Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Faridabad News: सफाई कर्मचारियों के वेतन पर 7.5 करोड़ से अधिक खर्च, फिर भी शहर का हाल खराब

26 लाख से अधिक आबादी वाले शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ी हुई है। सोमवार को प्रथम पातशाही गुरुनानक देव जी का प्रकाश उत्सव है। इस मौके पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से मार्केट नंबर एक से नगर कीर्तन निकलेगा। जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया जाएगा। गुरुद्वारों में शबद-कीर्तन भी हाेंगे। ऐसे में भी नगर निगम की ओर से सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

By Anil BetabEdited By: Abhishek TiwariUpdated: Sun, 26 Nov 2023 11:03 AM (IST)
Hero Image
26 लाख से अधिक आबादी वाले शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ी हुई है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद।  26 लाख से अधिक आबादी वाले शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ी हुई है। सोमवार को प्रथम पातशाही गुरुनानक देव जी का प्रकाश उत्सव है।

इस मौके पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से मार्केट नंबर एक से नगर कीर्तन निकलेगा। जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया जाएगा। गुरुद्वारों में शबद-कीर्तन भी हाेंगे।

ऐसे में भी नगर निगम की ओर से सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस समय शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कचरा फैला नजर आ रहा है। कन्फेडरेशन आफ आरडब्ल्यूए ने बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई है।

तीन हजार सफाई कर्मचारियों का वेतन 7.5 करोड़

नगर निगम के पास एनआइटी, ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के लिए अनुबंधित तथा स्थायी कर्मचारियों की संख्या लगभग तीन हजार है।

विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की जिम्मेदारी सफाई कर्मचारियों की है। यह कार्य नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा के अंतर्गत आता है।वर्तमान हालात देंखे तो गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों पर कचरा नजर आता है।

कई जगह तो सफाई कर्मचारी की खत्तों पर कचरा डाल देते हैं। वहां खत्तों से कचरा उठाने की जिम्मेदारी ईकोग्रीन की है। ईकोग्रीन के पास वाहनों की संख्या कम है। ऐसे में प्रतिदिन नियमित रूप से खत्तों से कचरा नहीं उठता है।

हमने सोमवार को गुरुद्वारा कमेटी की ओर से नगर कीर्तन निकालने की तैयारी की है।नगर निगम से मांग की है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों की सफाई की जाए। निगम अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि स्वच्छता अभियान को गति दी जाएगी।

-मनजीत चावला, प्रधान, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मार्केट नंबर एक

कई दिनों जगह-जगह कचरा फैला दिखाई देता है। पर्व-त्योहार के मौके पर तो नगर निगम को सफाई पर ध्यान देना चाहिए।

-हरबंस सेठी, प्रधान, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा नंबर पांच

नीलम चाैक और पांच नंबर में कई जगह सड़क पर ही कचरा फैला दिखाई देता है। स्वच्छता है तो स्वास्थ्य है। नगर निगम को सफाई पर ध्यान देना चाहिए।

डॉ. पीसी सेठ, वरिष्ठ सदस्य, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन।

नगर निगम के पास सफाई कर्मचारियों की कमी नहीं है। जरूरत है तो सही निरीक्षण की। निगम की स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को गंभीर होने की जरूरत है।

-एनके गर्ग, चेयरमैन, कन्फेडरेशन आफ आरडब्ल्यूए

कई जगह शिकायत आ रही है कि प्रतिदिन नियमित रूप से खत्तों से कचरा नहीं उठा रहा है। हमारे पर वाहनों की कमी थी। अब दो-तीन दिन में छह-सात नए वाहन आ जाएंगे। शहर के प्रमुख खत्तों से प्रतिदिन दो बार कचरा उठाया जाएगा। -

अनंत नाथ सूथू, सहायक महाप्रबंधक ईकोग्रीन।

कचरा न उठे तो यहां करें शिकायत

  • अगर आपके क्षेत्र में कचरा एकत्र करने को वाहन नहीं आ रहा है तो
  • आप टोल फ्री नंबर 18001025953 पर शिकायत जरूर दर्ज करवाएं।

हम स्वच्छता के मामले में लगातार बेहतर करने का प्रयास कर रहे हैं। मैंने स्वयं भी फील्ड में जाकर निरीक्षण करना शुरू किया है। धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। सामाजिक संगठनों को आगे आना चाहिए। आम नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छता के मामले में बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

-ए माेना श्रीनिवासन, निगमायुक्त