Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बारिश से औद्योगिक नगरी पानी-पानी, जलभराव की वजह से ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास रहा तीन घंटे बंद, जाम से लोग रहे परेशान

Rain In Faridabad फरीदाबाद में भारी बारिश होने के कारण तीन घंटे तक ओल्ड फरीदाबाद का अंडरपास बंद रहा। जिस कारण से लोगों को भारी परेशानी हुई। नगर निगम टीम ने सुबह 7 से 10 के बीच में जाम हुआ पानी को निकाला। वर्षा के कारण खासकर नीलम और बाटा फ्लाइओवर पर जाम की स्थिति दिखाई दी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

By deepak pandey Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Wed, 28 Aug 2024 05:51 PM (IST)
Hero Image
ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास से ऑटो निकालता युवक। जागरण फोटो

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। (Faridabad Weather) वर्षा की वजह से जलभराव होने के कारण नगर निगम को बुधवार को सुबह तीन घंटे ओल्ड अंडरपास और एनएचपीसी अंडरपास बंद करना पड़ा। सुबह सात से दस बजे अंडरपास से पानी निकालने का काम किया गया। इसके बाद वाहनों के आवागमन के लिए उसको खोला गया।

व्यस्त समय में अंडरपास बंद होने की वजह से पूरे शहर में जाम की स्थिति बन गई। खासकर नीलम और बाटा फ्लाइओवर पर वाहनों का दवाब बढ़ गया। अजरौंदा चौक से नीलम फ्लाईओवर के जरिए एनआईटी में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ओल्ड अंडरपास के खुले रहने से दिल्ली की तरफ से आने वाले लोग एनआईटी एक-दो, तीन-चार-पांच में इसी का प्रयोग करते हैं। अब इन लोगों को अजरौंदा चौक के रास्ते आना पड़ा।

एहतियात के तौर पर बंद कराए जाते हैं अंडरपास

वर्षा के बाद एहतियात के तौर पर अंडरपास को ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर नगर निगम बंद करा देता है। क्योंकि जलभराव होने के बाद भी लोग जल्दी के चक्कर में अंडरपास से निकलने का रिस्क उठाते हैं। जिसके चक्कर में वह जलभराव में फंस जाते है।

साल 2022 में एनएचपीसी अंडरपास के जलभराव में बच्चों से भरी हुई स्कूली बस फंस गई थी। बस से बच्चों को निकालने के लिए प्रशासन और नगर निगम के कर्मचारियों को काफी मेहनत करनी पड़ी थी।

इसी तरह साल 2023 में भी ओल्ड अंडरपास में भी स्कूली बस फंसने का मामला सामने आया था। इसके बाद नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने निर्णय लिया था कि जलभराव के बाद बैरिकेड लगाकर अंडरपास को बंद कर दिया जाएगा। पानी निकालने के बाद ही इसको खोला जाएगा। शहर के दोनों अंडरपास में पानी निकालने के लिए तीन मोटर लगाई गई है।

ट्रैफिक पुलिस को भी करनी पड़ी मशक्कत

अजरौंदा, नीलम और बाटा फ्लाईओवर पर जाम लगने की वजह से ट्रैफिक पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रैफिक एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि अंडरपास बंद होने से पहले ही जाम का अंदेशा था। इसलिए सभी जगहों पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था। बड़े वाहनों की एंट्रो सुबह के समय में फ्लाइओवर पर रोक दी गई थी। हालांकि 10 बजे के बाद स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो गई थी।

जलभराव की वजह से सुबह के समय अंडरपास बंद किया गया था। तीन घंटे पानी निकालने के बाद बैरिकेड हटा दिया गया है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जलभराव के समय अंडरपास बंद कर दिया जाता है।

नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम

यह भी पढ़ें: Haryana Election: गुर्जर और पंजाबी उम्मीदवार के बीच फंसेगा कांग्रेस के टिकट का पेंच, ये हैं प्रमुख दावेदार

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर