Move to Jagran APP

हाथ नहीं बदल सका हालात, फरीदाबाद की 6 सीटों में से 5 पर भाजपा का कब्जा; कांग्रेस की तुलना में निर्दलीय दिखे हावी

हरियाणा विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आ चुका है और प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। बीजेपी ने 90 में से 48 सीटें हासिल की। वहीं कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की बात करें तो यहां कि 6 सीटों में से 5 पर बीजेपी ने कब्जा किया। जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में आई। पढ़ें जीत-हार का अंतर।

By Susheel Bhatia Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Wed, 09 Oct 2024 01:30 PM (IST)
Hero Image
Faridabad vidhan sabha Election Result: जिले में फिर खिला भाजपा का कमल।

सुशील भाटिया, फरीदाबाद। Haryana Chunav Results 2024: औद्योगिक नगरी में भारतीय जनता पार्टी का कमल फिर खिल गया है। भाजपा ने छह में से पांच सीटों बल्लभगढ़, एनआईटी, बड़खल, फरीदाबाद और तिगांव पर कब्जा किया, जबकि कांग्रेस को पृथला सीट से ही संतोष करना पड़ा।

कांग्रेस का हाथ बदलेगा हालात का नारा था, पर कल-कारखानों वाले शहर में कांग्रेस के हालात बदलते नहीं दिखे। पिछले विस चुनाव यानी 2019 में भाजपा ने छह में से चार सीटें जीती थी।

पिछली बार NIT कांग्रेस के खाते में गई

तब भाजपा (Haryana BJP) के हिस्से बड़खल, फरीदाबाद (Faridabad Seat Results), तिगांव (Tigaon Seat Results) व बल्लभगढ़ (Ballabhgarh seat results )आई थीं। पृथला (Prithla Seat Results) निर्दलीय के खाते में और एनआईटी कांग्रेस के खाते में गई थी। उससे तुलना करें तो इस बार एक सीट अधिक जीत कर भाजपा अपना प्रदर्शन और बेहतर करने में सफल रही है।

पहले बात करते हैं ऐतिहासिक नगरी बल्लभगढ़ सीट की, यहां से भाजपा के मूलचंद शर्मा (Mool Chand Shamra) चुनाव जीतने में सफल रहे। मूलचंद शर्मा प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री भी हैं, इस नाते उनके लिए यह सीट प्रतिष्ठा का प्रश्न थी। मूलचंद शर्मा के समक्ष कांग्रेस ने पराग शर्मा के रूप में नया चेहरा उतारा था, पर चुनावी रण में उनके समक्ष मुख्य मुकाबला शारदा राठौर दिखा।

शारदा राठौर 17730 वोटों के अंतर से हारी

मूलचंद शर्मा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी व दो बार की पूर्व विधायक शारदा राठौर को 17730 वोटों के अंतर से हरा कर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट-ट्रिक बनाई। यहां निर्दलीय मैदान में उतरे राव रामकुमार 23054 वोट लेकर अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रहे। राव रामकुमार पहली बार चुनाव लड़ रहे थे। कांग्रेस की पराग शर्मा को 8627 वाेट मिले।

अब आते हैं एनआईटी सीट (NIT Seat Results) पर, यहां पर कभी भी भाजपा का कमल नहीं खिला था। इस बार केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के कहने पर पार्टी ने नए सूरमा के रूप में सतीश फागना को उतारा और वह कांग्रेस के नीरज शर्मा जो निवर्तमान विधायक हैं को 33217 वोट से हराने में सफल रहे।

धनेश अदलखा कांग्रेस के विजय प्रताप सिंह को दी मात

पड़ोसी सीट बड़खल पर भी भाजपा ने धनेश अदलखा के रूप में नए सूरमा को उतारा था। यहां धनेश अदलखा कांग्रेस के विजय प्रताप सिंह पर 6191 वोटों के अंतर से अप्रत्याशित जीत दर्ज करने में सफल रहे।

फरीदाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा के विपुल गोयल ने कांग्रेस के लखन सिंगला पर 48388 पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की। हॉट सीट कही जाने वाली फरीदाबाद (Faridabad News) पर सभी की नजरें थीं, क्योंकि विपुल गोयल दस साल बाद चुनाव लड़ रहे थे और लखन सिंगला का यह लगातार तीसरा चुनाव था।

तिगांव सीट पर भाजपा के राजेश नागर के सामने निर्दलीय ललित नागर व कांग्रेस के रोहित नागर के रूप में कड़ी चुनौती थी। ललित नागर को कांग्रेस टिकट न मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरना पड़ा और सहानुभूति की लहर पर सवार होकर उन्होंने 56828 वोट तो लिए, पर राजेश नागर से पार नहीं पा सके। राजेश नागर ने उन्हें 37401 के बड़े अंतर से हराया।

पृथला सीट पर कांग्रेस विजयी

पृथला सीट पर कांग्रेस के रघुबीर तेवतिया जीत दर्ज करने में सफल रहे। भाजपा के टेकचंद शर्मा यहां दूसरे नंबर पर रहे। रघुबीर तेवतिया ने उन्हें 20541 वोटों के अंतर से हराया। यहां मौजूदा विधायक नयनपाल रावत 22023 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। निर्दलीय मैदान में उतरे दीपक डागर ने भी यहां 16055 वोट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया।

किस सीट पर क्या रहा प्रदर्शन

विधानसभा : पृथला

जीते प्रत्याशी का नाम : रघुबीर तेवतिया

पार्टी : कांग्रेस

वोट मिले : 70262

हारे : टेकचंद शर्मा, भाजपा

वोट मिले- 49721

जीत का अंतर 20541

विधानसभा : फरीदाबाद एनआईटी

जीते प्रत्याशी का नाम : सतीश फागना

पार्टी : भाजपा

वोट मिले : 91992

हारे : नीरज शर्मा, कांग्रेस

वोट मिले : 58775

जीत का अंतर 33217

विधानसभा : बड़खल

जीते प्रत्याशी का नाम : धनेश अदलखा

पार्टी : भाजपा

वोट मिले : 79476

हारे : विजय प्रताप सिंह, कांग्रेस

वोट मिले : 79476

जीत का अंतर 6181

विधानसभा : फरीदाबाद

जीते प्रत्याशी का नाम : विपुल गोयल

पार्टी : भाजपा

वोट मिले : 93651

हारे : लखन सिंगला, कांग्रेस

वोट मिले : 45263

जीत का अंतर 48388

विधानसभा : बल्लभगढ़

जीते प्रत्याशी का नाम : मूलचंद शर्मा

पार्टी : भाजपा

वोट मिले : 61806

हारे : शारदा राठौर, निर्दलीय

वोट मिले : 43992

जीत का अंतर 17894

विधानसभा : तिगांव

जीते प्रत्याशी का नाम : राजेश नागर

पार्टी : भाजपा

वोट मिले : 94229

हारे : ललित नागर, निर्दलीय

वोट मिले : 56828

जीत का अंतर 37401

यह भी पढ़ें: Haryana Chunav Results 2024: हरियाणा की वो सीट जहां बीजेपी ने रचा इतिहास, पहली बार मिला विधायक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।