Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'कांग्रेस वो नाम है जो देश की हर समस्या के लिए है जिम्मेदार', फरीदाबाद की रैली में जमकर बरसे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कांग्रेस की वजह से 65 साल तक नहीं हो सका। 2014 में मोदी जी प्रधानमंत्री बने और 2017 में उत्तर प्रदेश में मोदी जी के आशीर्वाद से सीएम बना। वहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और मंदिर बनाने का रास्ता साफ होने लगा।

By Jagran News Edited By: Pooja Tripathi Updated: Sat, 28 Sep 2024 02:47 PM (IST)
Hero Image
सीएम योगी पहुंचे चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे फरीदाबाद।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। हरियाणा में चुनाव के लिए मात्र एक हफ्ते का समय बचा है, ऐसे में सभी पार्टियां राज्य के अलग-अलग जिलों में धुआंधार प्रचार कर रही हैं। इसी कड़ी में भाजपा के स्टार प्रचारक और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरीदाबाद पहुंचे।

सीएम योगी ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सतीश फागना के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मंच पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित प्रदेश के उद्योग मंत्री मूल चंद शर्मा, बड़खल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धनेश अदलखा, पृथला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी टेक चंद शर्मा, निवर्तमान विधायक नरेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्री राम के घोष से शुरू हुआ। वह बोले, पूरी दुनिया इस बात को जानती है कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद रामलला अपनी जगह पर विराजमान हुए। अयोध्या में भव्य मंदिर बने, रामलला अपने स्थान पर विराजमान हों इसके लिए 76 लड़ाई लड़ी गई।

कांग्रेस 1947 में ही राममंदिर बनवा सकती थी

सीएम योगी आगे बोले, वर्ष 1947 के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तुरंत होना चाहिए था, पर कांग्रेस इस समस्या का समाधान 65 वर्षों में नहीं कर पाई।

2014 में मोदी जी प्रधानमंत्री बने और 2017 में उत्तर प्रदेश में मोदी जी के आशीर्वाद सीएम बना। वहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और मंदिर बनाने का रास्ता साफ होने लगा।

सीएम योगी ने आगे कहा, 'कांग्रेस' यह समस्या का नाम है। देश की जितनी भी समस्या हैं यह सब कांग्रेस की देन हैं। देश के विभाजन की त्रासदी, देश को जाति-भाषा में बांटा, देश को आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद और अराजकता की भट्टी में धकेलने का कार्य किया है कांग्रेस ने।

देश में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और भाई भतीजावाद की प्रकृति को फैलाने कार्य रहा हो यह सभी कांग्रेस की देन है। कांग्रेस देश की हर समस्या का नाम है और दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी है, जो समाधान करती है।

सीएम योगी ने सुनाया जम्मू-कश्मीर का एक किस्सा

सीएम योगी ने जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार का अपना एक अनुभव बताते हुए कहा कि मैं कल और परसों दो दिन जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए गया था। जम्मू में बारिश पड़ रही थी, मैं एयरपोर्ट के अंदर गया था तो अचानक से आवाज आई। एक सज्जन बोल रहे थे राम-राम जी, मैंने देखा कि कहां से आवाज आ रही है। नजर करने पर पता चला कि एक मौलवी राम-राम कर रहे हैं, यह धारा 370 के हटने का प्रभाव है।

उन्होंने लोगों से पूछा, यूपी में भाजपा की सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश में किसी दंगे का नाम सुना है, क्या साढ़े सात वर्ष में। आज से साढ़े सात वर्ष पहले हर दूसरे, तीसरे दिन एक दंगा होता था हर दूसरे-तीसरे दिन कभी मुजफ्फरनगर का दंगा, बरेली के दंगा हो, चाहे वहां मथुरा का जवाहर पार्क का कांड की घटनाएं लगातार हो रही थी, अब कोई दंगा नहीं है।

हरियाणा में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई। डबल इंजन की सरकार में सुरक्षा भी है तो सुशासन भी है, विकास भी है। बेहतर भविष्य की कार्य योजना भी बन रही है और इसीलिए हम कहने के लिए आए हैं, सुरक्षा के लिए, सुशासन के लिए, विकास के लिए एक बार फिर हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आवश्यक है।

डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा का विकास किया

मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार केंद्र में है और हरियाणा में नायब सिंह सैनी की सरकार जरूरी है। डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा में विकास किया है, मोदी जी के मार्गदर्शन में विकास किया है।

नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा लगातार विकास के नए प्रतिमानों को आगे बढ़ा रहा है और इसीलिए मैं आपसे अपील करने के लिए आया हूं। विकास के डबल इंजन सरकार की डबल स्पीड जो बनी हुई है, उसे बनाए रखने के लिए भाजपा के प्रत्याशी सतीश फागना, बड़खल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धनेश अदलखा पृथला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी टेक चंद शर्मा और बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा को विजयी बनाएं।

विकास और विरासत की यात्रा को बेहतर बनाने के लिए, भारत की आस्था को एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में अग्रसर करने के लिए और विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार की राजनीति की जनक कांग्रेस को समाप्त करने के लिए हम भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें