Move to Jagran APP

'आंख फड़क रही है, अनहोनी होगी...', हिसार में ASI ने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर की आत्महत्या

हरियाणा के हांसी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव उमरा क्षेत्र की डायल 112 टीम के इंचार्ज एएसआई राज सिंह ने मंगलवार सुबह करीब 5 बजे आन ड्यूटी के दौरान सर्विस रिवाल्वर से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Jagran News Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Wed, 23 Oct 2024 08:36 AM (IST)
Hero Image
एएसआई राज सिंह ने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, हांसी। गांव उमरा क्षेत्र की डायल 112 टीम के इंचार्ज एएसआई राज सिंह ने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे आन ड्यूटी के दौरान सर्विस रिवाल्वर से कनपटी में गोली मार आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार इंचार्ज पेशाब करने के लिए मकान की छत पर गया था।

मृतक की पहचान भिवानी जिले के तोशाम हलके के गांव गारनपुर कलां निवासी एएसआई राज सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

सुबह 5 बजे सर्विस रिवाल्वर से मार ली गोली

पुलिस ने राज सिंह के बेटे रवि के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया। एएसआई गांव उमरा में कुलदीप सिंह के मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहते थे। सुबह करीब 5 बजे वह छत पर कुर्सी पर बैठे थे कि अचानक उन्होंने अपनी सर्विस रिवाल्वर निकाली और खुद की कनपटी में गोली मार ली।

यह भी पढ़ें- बीवी छोड़कर गई तो परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में गोली मारकर की आत्महत्या; फर्श पर मिली लाश

जब उसके साथी कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो देखा कि राज सिंह के सिर से खून निकल रहा था और सर्विस रिवाल्वर उनके हाथ में थी। थाना प्रभारी व फोरेंसिक टीम व डीएसपी रविन्द्र सांगवान मौके पर पहुंचे।

'आंख फड़क रही है, कोई अनहोनी होने वाली है'

एएसआई राज सिंह के साथ गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मियों का कहना है कि राज सिंह पिछले एक सप्ताह से बहकी-बहकी बातें कर रहा था। वह कहता था मेरी एक आंख फड़क रही है, और कोई अनहोनी होने वाली है। उन्होंने बताया कि वह उसे दिलासा देते थे।

कर्मियों से होगी पूछताछ: डीएसपी

डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि राज सिंह आन ड्यूटी थे। उनके साथ दो एसपीओ थे। उनसे पूछताछ की जाएगी। एएसआई के मानसिक रूप से परेशान होने वाली बात पर डीएसपी ने कहा कि अभी तक की जांच में मानसिक रूप से परेशानी वाली कोई बात सामने नहीं आई है।

भाई बोला - हंसमुख रहता था सुसाइड नहीं कर सकता

अस्पताल में पहुंचे राज सिंह के भाई रिटायर्ड सूबेदार दरिया सिंह ने बताया कि राज सिंह हमेशा हंसमुख रहता था और वह सुलझा हुआ इंसान था। वह कभी सुसाइड नहीं कर सकता। राजसिंह को घर से भी कोई परेशानी नहीं थी। राज सिंह का 25 वर्षीय बेटा और एक बड़ी बेटी है।

वर्ष 1998 में हुआ था भर्ती

राज सिंह वर्ष 1992 में आर्मी में भर्ती हुए थे। वर्ष 1997 में शादी की। कुछ समय बाद वह दो माह की छुट्टी लेकर घर आया था कि तभी पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर चयन हो गया। सिपाही के पद पर वर्ष 1998 में ज्वाइन किया था।

मौके से गायब है एएसआई राज सिंह का पर्सनल मोबाइल

जानकारी के अनुसार राजसिंह का पर्सनल मोबाइल सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर बंद हुआ था और जो मौके से गायब है। पुलिस की ओर से उसे सर्विलांस पर लगाया हुआ है। पुलिस की ओर से मोबाइल फोन ढूंढने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

नोट- अगर आप किसी चीज को लेकर परेशान चल रहे हैं और आपको भी ऐसे गंदे ख्याल आ रहे हैं, तो 9152987821 पर फोन कर सकते हैं या फिर icallhelpline की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Ghaziabad News: युवती ने आठवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, Law की कर रही थी पढ़ाई

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।