Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'यह आपके सम्मान की लहर', प्रियंका गांधी बोलीं- सैलजा-हुड्डा कहते हैं चल रही कांग्रेस की लहर

प्रियंका गांधी वाड्रा ने हरियाणा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लहर नहीं बल्कि आपके सम्मान की लहर है। प्रियंका ने किसानों जवानों और खिलाड़ियों के मुद्दे उठाए और कहा कि भाजपा ने हरियाणा का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि अगर आप बंट गए तो आपको आपका सम्मान नहीं मिलेगा। इस लहर को और मजबूत बनाइए।

By Deepak Behal Edited By: Sushil Kumar Updated: Mon, 30 Sep 2024 10:46 PM (IST)
Hero Image
प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना।

जागरण संवाददाता, अंबाला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नारायणगढ़ की धरा पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया और किसान व जवान को भी अपने भाषण का हिस्सा बनाया। गांधी ने कहा कि ये हरियाणा की धरती है। भगवान श्री कृष्ण ने यहां से संदेश दिया था। यहां के किसानों, खिलाड़ियों, जवानों ने देश का सम्मान किया। हरियाणा प्रदेश के बच्चों ने पूरे देश का सम्मान रखा।

लेकिन भाजपा ने 10 साल में आपको अपमानित किया। किसानों ने आंदोलन किया। आप खड़े रहे। आपको क्या मिला? आंसू गैस, लाठियां मिलीं। एमएसपी पर क्या मिला? हरियाणा के बच्चे कर्मठ हैं लेकिन उनको क्या मिला? अग्निवीर जैसी योजनाएं, हमारे खिलाड़ियों के साथ क्या किया गया, वह सड़क पर बैठे रहे। प्रधानमंत्री जी के पास 5 मिनट भी नहीं थे कि बात कर सकें।

आज बेरोजगारी में हरियाणा आगे है। प्रियंका ने कहा कि सैलजा व भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की लहर है। लेकिन मैं कहती हूं आपके सम्मान का लहर है। अगर आप बंट गए तो आपको आपका सम्मान नहीं मिलेगा। इस लहर को और मजबूत बनाइए।

प्रियंका ने कहा कि इस संविधान को जो बदलने की बात करते हैं, उनको आप बदल डालिए। मेरे बड़े भाई राहुल ने यात्रा निकाली है। ये दिन रात आपके सम्मान के लिए बैठे हैं। सब आपके लिए ही समर्पित हैं। राहुल जी आपके लिए जान देने के लिए तैयार हैं। साफ है कि भाजपा जा रही है... कांग्रेस आ रही है। कांग्रेस आपके लिएसमर्पित है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें