Move to Jagran APP

Haryana Chunav Results 2024: हरियाणा की वो सीट जहां बीजेपी ने रचा इतिहास, पहली बार मिला विधायक

Haryana Election 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की मतगणना मंगलवार संपन्न हुई। इस चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस को पटखनी दी और प्रदेश में लगातार तीसरी बार अपनी सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल किया। इसी कड़ी में फरीदाबाद लोकसभा की एनआईटी सीट पर भाजपा ने कमल खिलाया। नए सूरमा सतीश फागना ने पहली बार पार्टी को यहां से जीत दिलाई।

By Anil Betab Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Wed, 09 Oct 2024 12:56 PM (IST)
Hero Image
NIT विधानसभा सीट से विजय हासिल करने के बाद भाजपा के सतीश फागना।

अनिल बेताब, फरीदाबाद। एनआईटी सीट के चुनावी रण में भाजपा ने सतीश कुमार फागना के रूप में नया सूरमा उतारा था।सतीश ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए पहली बार में ही कमल खिला दिया है। एनआइटी में आज तक भाजपा नहीं जीती थी और सतीश ने यह कसर भी पूरी कर दी।

सतीश कुमार फागना ने कुल 91992 वोट लेकर 33217 मतों से जीत हासिल की है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नीरज शर्मा को हराया। नीरज शर्मा मौजदा विधायक थे। परिसीमन के बाद 2009 में अस्तित्व में आई एनआईटी सीट पर पहली बार पंडित शिवचरण लाल शर्मा निर्दलीय चुनाव जीत कर विधायक बने थे।

2014 में एनआईटी से नगेंद्र भड़ाना ने मारी थी बाजी

तब हुड्डा सरकार में उन्हें श्रम मंत्री बनाया गया था। 2014 में एनआईटी से इनेलो के टिकट पर नगेंद्र भडाना विधायक थे, फिर 2019 में कांग्रेस के टिकट पर नीरज शर्मा विधायक बने थे। इस तरह से एक बार भी यहां भाजपा प्रत्याशी जीत दर्ज करने में असफल रहे थे।

अब एनआईटी से भाजपा के सतीश कुमार फागना ने पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। सतीश कुमार फागना के पिता चौ. जिले सिंह वरिष्ठ उप महापौर रहे हैं। इनके भाई कविंद्र चौधरी भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं और भाभी ममता चौधरी निवर्तमान पार्षद हैं।

अब के चुनाव परिणाम के शुरुआती राउंड की बात करें तो सतीश फागना छह राउंड तक पीछे चल रहे थे। छह राउंड तक नीरज शर्मा 1066 वोटों से बढ़त बनाए हुए थे। जैसे ही सातवें राउंड का परिणाम आया तो इसमें सतीश कुमार फागना ने 24298 वोट लेकर 719 वोटों से बढ़त बना ली थी।

सतीश कुमार फागना ने बढ़त को बनाए रखा

इसके बाद भी बढ़त जारी रही। आठवें राउंड तक कांग्रेस के नीरज शर्मा 25769 वोट लेकर दूसरे नंबर थे। इस राउंड तक सतीश कुमार फागना ने 29795 वोट लेकर 3936 की बढ़त बनाई हुई थी। नौंवे, दसवें, ग्यारहवें राउंड में भी बढ़त का सिलसिला जारी रहा।

ऐसे ही 12वें राउंड में आते-आते सतीश कुमार फागना 49558 वोट लेकर 14147 वोट की बढ़त बनाए हुए थे। आखिरी राउंड तक यही स्थिति जारी रहा। नीरज शर्मा 58775 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। इनेलो, बसपा गठबंधन प्रत्याशी नगेंद्र भडाना 29549 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे।

जजपा के हाजी करामत अली को 8774 वोट मिले। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से नीरज शर्मा, करामत अली और नगेंद्र भड़ाना को अधिक वोट मिले, मगर कालॉनियों के कई बूथों पर भाजपा की स्थिति दमदार रही।

चुनाव परिणाम पर एक नजर

सतीश कुमार फागना, भाजपा-91992

नीरज शर्मा, कांग्रेस-58775

नगेंद्र भड़ाना, इनेलो-29549

हाजी करामत अली, जजपा-8774

रवि डागर-आम आदमी पार्टी-1415

यह भी पढ़ें: Faridabad Vidhan Sabha Chunav 2024: फरीदाबाद की इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा, जानें पल-पल का अपडेट्स

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।