Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Politics: भाजपा के साथ सरकार चला रहे डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को लगा बड़ा झटका, 150 JJP नेताओं ने छोड़ी पार्टी

Deputy CM Dushyant Chautala जननायक जनता पार्टी (जजपा) के संस्थापक सदस्य और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला गुरुग्राम में बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी के 150 कार्यकर्ताओं ने जजपा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली है।

By Jp YadavEdited By: Updated: Sat, 17 Sep 2022 10:24 AM (IST)
Hero Image
हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की फाइल फोटो।

गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के संस्थापक सदस्य और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के विशेष सचिव रहे महेश चौहान सहित लगभग 150 जजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा का दामन थामन लिया। इनमें कई हलका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने सभी को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में पटका पहनाकर शामिल कराया। इस दौरान उन्होंने सभी को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया। विश्वास दिलाया कि भाजपा में आने वाले सभी को वरिष्ठता के हिसाब से मान-सम्मान दिया जाएगा। भाजपा की विचारधारा पसंद करने वाले हर व्यक्ति का भाजपा में स्वागत है।

लगाए गए भारत माता जय के नारे

इस मौके पर ओमप्रकाश धनखड़ ने साफ किया कि जजपा के साथ गठबंधन मजबूत है और आगे भी मजबूत रहेगा। भाजपा विचारों की पार्टी है। जिनको भाजपा की विचारधारा पसंद आ रही है वे पार्टी में शामिल हो रहे हैं। सभी ने भाजपा में शामिल होते समय भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद और भारतमाता की जय के नारे लगाए।

जजपा से भाजपा में शामिल होने वालों में कई बड़े नाम

भाजपा का दामन थामने वालों में मुख्य रूप से जजपा के वरिष्ठ नेता महेश चौहान के अलावा पूर्व कार्यकारिणी सदस्य फूल सिंह सैनी, पूर्व शहरी अध्यक्ष प्रीतम लाल गुप्ता, पूर्व हल्का प्रधान भारत नंबरदार, पूर्व मनोनीत पार्षद आनंद भूषण गोयल, पूर्व जिला कार्यकारिणी सदस्य दिनेश कुमार, राजकुमार चौहान, विक्रम मास्टर, मंजीत दहिया, भंवर लाल चौहान, प्रेम लाल चौहान, नरेश रामपुरा, जितेंद्र जांगड़ा, विजय यादव, ललित शर्मा, राजपाल सरपंच, अधिवक्ता सुखबीर, राजेश जांगड़ा, कुलदीप रोहिल्ला, सतीश जांगड़ा, शशि कपूर, ज्ञानचंद गुप्ता, सुभाष चंद आदि के नाम शामिल हैं।

भाजपा से प्रभावित हो शामिल हुए

महेश चौहान ने कहा कि वह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के शासन और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, कमल यादव, हरविंद्र कोहली, कार्यालय प्रमुख सुनील कोहली, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, जिला महामंत्री महेश यादव, मनीष गाडौली, उषा प्रियदर्शी, जिला मीडिया प्रमुख अजीत यादव, सचिव जितेंद्र चौहान आदि उपस्थित थे।

जजपा छोड़ने वालों पर बरसे अंतराम तंवर

जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंतराम तंवर ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शुक्रवार शाम पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महेश चौहान को उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विशेष सचिव बनाया था। उसके बारे में काफी शिकायतें मिल रही थीं। इसे देखते हुए उसे एक सितंबर को पद से हटा दिया गया। उसे पार्टी से निष्कासित करने की तैयारी चल रही थी। इसकी भनक लगते ही उसने पार्टी छोड़ दी। पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान पर ध्यान दिया जाता है। इसी के तहत महेश चौहान को सम्मान दिया गया था लेकिन उसने विश्वास का गला घोंट दिया। बता दें कि महेश चौहान शुक्रवार दोपहर भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ लगभग 150 जजपा नेता और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो गए। 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर