Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Chunav 2024: आज 'लालों' के गढ़ को साधेंगे PM मोदी, प्रत्याशियों को देंगे जीत का मंत्र, निशाने पर चौटाला परिवार

Haryana Chunav 2024 मोदी की प्रदेश में कुल चार रैलियां रखी गई हैं। अंतिम रैली एक अक्टूबर को फरीदाबाद-पलवल बार्डर पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास होगी। हिसार रैली की सफलता को लेकर हरियाणा भाजपा ने पूरी योजना बनाई है। कुरुक्षेत्र और गोहाना रैली में कांग्रेस पर सीधा हमला बोलने वाले मोदी के निशाने पर हिसार में चौटाला परिवार भी होगा।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sat, 28 Sep 2024 08:24 AM (IST)
Hero Image
Haryana Chunav 2024: हिसार में आज रैली को संबोधित करेंगे पीएम मोदी।

जागरण टीम, हिसार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को हिसार में चुनावी जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करेंगे। पीएम यहां से छह जिलों को साधेंगे। हरियाणा चुनाव में इस रैली के काफी मायने हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा सीट वाले हिसार जिले में होने वाली इस रैली में छह जिलों के 23 प्रत्याशी मंच पर होंगे। प्रधानमंत्री सभी छह जिलों के भाजपा प्रत्याशियों को मजबूत स्थिति देंगे।

साथ ही भाजपा के सामने खड़े विरोधियों को भी यह मंच एक संदेश होगा। हिसार-दिल्ली बाइपास पर एयरपोर्ट के नजदीक होने वाली प्रधानमंत्री की रैली में हिसार के अलावा सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और जींद के नरवाना व उचाना सीट के प्रत्याशी पहुंचेंगे। इन सीट पर भाजपा के 23 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें विधानसभा सीट पर काफी नेता भाजपा से नाराज होकर निर्दलीय भी खड़े हुए हैं। पीएम उन सभी सीटों को साधेंगे जहां पर विरोध हुआ।

नाक का सवाल बना हरियाणा चुनाव

हरियाणा में विधानसभा चुनाव को नाक का सवाल बनाकर चल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी है। स्टार प्रचारकों की धुआंधार रैलियों-जनसभाओं और रोड-शो के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज फिर हरियाणा आ रहे हैं।

14 सितंबर को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र और 25 सितंबर को सोनीपत के गोहाना में रैली कर चुके हैं। पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय देवी लाल और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसी लाल व चौधरी भजन लाल के प्रभाव वाले भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा के अलावा जींद में भी रैली से निकला संदेश प्रभावी होगा।

बूथ को मजबूत करने का दिया मंत्र

हरियाणा में सत्ता की हैट-ट्रिक लगाने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी न केवल हर दिन की रिपोर्ट प्रदेश पदाधिकारियों से ले रहे हैं, बल्कि नमो एप के माध्यम से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते हुए अपने बूथ को सबसे मजबूत करने का मंत्र दिया है।

कांग्रेस के साथ चौटाला परिवार भी रहेगा निशाने पर

मोदी की प्रदेश में कुल चार रैलियां रखी गई हैं। अंतिम रैली एक अक्टूबर को फरीदाबाद-पलवल बार्डर पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास होगी। हिसार रैली की सफलता को लेकर हरियाणा भाजपा ने पूरी योजना बनाई है।

कुरुक्षेत्र और गोहाना रैली में कांग्रेस पर सीधा हमला बोलने वाले मोदी के निशाने पर हिसार में चौटाला परिवार भी होगा, जो लंबे समय तक हरियाणा की सत्ता का केंद्र रहा है।

रणजीत सिंह चौटाला भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर रानियां से निर्दलीय मैदान में हैं तो मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य चौटाला भाजपा छोड़कर डबवाली में इनेलो के प्रत्याशी बन गए हैं।

इसी तरह साढ़े चार साल तक गठबंधन सरकार में शामिल रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जजपा) भी मोदी के निशाने पर होगी।

राजनाथ, योगी आदित्यनाथ और केजरीवाल भी प्रदेश में

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुहला विधानसभा में नई सब्जी मंडी चीका में और बादली में जनसभा करेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ यमुनानगर में दो बजे जनसभा करेंगे। इनके अलावा पूंडरी और कलायत में आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल रोड शो निकालेंगे।

पूर्व सांसद ने की रैली स्थल पर बैठक

प्रधानमंत्री की जन आशीर्वाद रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। शुक्रवार को करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया ने बैठक ली और दिशा-निर्देश जारी किए।

यह भी पढ़ें- हरियाणा चुनाव के लिए हाेम वोटिंग शुरू, दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए घर-घर जाकर मतदान करवा रही टीमें

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें