Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Republic Day 2024: उल्लास से मनाएं गणतंत्र दिवस, गुरुग्राम में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस

हर थाने की पुलिस टीम अपने-अपने थाने में गश्त कर रही है। जगह-जगह नाके लगाए गए हैं। शहर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के होटल रेस्टोरेंट और पीजी में रहने वाले लोगों का वेरिफिकेशन चेक किया जा रहा है। पुलिस टीमों ने कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी है। संवदेनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।

By Vinay Trivedi Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 21 Jan 2024 02:55 PM (IST)
Hero Image
उल्लास से मनाएं गणतंत्र दिवस, गुरुग्राम में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम।  अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह है। इसके चार दिन बाद ही गणतंत्र दिवस है। पूरे देश के साथ-साथ गुरुग्राम में भी इसको लेकर हर्षोउल्लास का माहौल है। इस माहौल को कोई भी अराजक तत्व बिगाड़ने न पाए, इसके लिए गुरुग्राम पुलिस की क्या सुरक्षा व्यवस्था है।

इसके साथ ही गुरुग्राम में साइबर क्राइम समेत अन्य मुद्दों को लेकर पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा से दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता विनय त्रिवेदी ने विस्तृत बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के लोग हर्षोल्लास से सभी पर्व मनाएं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। प्रस्तुत है बातचीत के मुख्य अंश :

इस गणतंत्र दिवस पर शहर में सुरक्षा की क्या तैयारी है?

हर थाने की पुलिस टीम अपने-अपने थाने में गश्त कर रही है। जगह-जगह नाके लगाए गए हैं। शहर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के होटल, रेस्टोरेंट और पीजी में रहने वाले लोगों का वेरिफिकेशन चेक किया जा रहा है। पुलिस टीमों ने कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी है।

संवदेनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल की गई हैं। अधिकारी रात में पुलिसकर्मियों की ड़्यूटी चेक कर रहे हैं। झंडा फहराने की जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

कितने पुलिसकर्मी अतिरिक्त लगाए गए हैं?

गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम सेक्टर 38 के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में किया जा रहा है। यहां पर तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। डीसीपी, एसीपी स्तर के अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगेंगे।

ढाई हजार से ज्यादा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर भी गुरुग्राम में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिरों और मस्जिदों के बाहर भी सादी वर्दी में पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन भी रहेगा।

दिव्या पाहूजा हत्याकांड में क्या आप पुलिस की लापरवाही मानते हैं या नहीं?

वैसे जब कभी इस तरह की सूचना आती है तब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर जांच करते हैं। हर आदमी परफेक्ट नहीं होता। जांच में कभी-कभी गलतियां भी हो जाती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पुलिस ने सही तरीके से काम नहीं किया।

अगर इसमें इंटेंशन गलत होता तो थाने में तैनात पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई जरूर की जाती। दिव्या हत्याकांड में अब तक मुख्य आरोपित समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक आरोपित फरार है, उसकी भी तलाश जारी है। गुरुग्राम पुलिस शहर लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

साइबर थाने में आ रहे मामलों को क्या पुलिस छिपाने का प्रयास कर रही है?

2022 में गुरुग्राम के साइबर थानों में 17 हजार मामले आए थे। वहीं 2023 में दोगुने केस रजिस्टर्ड किए गए हैं। कई आराेपितों को पकड़ा गया और कई करोड़ रुपये लोगों को वापस दिलाए गए। रही बात ऑनलाइन मामलों की तो संवेदनशील बड़े मामलों को या महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों को ऑनलाइन नहीं किया जाता।

शायद कोई तकनीकी कारणों से मामले आनलाइन नहीं हो रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी साइबर पुलिस को इसके लिए कहा जाएगा। वहीं साइबर फ्राड से बचने के लिए लोगों को जागरूक होना चाहिए।

इसके लिए समय-समय पर साइबर पुलिस भी अभियान चलाती है और कार्यक्रम भी करती है। लेकिन अगर व्यक्ति साइबर ठगों का शिकार हो जाता है तो उसे 1930 पर तुरंत फोन करना चाहिए। इससे पैसा वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

लोगों से की ये अपील

पुलिस तो अपना काम करती है, लेकिन लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। लोगों अपने कान, आंख, नाक खुले रखें। पुलिस की गुरुग्राम में शांति व्यवस्था कायम रखने में मदद करें। अपने आस-पास हो रही गैर कानूनी गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचना दें।

किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते समय सजगता बरतें। साथ ही साथ किसी के पोस्ट को आगे बढ़ाते हुए भी अपनी तरफ से पूरी तरह जांच पड़ताल कर लें। गुरुग्राम के युवाओं से खासकर अपील करना चाहता हूं कि किसी भी देश की तरक्की में वहां के युवा अहम भूमिका निभाते हैं।

गुरुग्राम की तरक्की भी सभी के साथ होने से है। युवा नशे से दूर रहें, इसके लिए पुलिस की तरफ से कार्यक्रम भी कराए जा रहे हैं। खेल प्रतियोगिताओं के जरिए लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है।