Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Elections 2024: आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के मंत्री ने गुरुग्राम में दे दिया बड़ा बयान

Haryana Elections 2024 वरिष्ठ भाजपा नेता व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आरक्षण को बयान दिया है। उन्होंने यह बयान गुरुग्राम में जिला भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के दौरान दिया है। बता दें कि हरियाणा में पांच अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसी को लेकर भाजपा नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

By Aditya Raj Edited By: Geetarjun Updated: Mon, 16 Sep 2024 04:37 PM (IST)
Hero Image
जिला भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पार्टी कार्यकर्ताओें से मेघवाल ने किया संवाद।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। वरिष्ठ भाजपा नेता व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि जब तक भाजपा है तब तक कोई आरक्षण को छू भी नहीं सकता। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका में बैठकर आरक्षण को समाप्त करने की साजिश रच रहे हैं। उनका असली एजेंडा आरक्षण को समाप्त करना है।

लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लोगों को डराते हुए कहा कि भाजपा अगर तीसरी बार आ जाएगी तो संविधान खत्म कर देगी। सच्चाई यह है कि कांग्रेस ही आरक्षण को खत्म करना चाहती है।

हरियाणा में भाजपा की सरकार आना जरूरी

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास और तरक्की के लिए तीसरी बार भाजपा सरकार जरूरी है। पांच अक्टूबर को चुनाव होना है। अब बहुत कम समय रह गया है। ऐसे में कई स्तर पर दिन-रात प्रयास करना होगा।

कांग्रेस लोगों को ठगने का चलाती है भ्रम

चुनाव के समय लोगों को ठगने के लिए कांग्रेस भ्रम, झूठ और अफवाहों का नेरेटिव चलाती है। कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करना तथा मोदी और नायब सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की ही जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में देश और प्रदेश की तस्वीर और तकदीर को बदला है।

10 वर्षों में हुए परिवर्तन को लोग भी महसूस कर रहे हैं। हर बूथ पर कमल खिलाने के लक्ष्य को लेकर हरेक व्यक्ति से मिलें और उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल यादव ने अर्जुनराम मेघवाल को भरोसा दिलाया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कमल खिलेगा।

बैठक में प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिला महामंत्री रामबीर भाटी, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व उद्योगपति बोधराज सीकरी, महेश चौहान, जिला मीडिया प्रमुख पवन यादव, सह मीडिया प्रभारी राकेश राणा आदि मौजूद रहे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर