Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gurugram Crime: तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार, हैवान पहले भी काट चुका सजा

गुरुग्राम (Gurugram News) में तीन साल की मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। हैवान पर 50 हजार रुपये का इनाम भी था। क्राइम ब्रांच की सोहना टीम एवं महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी इससे पहले भी एक पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के एक मामले में 10 साल की सजा काट चुका है।

By Jagran News Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Wed, 24 Jul 2024 04:29 PM (IST)
Hero Image
Gurugram News: तीन साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी दबोचा गया। फाइल फोटो

 जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। (Gurugram Crime Hindi News) तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित को क्राइम ब्रांच की सोहना टीम एवं महिला थाना पुलिस पूर्व ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

आरोपी दुष्कर्म के केस में पहले भी काट चुका है सजा

वह गिरफ्तारी से बचने के लिए वारदात को अंजाम देने के बाद बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। वह पहले भी पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के एक मामले में 10 साल की सजा काट चुका है। दुष्कर्म के दो अन्य मामले में उसकी तलाश थी। गुरुग्राम व हरियाणा से बाहर भी तो दुष्कर्म जैसी वारदात नहीं की, इसके लिए गुरुग्राम पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क साधा है।

इसी साल 26 अप्रैल को एक महिला ने महिला थाना पूर्व में शिकायत दी थी कि उसके पति ठेकेदारी करते हैं। वह जहां रहती हैं वहां पर एक अन्य व्यक्ति भी ठेकेदारी करने के लिए 25 अप्रैल को पहुंचा था। वह उनके कमरे के बाहर 25 अप्रैल की रात सो रहा था। रात में जब उनकी आंखें खुलीं तो देखा कि तीन वर्षीय बेटी गायब है।

मां को बच्ची बेहोशी के हालात में मिली

आसपास ढूंढने पर वह नहीं मिली। वह व्यक्ति भी गायब था। अगले दिन यानी 26 अप्रैल को उनकी बेटी कमरे से 300 मीटर की दूरी पर बेहोशी की हालत में मिली। शरीर पर चोट के निशान थे। उस व्यक्ति ने उनकी बेटी के साथ गलत करने की कोशिश की। शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की गई।

इसमें थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की सोहना टीम को भी लगाया गया। सूचना के आधार पर दोनों की संयुक्त टीम ने पुलिस तकनीक की सहायता से मध्य प्रदेश के रतलाम से मंगलवार रात 50 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले उसकी गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम, दिल्ली, झांसी, पूना में भी रेड की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) वरुण दहिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है।

यह भी स्वीकार किया है कि मार्च-2024 में मध्य प्रदेश के थाना चंदला इलाके में उसने छह वर्षीय लड़के के साथ कुकर्म करने की वारदात को अंजाम दिया था। वह वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए दूसरे शहर में चला जाता था। वहां कुछ दिनों तक मजदूरी करता था।

उसी दौरान वह किसी बच्चे/बच्ची/नाबालिक की तलाश करता था। मौका मिलते ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर वहां से किसी अन्य स्थान पर जाकर मजदूरी करने लगता था। वर्ष 2005 में अपने ही गांव की एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के मामले में 10 वर्ष की सजा काट चुका है। सजा काटने के बाद वर्ष 2015 में जेल से बाहर आया था।

यह भी पढ़ें: Cyber Crime: देशभर में 14.07 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत 11 गिरफ्तार; 10 मोबाइल और लैपटॉप बरामद