Move to Jagran APP

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा, चप्पे-चप्पे पर तैनात थी फोर्स; मांस की दुकानें कराई गई थीं बंद

Brij Mandal Jalabhishek Yatra गुरुग्राम में सावन के पहले सोमवार यानी आज ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली गई। इस यात्रा को लेकर पुलिस अधिकारी अलर्ट पर रहे। वहीं चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात किया गया। इसकी वजह यही भी है कि पिछले साल यात्रा को लेकर हिंसा हो गई थी और यात्रा में शामिल लोगों पर पत्थर फेंके गए थे। इसी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

By Jagran News Edited By: Kapil Kumar Updated: Mon, 22 Jul 2024 10:48 AM (IST)
Hero Image
पहले सोमवार को निकाली जा रही है ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा। जागरण फोटो

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। Brij Mandal Jalabhishek Yatra साधु संत की अगुवाई में सेक्टर-10 ए कृष्ण मंदिर से ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा निकली गई। पिछले साल इस यात्रा पर नूंह के नल्हड़ मंदिर के पास पथराव के बाद हिंसा को देखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन चौकन्ना रहा और मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए।

मुस्लिम लोगों ने यात्रा पर बरसाए फूल

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में जलाभिषेक यात्रा हुई संपन्न। गुरुग्राम से निकली ब्रजमंडल यात्रा नूंह के नल्हड़ स्थित महाभारतकालीन शिव मंदिर पहुंची। यात्रा में शामिल संतों ने भगवान महादेव का पूजन कर शिवलिंग पर जल चढ़ाया। पिछले वर्ष 31 जुलाई को जहां यात्रा के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने यात्रा में शामिल लोगों पर पत्थर बरसाए थे। गोली भी चलाई थी। उसी जगह पर मुस्लिम समाज के अमन पसंद लोगों ने एकत्र होकर यात्रा में शामिल लोगों पर फूल बरसाए।

ब्रजमंडल यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड़ पर रहा। यात्रा को लेकर जिले में करीब एक हजार अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाई गई। हथीन क्षेत्र मेव बहुमूल्य क्षेत्र है, जिसके चलते यहां पर करीब 350 पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। हथीन में ब्रैवो कंपनी के अलावा आईआरबी व पलवल पुलिस के जवान तैनात थे।

बता दें कि सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा हथीन डीएसपी सुरेश भड़ाना ने संभाला हुआ था। पुलिस कप्तान चंद्रमोहन ने भी हथीन स्थित नाकाबंदी को चेक किया।

वहीं, पुलिस कर्मियों को दिशानिर्देश दिए थे कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट करता है या फिर कोई असामाजिक गतिविधि करता है तो उसे पर तुरंत कार्रवाई की जाए। प्रशासन बृजमंडल यात्रा को लेकर पहले से ही सतर्क है। पलवल पुलिस प्रशासन ने ब्रजमंडल यात्रा को लेकर अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी भी कर दी थी।

भोंडसी टोल के पास किया गया यात्रा का स्वागत

सोहना रोड पर भोंडसी टोल के पास जलाभिषेक यात्रा का स्वागत किया गया। टोल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। यहां से सोहना की तरफ जाने वाली गाड़ियों की जांच भी की गई।

मंदिर में बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने वाले साधु संत और श्रद्धालु जमा हुए। यात्रा सोहना होते हुए नूंह के नलहड़ मंदिर में पहुंचेगी, यहां पर भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के बाद फिरोजपुर झिरका के झीर्ण मंदिर और फिर पुन्हाना के राधा कृष्ण मंदिर पहुंची।

बड़ी संख्या में कृष्ण मंदिर पहुंचे श्रद्धालु

मंदिर में बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने वाले साधु संत और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। वहीं, शांतिपूर्ण यात्रा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ड्रोन भी लगाए गए हैं।

नूंह में यात्रा का मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने किया स्वागत

नूंह में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने स्वागत किया। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक व हरियाणा सरकार में मेवात डेवलपमेंट एजेंसी के पूर्व चेयरमैन खुर्शीद राजाका ने कहा कि इस बार हिंदू और मुस्लिम समाज ने जिला प्रशासन के साथ बैठक कर सांप्रदायिक सौहार्द के साथ यात्रा को संपन्न कराने की रूपरेखा तैयार की है। मुस्लिम समाज जागरूक है और इस यात्रा का हर सम्भव सहयोग करेगा।

मंच के हरियाणा गुरुग्राम समन्वयक व फुटबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी महेंद्र सिंह मदीना ने बताया कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच नूंह शहर में जगह-जगह यात्रा का फूलमालाओं से स्वागत किया और मेवात में कई जगह जलपान व फल आदि भी बांटे गए।

मेवात के पहले गांव कवनर्सिका में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ब्रजमंडल यात्रा का स्वागत किया। यहां के सरपंच पहलू खान ने कहा कि हमेशा भाईचारा कायम रहना चाहिए पिछले साल जो ब्रजमंडल के दौरान घटना हुई थी, उसको एक सपना समझकर भूल जाना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।

सोहना में मांस की दुकानें कराईं बंद

ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर सोहना में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। वहीं, रविवार शाम को शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। इस दौरान सभी से आपसी भाईचारा रखने की अपील की है।

एसीपी सोहना अभिलक्ष्य जोशी की अध्यक्षता में पुलिसकर्मियों ने फ्लैग मार्च किया। मुख्य मार्ग पर चल रहीं मांस की दुकानों को भी बंद कराया गया। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की गई।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।