Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का कल अंतिम दिन, चुनाव खत्म होने के बाद शुरू होगी सीलिंग की कार्रवाई

कल यानी 30 सितंबर को प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का आखिरी दिन है। इसके बाद ब्याज लगेगा। ऑनलाइन टैक्स जमा करने में परेशानी आ रही है क्योंकि शहरी स्थानीय निकाय की साइट पिछले चार दिनों से बंद है। चुनाव खत्म होने के बाद नगर निगम बड़े बकायेदारों पर सीलिंग की कार्रवाई शुरू करेगा। प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी की वजह से टैक्स वसूली की रफ्तार काफी धीमी है।

By deepak pandey Edited By: Sonu Suman Updated: Sun, 29 Sep 2024 05:04 PM (IST)
Hero Image
प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का कल अंतिम दिन।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। चुनावी मौसम में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। सोमवार को प्रॉपर्टी टैक्स यानी गृह कर जमा करने का अंतिम दिन है। इसके बाद लोगों को ब्याज की राशि भी देनी होगी।

लोगों का कहना है कि वह ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकते हैं, लेकिन साइट न चलने की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले चार दिन से शहरी स्थानीय निकाय की साइट नहीं चल रही है। चुनाव खत्म होने के बाद नगर निगम बड़े बकायेदारों पर सीलिंग की कार्रवाई शुरू करेगा। 

प्रापर्टी आईडी दुरुस्त नहीं होने की वजह से रफ्तार धीमी

प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी की वजह से निगम की ओर से टैक्स वसूली की रफ्तार काफी धीमी है। निजी एजेंसी की ओर से बनाई गई प्रापर्टी आईडी में से करीबन एक लाख प्रॉपर्टी आईडी में गड़बडी थी। इन आईडी में सुधार को लेकर समय लगा। क्योंकि बिना आईडी में सुधार के टैक्स नहीं जमा किया जा सकता है। नगर निगम आबकारी ब्रांच के अनुसार 2024-25 में 184 करोड़ रुपये की टैक्स वसूली का टारगेट निर्धारित किया गया हैं।

अभी तक केवल शहर मे 25 प्रतिशत आईडी में ही सुधार हो पाया है। पूरे शहर में 5.77 लाख प्रापर्टी आईडी है। शहरी स्थानीय निकाय के नए आदेश से निगम की परेशानी बढ़ गई है। जिसमें प्रापर्टी आईडी के काम से तकनीकी स्टाफ को हटाने को कहा गया है। निकाय का कहना है कि तकनीकी स्टाफ प्रापर्टी आईडी में जुटने से बाकी विकास कार्याें पर असर पड़ रहा है।

चुनावी ड्यूटी की वजह से हेल्प डेस्क भी बंद

चुनावी ड्यूटी की वजह से हेल्प डेस्क भी बंद हो गई है। प्रॉपर्टी आईडी को लेकर आने वाली शिकायतों को अतिरिक्त आयुक्त स्वप्निल पाटिल देख रहे थे। प्रतिदिन वह शिकायतों का निपटारा भी करते थे। पिछले एक माह से चुनावी ड्यूटी में व्यस्त होने की वजह से शिकायत का निपटारा नहीं हो पा रहा है। फाइले पेंडिंग पड़ी है।

टैक्स जमा करने को लेकर सोमवार को अंतिम दिन है। लोगों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक टैक्स जमा करके ब्याज माफी का लाभ उठाए। इसके बाद उनको पूरे ब्याज के साथ अपना टैक्स जमा करना पड़ेगा। चुनाव के बाद बकायेदारों पर सीलिंग अभियान भी चलाया जाएगा। इसकी लिस्ट भी तैयार है। - पदम ढांडा, जोनल टैक्स अधिकारी नगर निगम

यह भी पढ़ेंः हरियाणा में चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल: फरीदाबाद में AAP प्रत्याशी ने छोड़ा मैदान, भाजपा प्रत्याशी को दिया समर्थन

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें