लगा रही है। चुनावी माहौल में नेताओं का एक- दूसरे पर जुबानी हमला भी शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दें।

By Deepak Behal Edited By: Rajiv Mishra Updated: Thu, 22 Aug 2024 03:01 PM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर किया जुबानी हमला (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। अंबाला में ‘म्हारा हरियाणा- नॉन स्टाप हरियाणा’ जन आशीर्वाद रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंबाला की इस ऐतिहासिक धरती से 1857 की महान क्रांति की शुरू हुई थी।

आज एक और लड़ाई की शुरुआत इस धरती से हुई है क्योंकि 2024 के विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। 1 अक्टूबर को सभी को अपने बहुमूल्य वोट का इस्तेमाल करते हुए 4 अक्टूबर को तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी है।

सीएम सैनी ने भूपेंद्र हुड्डा पर कसा तंज

कांग्रेस को घेरते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ ही नहीं बोलती, बल्कि लोगों के बीच धर्म और जाति के नाम पर विभाजन पैदा करने का काम भी करती है। हाल ही में भूपेंद्र सिंह हुड्डा वही पुराना हिसाब-किताब लेकर घूम रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि हरियाणा उनके हिसाब से चलेगा।

हुड्डा पर तंज कसते हुए सैनी ने कहा कि हुड्डा साहब हमारे काम का हिसाब छोड़िए, उसकी चिंता मत कीजिए। हम तो हर साल जनता के बीच जाकर अपने काम का हिसाब देते हैं लेकिन हुड्डा साहब, आप अपने कार्यकाल का वो पुराना हिसाब क्यों छुपा रहे हैं?

हरियाणा के लोगों को सच बताने का काम कीजिए। कांग्रेस वाले हमसे पिछले 10 वर्षों का हिसाब मांग रहे हैं, लेकिन अपने हिसाब को उन्होंने छुपा रखा है।

'कांग्रेस के पास जवाब देने के लिए शब्द नहीं है'

नायब सैनी ने कहा कांग्रेस से मैंने 10 सवाल किये परन्तु आज तक न पिता ने उसके उत्तर दिए न बेटे ने। किस मुंह से यह लोग भाजपा से हिसाब मांग रहे हैं। सैनी ने कहा कि आज कांग्रेस के पास जवाब देने के लिए कोई शब्द ही नहीं है, लेकिन मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि हरियाणा प्रदेश का युवा आज इन लोगों को जवाब दे रहे हैं।

हुड्डा के कार्यकाल पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि हुड्डा के कार्यकाल के दौरान दलितों और गरीबों के घर भी जलाये गए थे। इसका हिसाब भी कांग्रेस वालों को देना चाहिए। हरियाणा में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर फैला था।

कांग्रेस को इस बारे में भी बात करनी चाहिए। भाजपा के कार्यकाल का हिसाब वो बुजुर्ग और गरीब दे रहा है जिसका बिना किसी झंझट के बीपीएल कार्ड बन चुका है जिसकी पेंशन घर बैठे सीधे उनके खाते में आती है।

10 वर्षों में 50 हजार लोगों को मकान दिया- सीएम सैनी

सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जनहित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने हरियाणा में 50 हजार लोगों को मकान बनाकर चाभियां सौंपने का काम किया है।

अभी 15 हजार मकान जल्द ही तैयार हो जाएंगे, और उनकी चाबियां भी हमारी सरकार द्वारा सौंप दी जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्णय लिया है कि हर व्यक्ति को छत मिले। उन्होंने बजट को दोगुना बढ़ाकर इस लक्ष्य को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: फसलों पर MSP बढ़िया लेकिन किसान मांग रहे गारंटी, चुनाव के बीच फिर उठने लगा किसानों का मुद्दा

सीएम की धूआंधार बैटिंग से वेंटीलेटर पर है पूरी कांग्रेस: गोयल

परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने कहा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कॉमन मैन से चीफ मिनिस्टर और चीफ मिनिस्टर से कॉमन मैन के बीच का फासला खत्म किया है। हरियाणा का हर व्यक्ति मुख्यमंत्री के नायाब निणर्यों खुश हैं।

उन्होंने कहा कि सीएम सैनी ने मात्र 70 दिनों में धूआंधार बैटिंग करते हुए हुड्डा साहब व पूरी कांग्रेस को क्लिन बोल्ड कर दिया है और आज कांग्रेस वेंटीलेटर पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि मेरी सरकार गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को समर्पित सरकार है, उसी तर्ज पर नायब सरकार भी काम कर रही है। 70 दिनों में सभी वर्गों के हित में निर्णय लेकर आगे बढ़ाया है।

इस मौके पर जिला प्रभारी धर्मबीर मिर्जापुर, बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष मंदीप राणा, डा. संजय शर्मा, पूर्व विधायक राजबीर बराला, जगमोहन लाल कुमार, नीता खेड़ा, मंडल अध्यक्ष सोमनाथ, अमन सूद, गुर्जर सिंह, रामचंद्र सैनी, हरिश शर्मा, जिला महामंत्री कर्मचंद गोयल, विवेक गुप्ता, रितेश गोयल, सुसेन अग्रवाल, निर्मल विज, चंद्र मोहन, अनिल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढे़ं- Haryana Election 2024: भाजपा अगले हफ्ते करेगी चुनावी रण के योद्धाओं का एलान, PM की बैठक में लगेगी नामों पर मुहर