Move to Jagran APP

इमारत कंडम घोषित, पर हुडा अधिकारी उदासीन

कंडम घोषित सेक्टर-7डी में 40 फ्लैटों की दो मंजिला इमारत को गिराने में हुडा अधिकारी सात साल से लापरवाही बरत रहे हैं।

By JagranEdited By: Updated: Tue, 10 Dec 2019 06:21 PM (IST)
Hero Image
इमारत कंडम घोषित, पर हुडा अधिकारी उदासीन

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : कंडम घोषित सेक्टर-7डी में 40 फ्लैटों की दो मंजिला इमारत को गिराने में हुडा अधिकारी सात साल से लापरवाही बरत रहे हैं। अहम बात यह भी है कि इस इमारत के आसपास रिहायशी इलाका है। एक ओर सेक्टर के अंदर जाने वाला मुख्य मार्ग है जहां दिनरात हजारों लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद गंभीरता को नजरअंदाज किया जा रहा है। हुडा द्वारा ही यह इमारत करीब सात साल पहले कंडम घोषित की जा चुकी थी। इसके बाद यहां हुडा कर्मियों से फ्लैट खाली कराए लिए गए। अकसर इमारत का कोई न कोई हिस्सा गिरता रहता है। आरडब्ल्यूए की ओर से कई बार कंडम इमारत गिराने के बारे में लिखित में शिकायत दी जा चुकी है। हुडा के संपदा अधिकारी विवेक कालिया से भी आग्रह किया जा चुका है। इसके बावजूद लापरवाही बरती जा रही है। हमारे बच्चे व अन्य लोग इमारत के आसपास से गुजरते हैं। कभी भी हादसा हो सकता है।

-आरएस मावी, प्रधान, सेक्टर-7डी, आरडब्ल्यूए। जब से फ्लैट खाली हुए हैं, यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। दिन ढलते ही इन फ्लैटों में युवक-युवतियां देखे जाते हैं। शराबी शराब पीते हैं। इससे सेक्टर का माहौल बिगड़ रहा है। विरोध करने पर युवक धमकी देते हैं।

-पवन चांदना, महासचिव अब फ्लैटों के खिड़की-दरवाजे भी चोरी हो रहे हैं। कई प्रकार से इधर-उधर लोग कब्जा कर रहे हैं। अधिकारियों को 2016 से शिकायत कर रहे हैं, पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब एक शिकायत मुख्यमंत्री व प्रदेश के गृहमंत्री को भेजी जाएगी।

-वेद खत्री, कार्यकारी सदस्य। इस जर्जर इमारत की जगह पार्क बनाना प्रस्तावित है, जिसके लिए आरडब्ल्यूए लंबे समय से संघर्ष कर रही है। सेक्टर-7डी में आसपास कोई पार्क नहीं है। पार्क की दो जगह जमीन पर स्कूल चल रहे हैं। अब फ्लैटों के अंदर लोग कूड़ा फेंकने लगे हैं।

-वाईएल चांदना, संयुक्त सचिव। सेक्टर-7 डी में जर्जर दो मंजिला इमारत को तोड़ा जाना है। इसके लिए पिछले दिनों टेंडर आमंत्रित किए थे, पर केवल एक ही आवेदन आया। इसलिए टेंडर नहीं छोड़ा गया। अब दोबारा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

-धर्मबीर वर्मा, एसडीओ सर्वे, हुडा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।