Move to Jagran APP

राजस्थान-हरियाणा में रोडवेज बसों के चालान का विवाद सुलझा, अरविंद केजरीवाल पर जमकर बरसे अनिल विज

हरियाणा और राजस्थान के बीच बस विवाद खत्म हो गया है। दोनों राज्यों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता के बाद विवाद सुलझ गया है। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह मामला खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बात करके वो मामला खत्म हो गया है। अनिल विज ने अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Mon, 28 Oct 2024 06:53 PM (IST)
Hero Image
अरविंद केजरीवाल पर जमकर बरसे अनिल विज।
जागरण संवाददाता, नारनौल। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस में हरियाणा की एक महिला कांस्टेबल से किराया मांगने को लेकर प्रसारित एक वीडियो ने दोनों राज्यों के बीच विवाद की स्थिति पैदा कर दी है। बीते दो दिन से हरियाणा में अचानक ही राजस्थान रोडवेज बसों पर कार्रवाई शुरू हुई।

इसके जवाब में राजस्थान में भी हरियाणा की बसों के भी चालान काटे गए हैं। हालांकि उच्चस्तरीय दखल के बाद अब दोनों राज्यों के बीच जारी विवाद खत्म हो गया है।

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह मामला खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बात करके वो मामला खत्म हो गया है।

आम आदमी पार्टी के आरोप 'अगर केजरीवाल को कुछ होता है तो उसका जिम्मेदार भाजपा होगी' पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि ये लोग घर बैठ के ऐसे ही गुब्बारे छोड़ते रहते हैं। कोई कारण तो बताओ उसके बाद जवाब देंगे।

क्यों साफ नहीं हुई यमुना?

दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा हरियाणा पर लगाए गए आरोपों पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दूसरों पर दोषारोपण करने से पहले अपनी असफलताओं को नहीं देखते यह आम आदमी पार्टी का चरित्र बन गया है। उन्होंने कहा आप की सरकार को दिल्ली में आए 10 साल हो गए क्यों यमुना साफ नहीं हुई?

हरियाणा रोडवेज बसों के 76 चालान काटे गए

जानकारी के अनुसार राजस्थान में हरियाणा रोडवेज बसों के 76 चालान काटे गए और आठ बसें जब्त की गई हैं। हरियाणा में राजस्थान रोडवेज की 100 से अधिक बसों के चालान काटे गए। रविवार को भी जयपुर में हरियाणा रोडवेज की बसों पर कार्रवाई की गई।

नारनौल डिपो की लीज पर चलने वाली चार गाड़ियां राजस्थान के लिए नहीं गई। सोमवार को नारनौल डिपो की एक गाड़ी का चालान किया गया। चालान काटे जाने पर चालक-परिचालकों ने भी राजस्थान रोडवेज मुख्यालय को इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई है।

यह था विवाद का कारण

दरअसल दिल्ली जाते समय हरियाणा सीमा में एक महिला कांस्टेबल ने राजस्थान रोडवेज बस में किराया नहीं दिया। किराए को लेकर परिचालक और कांस्टेबल की बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।इधर, घटना के विरोध में राजस्थान रोडवेज की कर्मचारी यूनियन भी आ गई है।

बात इतनी बढ़ गई कि मामला दोनों सरकार स्तर तक जा पहुंचा। मामला तूल पकड़ने के बाद राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से हरियाणा डीजीपी को पत्र लिखकर महिला कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया। रोडवेज प्रशासन ने घटनाक्रम के बारे में सरकार स्तर पर भी अवगत कराया है।

हरियाणा की 300 से अधिक बसें आती हैं

राजस्थान सीमा में हरियाणा की करीब 300 से अधिक बसें संचालित होती है। ये जयपुर सहित कई जिलों में चलती हैं। वहीं, दूसरी ओर राजस्थान रोडवेज की 300 बसें हरियाणा होते हुए दिल्ली जाती हैं। हरियाणा के अलावा पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड सहित कई राज्यों की बसें राजस्थान में संचालित होती है।

हरियाणा और राजस्थान सरकार के बीच उच्चस्तरीय वार्ता के बाद पिछले दो दिनों से चल रहा विवाद सुलझ गया है। नारनौल डिपो के महाप्रबंधक अनित यादव ने कहा कि इस मसले में मुख्यालय स्तर पर दोनों पक्षों के बीच बात हुई है और समाधान होने की उम्मीद है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।