पहले कारोबारी को प्यार के जाल में फंसाया, फिर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर करती रही वसूली
फरीदाबाद में लिफ्ट लेकर कारोबारी को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पहले कारोबारी को अपने जाल में फंसा लिया और फिर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर वसूली करती रही। महिला की मांग से तंग आकर कारोबारी ने पुलिस को इसकी शिकायत दी है। उसकी नेहरू प्लेस में लैपटॉप रिपेयर की शॉप है।
प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। लिफ्ट लेकर कारोबारी से मेल-जोल बढ़ाकर एक महिला ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। फिर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने लगी। महिला का साथ उसके पति सहित अन्य ने दिया। जब महिला की वसूली से पीड़ित परेशान हो गया तो पुलिस को शिकायत दी।
लिफ्ट के बहाने की थी मुलाकात
थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में रहने वाले प्रवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह नेहरू प्लेस, दिल्ली में लैपटॉप रिपेयर का काम करता है। सात जुलाई 2022 की शाम करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर काम खत्म कर घर वापस लौट रहा था। नेहरू प्लेस टर्मिनल के सामने पहुंचा तो उसे एक महिला मिली। उसने उससे लिफ्ट मांगी। उसने उसे लिफ्ट दी।
पेटीएम से कई बार भेजे पैसे
बातचीत के दौरान उसने अपना नाम अनीता बताया और कहा कि वह इस्माईलपुर फरीदाबाद की रहने वाली है। महिला ने उससे उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में बात करने लगी। उससे मेल-जोल बढ़ा लिया। धीरे-धीरे से किसी न किसी बहाने से उससे पैसे मांगने लगी। उसने उसे कई बार पैसे पेटीएम किए।
अनीता की पैसों की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। उसकी नीयत में खोट देख, उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर वह गुस्सा हो गई और कहा कि यदि तुमने मुझे पैसे नहीं दिए तो वह उसके खिलाफ झूठे दुष्कर्म केस में फंसा देगी। उसने यह भी कहा कि इससे पहले भी वह कई मुकदमे दर्ज करा चुकी है। इसके बाद वह दबाव में आ गया।
आरोपित महिला ने उससे लाखों रुपये हड़प लिए। अनीता के साथ-साथ उसके पति मक्खन व ऑटो चालक अफजल खान व अन्य व्यक्तियों ने भी उससे पैसे हड़पने में महिला का साथ दिया। आखिर में परेशान होकर इस मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।