Move to Jagran APP

बिना बारिश के गुरुग्राम की सड़क पर भरा दो फुट पानी, ऑफिस पहुंचने में परेशान हो रहे लोग

गुरुग्राम के नरसिंहपुर में दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन मानसून के बाद भी जलमग्न है। आसपास की कंपनियों द्वारा रसायनयुक्त दूषित पानी छोड़े जाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। दूषित पानी से प्रदूषण फैल रहा है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जांच के आदेश दिए हैं।

By Aditya Raj Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 10 Oct 2024 12:24 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर नरसिंहपुर में पानी भरा होने से लोग परेशान हो रहे। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मानसून सीजन में ढाई महीने तक जलमग्न रही दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन नरसिंहपुर में अब बिना बारिश के भी जलममग्न है। आसपास की कंपनियां यहां पर रसायनयुक्त दूषित पानी छोड़ रही हैं और सर्विस लेन पर करीब दो फुट जलभराव है। दूषित पानी सर्विस लेन पर भरने और हाईवे की ड्रेन में जाने से प्रदूषण फैल रहा है।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि अगर ड्रेन और सर्विस लेन पर दूषित पानी छोड़ा जा रहा है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जाएगी। बता दें कि मानसून की बारिश के दौरान यह जगह जलभराव की दृष्टि से हॉट स्पॉट रहती है और इसके कारण हाईवे पर लगभग दस किमी लंबा जाम भी लगता है।

जलभराव में कई वाहन हुए थे खराब

बारिश के जलभराव में नरसिंहपुर में कई वाहन भी खराब हो गए थे। आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा था। उनको इसके कारण अपने ऑफिस पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने इस समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी तरह की समस्या रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में कई वर्षों चल रही है और उसका समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में यहां पर इस समस्या की ओर ध्यान दिया जाना चाहिए, अन्यथा य ह स्थायी बन जाएगी।

दस से ज्यादा कंपनियों के हैं कार्यालय

नरसिंहपुर में हाईवे के किनारे दस से ज्यादा कंपनियों के कार्यालय हैं। मानसून में पानी की निकासी के लिए एनएचएआइ ने पंप लगाए थे, लेकिन पंप चालू नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब मौसम साफ होने के बाद दूषित पानी भरा होने के कारण समस्या बनी हुई है।

क्या बोले जिम्मेदार?

नरसिंहपुर में सर्विस लेन और ड्रेन में किसके द्वारा दूषित पानी छोड़ा जा रहा है, इसकी जांच की जाएगी। दूषित पानी बहाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा। -विजय चौधरी, क्षेत्रीय अधिकारी हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड

जलभराव के चलते पनप रहे मच्छर, जिम्मेदार अनजान

शहर की अधिकांश कॉलोनियों और सड़कों पर जलभराव ने लोगों की समस्याओं को बढ़ा दिया है। जलभराव के कारण जहां मच्छर पनप रहे हैं, वहीं संक्रामक रोगों का भी खतरा बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी की निकासी के लिए नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत की जाती हैं। बावजूद इसके समाधान नहीं होता है। कई कॉलोनियां तो ऐसी हैं, जहां कई महीनों से पानी जमा है और गंदगी बनी हुई है।

सेक्टर-12 में हफ्तेभर से भरा पानी। फोटो- जागरण

बसई रोड स्थित विकास नगर की मुख्य गली से लेकर आसपास की दुकानों के सामने लंबे समय से जल भरा हुआ है। इससे जहां लोगों का व्यापार बाधित हो रहा है। गली के अंदर जाने के लिए पैदल लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां गंदी और जलभराव से मच्छर पनप रहे हैं।

गंदगी और बदबू के कारण आवाजाही बाधित

वहीं सेक्टर-12 यहां की स्थिति को काफी लचर नजर आई। यहां जलभराव के साथ-साथ गंदगी, कूड़ा, कीचड़ आदि का जमावाड़ा देखने को मिला। ये संक्रमण को दावत दे रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां सफाई व्यवस्था ठप है। गंदगी और बदबू के कारण आवाजाही बाधित हो रही है।

मच्छर पनप रहे हैं और बीमारियां बढ़ रही है। इसके अलावा सेक्टर पांच शीतला माता रोड से पुलिस स्टेशन रोड को जोड़ने वाली सर्विस रोड पर लगभग एक फुट गहरी कीचड़ और गंदा पानी इकट्ठा होने से कारण यहां से लोगों को सांस लेना दूभर हो गया है।

आरडब्ल्यूए सेक्टर पांच के पूर्व उपाध्यक्ष ओपी नासा ने बताया कि दो सालों से नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं। बावजूद इसके समाधान नहीं हो रहा है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें