Move to Jagran APP

Haryana Election Result 2024: गुरुग्राम से चारों विधानसभा सीटें हारी कांग्रेस, फिर भी पार्टी के लिए आई गुड न्यूज

गुरुग्राम जिले की चारों सीटों (गुड़गांव बादशाहपुर सोहना और पटौदी) में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत का परचम फहराया है। वहीं चुनावी नतीजे कांग्रेस के लिए चारों सीटें हारने के बाजवूद गुड न्यूज हैं। पार्टी गुरुग्राम जिले में पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। कांग्रेस को 2019 चुनाव में 8.85 प्रतिशत वोट मिले थे लेकिन इस बार 26.70 फीसदी वोट मिले हैं।

By Vinay Trivedi Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 09 Oct 2024 01:42 PM (IST)
Hero Image
चुनाव में समर्थन और वोट देने पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जनता का जताया आभार

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम जिले की चारों सीटों गुड़गांव, बादशाहपुर, सोहना और पटौदी में कांग्रेस का कोई भी प्रत्याशी नहीं जीत पाया। कांग्रेस जिले में हारी जरूर है, लेकिन 2019 के मुकाबले 2024 में पार्टी का वोट शेयर बेहतर हुआ है।

ये भी रहा कि इस बार कांग्रेस के किसी भी प्रत्याशी की जमानत जब्त नहीं हुई, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में सोहना और बादशाहपुर से इसके प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हो गई थी।

चारों सीटों से 150 से ज्यादा नेताओं ने मांगा था टिकट

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के बाद से ही जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारियां होने लगी थीं। कांग्रेस की हवा को भांपकर दूसरे दलों से बड़ी संख्या में नेता कांग्रेस में आए और टिकट के लिए आवेदन भी किया। चारों सीटों से 150 से ज्यादा नेताओं ने टिकट मांगा था।

गुड़गांव में जातीय समीकरण साधते हुए उतारा प्रत्याशी

कांग्रेस ने गुड़गांव सीट पर जातीय समीकरण को साधते हुए पंजाबी समाज से आने वाले युवा मोहित ग्रोवर को टिकट दिया तो बादशाहपुर से यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वर्धन यादव को मैदान में उतारा था। पटौदी से पूर्व विधायक स्व. भूपेंद्र चौधरी की बेटी पर्ल चौधरी और सोहना से नामांकन के अंतिम दिन बाहरी रोहतास खटाना को कांग्रेस में शामिल कराकर टिकट दिया था।

इस बार तीन गुना अधिक वोट मिले

2019 के चुनाव से बिलकुल अलग रणनीति अपनाते हुए चारों सीटों से प्रत्याशियों के साथ मैदान में उतरी, लेकिन मुद्दों को भुनाने में असफल हुई। 2019 में कांग्रेस को जिले की चारों सीटों पर 63,455 यानी 8.85 प्रतिशत वोट मिले थे। सात लाख 16 हजार 884 वोटरों ने मतदान किया था। इस बार चारों कांग्रेस प्रत्याशियों को 2,32,911 वोट मिले। यह कुल वोट के 26.70 प्रतिशत हैं।

इस बार 8 लाख 72 हजार 312 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया था। 2019 के मुकाबले 2024 में कांग्रेस को तीन गुना वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है। पहली बार चुनाव लड़े कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव और पर्ल चौधरी ने अच्छी संख्या में वोट लाकर पार्टी को मजबूती दी है। वर्धन यादव की बादशाहपुर से भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह से अच्छी टक्कर हुई।

गुरुग्राम में इन मुद्दों पर चुनाव लड़ी कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों ने हर सभा में भाजपा को विकास के मुद्दे पर घेरा। बस स्टैंड, जिला अस्पताल, मेट्रो विस्तार, शहर में गंदगी, बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था, जर्जर सड़कें और जलभराव समेत कई मुद्दे उठाए।

फैमिली आईडी और निगम में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। किंतु शायद इन मुद्दों से वे जिले की जनता के बीच पैठ नहीं बना पाए और चुनाव परिणाम सभी के सामने है।

ये भी पढ़ें-

Gurgaon Vidhan Sabha Chunav Result: गुरुग्राम की चारों विधानसभा सीटों पर खिला कमल, BJP की इस नीति का मिला पार्टी को लाभ

रिजल्ट के बाद क्या बोले प्रत्याशी?

जनता ने जो प्यार दिया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। कमियों पर मंथन किया जाएगा। लोगों के बीच तक और पहुंच मजबूत की जाएगी। - मोहित ग्रोवर, कांग्रेस प्रत्याशी गुड़गांव

मैं बिमला चौधरी को जीत की बधाई देती हूं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं के लिए हमेशा लड़ती रहूंगी। उन सभी मतदाताओं को धन्यवाद, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। - पर्ल चौधरी, कांग्रेस प्रत्याशी, पटौदी

चुनाव काफी अच्छा रहा। क्षेत्र के 85 हजार मतदाताओं का धन्यवाद। आने वाले पांच साल में क्षेत्र के सभी लोगों तक पहुंच बनाकर उनका आशीर्वाद भी लिया जाएगा। क्षेत्र की समस्याओं पर निरंतर प्रशासन और सरकार का ध्यान दिलाया जाएगा। - वर्धन यादव, कांग्रेस प्रत्याशी, बादशाहपुर

सोहना की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। भले ही मैं चुनाव नहीं जीत पाया, लेकिन सोहना क्षेत्र की जनता की सेवा करता रहूंगा। लोगों से अपील है कि वे अपनी समस्याओं को मुझसे जरूर बताएं, ताकि उनका समाधान कराया जा सके। - रोहतास खटाना, कांग्रेस प्रत्याशी, सोहना

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।