Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

27 साल बाद सोहना विधायक के सिर सजा मिनिस्टर का ताज, हरियाणा सरकार में संजय सिंह बने मंत्री

Haryana Cabinet हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान सोहना विधायक संजय सिंह को राज्य मंत्री पद मिला है। इससे कार्यकर्ताओं में खुशी है। संजय सिंह का नूंह जिले का उजीना गांव पैतृक स्थान है। इन्होंने तावड़ू और नूंह विधानसभा से पहले भी तीन बार भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ा लेकिन जीत नहीं पाए थे।

By Vinay Trivedi Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Tue, 19 Mar 2024 09:42 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा सरकार में संजय सिंह ने ली मंत्रिपद की शपथ

सतीश राघव, सोहना। 27 वर्ष बाद सोहना क्षेत्र को सरकार में प्रतिनिधित्व मिला है। सोहना-तावडू के विधायक संजय सिंह ने मंगलवार को मंत्री पद की शपथ ली। सोहना-तावडू से लेकर मेवात क्षेत्र तक लोगों में संजय सिंह के मंत्री बनने की खुशी है। इससे पहले 1996 में सोहना से राव नरबीर सिंह तत्कालीन भाजपा-हविपा गठबंधन सरकार में मंत्री बने थे।

तावड़ू और नूंह से लड़ चुके चुनाव

संजय सिंह का नूंह जिले का उजीना गांव पैतृक स्थान है। इन्होंने तावड़ू और नूंह विधानसभा से पहले भी तीन बार भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं पाए थे। 2019 में क्षेत्र बदला तो संजय सिंह ने एक बार फिर सोहना से चुनाव लड़ा और जजपा के प्रत्याशी रोहतास खटाना को करीब नौ हजार वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।

क्षेत्र के विधायक को करीब 27 वर्षों बाद सरकार में मंत्री पद के रूप में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। 1996 में भाजपा और हविपा गठबंधन की सरकार बनी थी। तब सोहना के विधायक रहे राव नरबीर सिंह को मंत्री पद मिला था। इसके बाद सोहना से राव धर्मपाल, सुखबीर सिंह जौनपुरिया, चौधरी धर्मबीर सिंह, तेजपाल पाल तंवर विधायक बने, लेकिन किसी को भी मंत्री नहीं बनाया गया।

अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान संजय सिंह को राज्य मंत्री पद मिला है। इससे कार्यकर्ताओं में खुशी है। संजय सिंह के पिता स्व. सूरजपाल सिंह भी भाजपा के कद्दावार नेता थे जो तावड़ू से भाजपा पार्टी के विधायक चुने गए थे। 1996 में बंसी लाल सरकार में वह राजस्व मंत्री रहे थे।

राजपूत समाज ने भी जताई खुशी

प्रदेश में राजपूत समाज से दो विधायक हैं। पृथला विधानसभा से नयनपाल रावत निर्दलीय विधायक हैं। जिन्होंने भाजपा को समर्थन दिया हुआ है। संजय सिंह भाजपा से राजपूत समाज से एक मात्र विधायक हैं। उनको मंत्री पद मिलने पर राजपूत समाज में खुशी है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें