Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अरे! ये किसको मार दिया? फरीदाबाद से पलवल तक पीछा कर युवक के सीने में मारी गोली, चेहरा देख चकरा गए बदमाश

फरीदाबाद से पलवल तक बदमाशों ने एक कार का पीछा किया और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। कार सवार युवक के सिर और सीने में गोली मार दी। इसके बाद युवक का चेहरा देखकर बोले ये तो गलत आदमी को मार दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

By Parveen Kaushik Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sat, 24 Aug 2024 12:36 PM (IST)
Hero Image
बदमाशों ने कार का पीछा कर चलाईं गोलियां, एक युवक घायल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। बेखौफ बदमाशों ने फरीदाबाद से लेकर पलवल तक एक कार का पीछा किया। इस दौरान गोलियां चलाते रहे। कार में दो युवक व तीन महिलाएं थी। बचने के चक्कर में कार सवार ने हाईवे पर गाड़ी दौड़ा दी थी। बदमाशों ने पीछा नहीं छोड़ा। गदरपुर टोल से आगे एक गोली कार चलाने वाले के बराबर में बैठे युवक के सिर में लगी।

युवक की हालत नाजुक

बदमाश इतने पर भी नहीं माने। उतरकर दूसरी गोली छाती में मारी और फरार हो गए। घायल को एसएसबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने पर पलवल और फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय हुई। मामले की जांच की जा रही है।

तेज रफ्तार में भगाई कार

एनआइटी पांच नंबर में रहने वाली श्वेता गुलाटी ने बताया कि वह और बेटा हर्षित, घर पर किराये पर रहने वाला आर्यन मिश्रा व और दो अन्य घर की महिलाएं वर्धमान मॉल के पास से मैगी खाकर लौट रही थी। इतने में पटेल चौक के पास पीछे से कार सवार युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। कार चला रहा हर्षित समझ गया कि कुछ गड़बड़ है। उसने कार तेज रफ्तार में भगा दी।

हाईवे पर पीछे से गोली चलाते रहे बदमाश

उधर, कार न रुकने पर बदमाशों ने गोली चलानी शुरू कर दी। हर्षित ने कार सेक्टर-21 से होते हुए हाईवे पर ले आया। बदमाश लगातार पीछा कर रहे थे। इसके बाद हर्षित ने कार सीधे पलवल की ओर भगा दी।

बदमाश भी पीछा छोड़ने वाले नहीं थे। गदपुरी टोल के बैरियर को तोड़ते हुए हर्षित की कार आगे बढ़ी। तभी बदमाशों द्वारा की जा रही फायरिंग में से एक गोली हर्षित के बराबर में बैठे आर्यन मिश्रा के सिर में लग गई। वह बेहोश हो गया।

चेहरा देखा तो चकराए बदमाश

हर्षित ने कार रोक दी और सभी बाहर निकल जाए। उधर बदमाश भी आ गए। परिवार के सभी सदस्य हाथ ऊपर कर खड़े हो गए। बदमाशों ने आर्यन को एक और गोली मारी, लेकिन जब उसका चेहरा देखा तो बोले, यह तो कोई और है। इसके बाद वह भाग गए। परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल को लेकर तुरंत फरीदाबाद आए।

शैंकी को मारने आए थे बदमाश

श्वेता ने बताया कि बदमाश उनके दूसरे बेटे शैंकी को मारने आए थे। क्योंकि कार शैंकी की थी। बदमाशों ने समझा कि कार में शैंकी बैठा है। उसने बताया कि 11 मई को एक नंबर की रहने वाले पुलकित भाटिया, पीयूष, भूरी व कई अन्य का पांच नंबर के ही रहने वाले करण शर्मा,यश शर्मा और अक्षय शर्मा के साथ झगड़ा हुआ था। इसमें करण शर्मा व अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया और वह फिलहाल जेल में हैं।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

उस समय उनका बेटा करण शर्मा व अन्य के साथ था। इसलिए बदमाश शैंकी से भी रंजिश रख रहे थे और उसे जान से मार देना चाहते हैं। श्वेता के मुताबिक कई गोलियां उनकी गाड़ी में भी लगी है जो फिलहाल बड़खल पेट्रोल पंप के पास में खड़ी है।

उन्होंने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं कि किस तरह फिल्मी स्टाइल में बदमाश लगातार कार का पीछा करते रहे और गोली चलाते रहे। उन्होंने बदमाशों को जल्द पकड़ने का आग्रह किया है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर