Move to Jagran APP

Haryana New Cabinet: विपुल गोयल फिर बने हरियाणा सरकार में मंत्री, तिगांव से विधायक राजेश नागर को भी मिला इनाम

नायब सिंह सैनी दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। नायब सिंह सैनी की नई सरकार में तिगांव से दूसरी बार विधायक बने राजेश नागर और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक बने और पूर्व में मनोहर सरकार में उद्योग मंत्री रहे विपुल गोयल मंत्री बन गए हैं। पंचकूला में हुए शपथ ग्रहण समारोह में दोनों ने शपथ ली।

By Susheel Bhatia Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 17 Oct 2024 02:24 PM (IST)
Hero Image
राजेश नागर और विपुल गोयल ने ली मंत्री पद की शपथ। एएनआई

सुशील भाटिया, फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी एनआइटी का आज 75वां स्थापना दिवस है और इस खास अवसर वाले दिन जिले के लोगों के लिए खास खबर यह आ गई है कि औद्योगिक जिले के विधायक विपुल गोयल को नायब सिंह सैनी की सरकार में मंत्री पद मिल गया है।

बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में नायब सिंह सैनी के साथ ही अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें विपुल गोयल भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें-

Nayab Singh Saini Oath Taking Live: दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे नायब सैनी, अनिल विज और इन विधायकों का मंत्री बनना तय

दूसरी बार मंत्री बने विपुल गोयल

विपुल गोयल 2014 में फरीदाबाद विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे। तब मनोहर लाल मुख्यमंत्री बने थे और उन्होंने जब मंत्रिमंडल का विस्तार किया था तो विपुल गोयल को भी मंत्री बनाया था। विपुल गोयल तब उद्योग मंत्र बने थे। 2019 में विपुल गोयल को टिकट नहीं मिला था, पर उन्होंने सब्र रखा था और उन्हें संगठन में प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष बनाया गया था।

अब 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर टिकट दिया गया और कांग्रेस प्रत्याशी लखन सिंगला को 48 हजार से अधिक वोटों के अंतर से पराजित कर दूसरी बार विधायक बने और अब मंत्री पद की शपथ लेते दिखाई देंगे।

मनोहर सरकार पार्ट-वन में कैबिनेट मंत्री रहते हुए विपुल गोयल ने उद्योग मंत्री के रूप में हरियाणा को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में 14वें स्थान से तीसरे स्थान पर लाकर बड़ी उपलब्धि प्रदेश सरकार के खाते में दर्ज कराई थी। पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए विपुल गोयल ने फरीदाबाद क्षेत्र में दो घंटे में दो लाख 35 हजार पौधे लगाने का रिकार्ड भी बनाया था।

राजेश नागर को लगातार दूसरी बार जीतने का इनाम

तिगांव में लगातार दूसरी बार भाजपा का कमल खिला कर विधायक बने राजेश नागर को इसका इनाम मंत्रीपद के रूप में मिला है। दैनिक जागरण से बातचीत में राजेश नागर ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि उन्हें मंत्रीपद की शपथ लेने के लिए फोन आया था। उनके शपथ के साथ ही यह सत्य भी हो गया है।

राजेश नागर 2014 में पहली बार चुनाव लड़े थे पर कांग्रेस के ललित नागर के सामने हार गए थे। पार्टी ने राजेश नागर पर भरोसा जताते हुए 2019 में फिर टिकट दिया और इस बार कांग्रेस के ललित नागर को हरा कर विधायक बने।

संघर्षशील व्यक्तित्व वाले राजेश नागर को पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनाव में भी टिकट दिया और इस बार फिर ललित नागर को 37 हजार से अधिक वोटों के अंतर से चुनाव जीत कर लगातार दूसरी बार कमल खिलाया। सौम्य स्वभाव वाले राजेश नागर के आलाकमान के साथ अच्छे संबंध हैं। विपुल गोयल व राजेश नागर के मंत्री बनने की सूचना आने के बाद से उत्साह का माहौल है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।