Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Farmer Protest: खेड़ी चोपटा में बवाल, आंसू गैस के गोले छोड़ किया लाठीचार्ज; दो डीएसपी समेत 17 पुलिसकर्मा घायल

खेड़ी चोपटा से खनौरी बॉर्डर की ओर कूच करने पर किसानों और पुलिस के बीच आज दोपहर तनाव बढ़ गया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग किया। इसमें पुलिस की दो गाड़ियां और अग्निशमन की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। तनाव के बीच दो डीएसपी थाना प्रभारी सहित 17 पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। इसी बीच काफी किसान भी घायल हुए।

By Pawan Kumar Edited By: Nidhi Vinodiya Updated: Fri, 23 Feb 2024 10:59 PM (IST)
Hero Image
खेड़ी चोपटा में बवाल, आंसू गैस के गोले छोड़ किया लाठीचार्ज; दो डीएसपी समेत 17 पुलिसकर्मा घायल

संवाद सहयोगी, नारनौंद (हिसार)। खेड़ी चोपटा गांव से खनौरी बॉर्डर की ओर कूच करने पर अड़े किसानों और पुलिस के बीच शुक्रवार दोपहर तनाव बढ़ गया। किसानों का कूच रोकने के लिए पुलिस के हल्का बल प्रयोग करने पर किसानों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें पुलिस की दो गाड़ियों सहित अग्निशमन की गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए उनके ट्रैक्टरों की हवा निकाल दी। बाद में पुलिस ने किसानों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। 

19 किसानों को हिरासत में लिया 

विवाद में दो डीएसपी, नारनौंद थाना प्रभारी सहित 17 पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। किसानों को भी काफी चोट आई है। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने किसान नेता सुरेश कोथ, कुलदीप खरड़ समेत 19 किसानों को हिरासत में लिया है। हांसी पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। अब किसानों ने धरना स्थल पर महापंचायत बुलाई है। 

किसान नहीं रुके तो पुलिस ने बल का किया प्रयोग

जानकारी के अनुसार खेड़ी चोपटा में किसानों ने पिछले छह दिनों से धरना देते हुए पक्का मोर्चा लगाया हुआ है। किसानों ने दो दिन पहले शुक्रवार दो बजे खनौरी बार्डर कूच करने का ऐलान किया था। इस ऐलान के बाद पुलिस व किसानों के बीच वार्ता विफल हो गई थी। किसानों के कूच के ऐलान पर पुलिस ने पहले ही सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की थी। भारी पुलिस बल तैनात था। शुक्रवार दोपहर किसान धरने से खनौरी बार्डर की तरफ कूच करने लगे तो जींद-बरवाला मार्ग पर पुलिस ने उनको रोकना चाहा। किसान नहीं रुके तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। 

आंसू गैस के गोले चलाने पर वापस लौटने लगे किसान

इस पर किसानों ने भी पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस मुठभेड़ में डीएसपी रविंद्र सांगवान, डीएसपी राज सिंह लालका, थाना प्रभारी चंद्रभान समेत दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं दूसरी ओर बयाना खेड़ा के किसान संदीप सहित अन्य किसानों को भी काफी चोंटे आई हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थिति बेकाबू होते देखकर पुलिस ने किसानों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले चलाए तो किसान सड़क मार्ग से वापस धरना स्थल पर एकत्रित हो गए।