Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana News: 'वो दिल्ली से झूठ लाकर हरियाणा में परोसते हैं', CM नायब सिंह सैनी ने भूपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दिल्ली से झूठ का सामान लाकर हरियाणा में परोसते हैं। उन्होंने अपनी सरकार के दो महीने के कार्यकाल में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया जिसमें एचकेआरएम कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करना भर्ती प्रक्रिया जारी रखना किसानों को मुआवजा दिलवाना और विकास योजनाओं को लागू करना शामिल है।

By Shiv Kumar Edited By: Deepak Saxena Updated: Sun, 25 Aug 2024 08:11 PM (IST)
Hero Image
CM नायब सिंह सैनी ने भूपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना (फाइल फोटो)।

संवाद सहयोगी, लोहारू। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके चमचे दिल्ली से झूठ का सामान लाकर हरियाणा में परोसते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसान के बेटे पर अपना विश्वास जताकर मुझे मुख्यमंत्री बनाया है और दो महीने में इतने काम कर दिए कि कांग्रेस ने गत सालों में कभी नहीं किए। मैने सिर्फ घोषणाएं नहीं की बल्कि जनता के हित में कल्याणकारी योजनाएं लागू की। एचकेआरएम के तहत लगे 1.20 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लोहारू अनाज मंडी में आयोजित भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में बोल रहे थे। वित्त मंत्री जेपी दलाल की अगुवाई में आयोजित रैली को केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, जिलाध्यक्ष मुकेश गौड, वरूण श्योराण सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। रैली में सीएम के निशाने पर पूरी तरह पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा रहे और अपने दो माह के कार्यकाल की उपलब्धियां भी खूब गिनवाई। उन्होंने वित्त मंत्री जेपी दलाल को लोहारू हलके के विकास को नई दिशा देने वाला बताया।

हुड्डा अपने खातों का दें हिसाब- सीएम नायब सैनी

सीएम ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से अनेक बार पूछा है कि वे पहले अपने खातों का हिसाब तो दें। प्रदेश की जमीनें गिरवी रखवाई, एमएसपी नहीं दिलवाई, मुआवजा क्यों नहीं दिया, बुजुर्गों का सम्मान भत्ता क्यों नहीं बढ़ाया, बीपीएल कार्ड क्यों नहीं बनाए इसका जवाब तो दें। कांग्रेस ने भर्ती रोको गैंग बनाई है। इसके बावजूद भी प्रदेश में भर्ती प्रकिया चल रही है, जिनके परिणाम चार अक्टूबर के बाद आएंगे। एससी व ओबीसी चौपालों के नवीनीकरण के लिए उन्होंने 118 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

21 जून को एक कलम से भिवानी जिले के किसानों के खातों में 133 करोड़ रूपये मुआवजा डाले। मंडी में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया है कि रिकार्ड मतों से यहां कमल का फूल खिलेगा और तीसरी बार हरियाणा में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।

ये भी पढ़ें: Haryana News: 'चुनाव के लिए बीजेपी हमेशा तैयार', विपक्ष की आलोचना पर Anil Vij ने साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हर क्षेत्र में देश सुरक्षित व सशक्त है। विश्व के ताकतवर देश भी भारत की राय से फैसला लेते है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के युद्ध में भारत के छात्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साख के कारण ही सकुशल लौटे हैं। इतना ही नहीं पाकिस्तान के छात्र भी भारत का तिरंगा हाथ में लेकर अपने देश में सकुशल लौटे है।

हर गरीब के सिर पर हो छत

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि रोहतक में हमारी सरकार ने शहरी आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को 30 गज के प्लाट देने का निर्णय लिया। हमने 14 शहरों को चिन्हित भी किया। उन्होंने कहा कि चार अक्टूबर के बाद यह कार्य फिर से जारी कर दिया जाएगा। कांग्रेस के लोगों ने तो अग्नि वीरों को लेकर भी भ्रम फैलाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण देने की गारंटी दी है।

भाजपा ने लोहारू की तस्वीर को बदला: जेपी दलाल

रैली में वित्त मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के साथ-साथ लोहारू की तस्वीर को बदला है। सड़कों का जाल बिछा है। लोगों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने लोहारू में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि यह स्व चौधरी बंसी लाल की कर्मभूमि है। इस क्षेत्र में चौधरी बंसीलाल ने ईख और धान का जो सपना देखा था, उसे सपने को नहरो के आखिरी टेल तक पूरा पानी देकर भाजपा सरकार ने किया है।

लोहारू में सभी परियोजनाओं के पूरा होने के उपरांत यह क्षेत्र कृषि, बागवानी, मोटे अनाज, मछली पालन तथा पशुपालन का हब बन जाएगा। लोहारू क्षेत्र की इन परियोजनाओं को अन्य प्रदेशों के किसान देखने, जानकारी व अनुभव लेने के लिए यहां दौरा करेंगे।

ये भी पढ़ें: Haryana News: बहादुरगढ़ से इनेलो-बसपा गठबंधन का प्रत्याशी घोषित, नफे सिंह के पुत्र जितेंद्र राठी को बनाया उम्मीदवार

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर