Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'भाजपा काम चवन्नी के कर रही है और घोषणाएं दस रुपए की', पदयात्रा में दीपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी पर बोला हमला

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा सरकार नित नई घोषणाए कर रही है। सौ-सौ गज प्लाट की स्कीम चलाई जा रही है। ओबीसी के लिए क्रीमी लेयर छह से बढ़ाकर आठ लाख की जा रही हैं। दस साल तक लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया गया। सारा प्रदेश जनता है कि भाजपा काम चवन्नी के कर रही है और घोषणाएं दस रुपए की।

By Jagran News Edited By: Sonu Suman Updated: Sun, 21 Jul 2024 10:42 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा मांगे हिसाब पदयात्रा के तहत गुरुग्राम पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज अगर हरियाणा की दुर्दशा के लिए कोई जिम्मेदार है तो वह है भाजपा सरकार। आज हरियाणा बेरोजगारी और महंगाई में नंबर एक पर है। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार से दस साल का हिसाब मांग रही है। सरकार से 15 सवाल किए गए हैं। लेकिन एक भी सवाल का जवाब भाजपा की तरफ से नहीं दिया गया। चुनाव के समय भाजपा सरकार घोषणाएं कर रही है। ये घोषणाएं ही दस साल की विफलता की कहानी कहती हैं। 

हरियाणा मांगे हिसाब के तहत कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा की तरफ से निकाली जा रही पदयात्रा रविवार शाम गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रेजांग-ला चौक पहुंची। यहां दीपेंद्र ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी हरियाणा में है। महंगाई, सबसे महंगा डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, सर्वाधिक अपराध दर के मामले में भी हरियाणा पहले नंबर पर है। प्रॉपर्टी आईडी, फैमिली आईडी की वजह से लोगों को लाइन में खड़ा किया गया। इसे भ्रष्टाचार का माध्यम बनाया गया। जब अन्य भाजपा शासित राज्यों में यह पोर्टल लागू नहीं है तो हरियाणा में ही क्यों लागू है। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा को कच्ची नौकरी की राजधानी बना दिया गया है। भाजपा सरकार पिछले पांच साल में दस हजार लोगों की ही पक्की भर्ती कर पाई। नौजवानों को सीईटी में उलझा दिया गया है। कई योजनाएं भाजपा सरकार ने बंद कर दीं। अब भाजपा सरकार गरीबों को पानी का बिल भेज रही है। पदयात्रा के माध्यम से यही सब सवाल भाजपा सरकार से किए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा जवाब देने की बजाय उल्टे कांग्रेस से सवाल कर रही है। 

पदयात्रा से भाजपा में तिलमिलाहट

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा सरकार नित नई घोषणाए कर रही है। सौ-सौ गज प्लाट की स्कीम चलाई जा रही है। अग्निवीर योजना में भी भाजपा बैकफुट पर है। ओबीसी के लिए क्रीमी लेयर छह से बढ़ाकर आठ लाख की जा रही हैं। दस साल तक लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया गया। सारा प्रदेश जनता है कि भाजपा काम चवन्नी के कर रही है और घोषणाएं दस रुपए की। जब से अभियान के तहत पदयात्रा शुरू हुई है तब से भाजपा में तिलमिलाहट है। जहां-जहां ईडी कार्रवाई करने जा रही है, वहां वहां भाजपा की हार पक्की है। ईडी की कार्रवाई जीत का सर्टिफिकेट है।

सफाई व्यवस्था में फेल गुरुग्राम 

दीपेंद्र ने कहा कि गुरुग्राम भी दुर्दशा का शिकार है। यहां सफाई व्यवस्था फेल है। लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं। वर्षा होते ही शहर में जलभराव हो जाता है। मेट्रो का विस्तार नहीं हुआ। केवल कागजों में बात हो रही है, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं है। अस्पतालों में डाक्टरों के पद रिक्त हैं। ज्यादातर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। बिजली के कट लग रहे हैं। 

हरियाणा आज नशे में नंबर एक: राज बब्बर

फिल्म अभिनेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर ने कहा कि आज पूरा प्रदेश त्राहि-त्राहि कर रहा है। जो हरियाणा खेलों में नंबर एक पर आता था। आज नशे में नंबर एक पर आ रहा है। दीपेंद्र हुड्डा ने जो बीड़ा उठाया है, उसे सभी कांग्रेस नेताओं को अपने-अपने क्षेत्र में लेकर जाना है। 

कृष्णा चौक तक कांग्रेसियों ने की पदयात्रा

शाम साढ़े छह रेजांग-ला चौक से कृष्णा चौक तक दीपेंद्र हुड्डा के साथ कांग्रेस नेताओं ने पदयात्रा निकाली। इस दौरान विधानसभा के उपनेता आफताब अहमद, प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, वीरेंद्र यादव, इंटक नेता अमित यादव, पंकज डावर, वर्धन यादव, कुलदीप कटारिया, पूजा शर्मा, सुनीता सहरावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया : गुरुग्राम नगर निगम का खजाना खाली, खातों में बचे सिर्फ 400 करोड़