Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: हिसार की पांच सीटों पर मौजूदा विधायकों पर भाजपा ने जताया विश्वास

भाजपा ने हरियाणा के हिसार जिले की सात में से पांच विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट दिया है। नारनौंद विधानसभा सीट से पिछला चुनाव हार चुके कैप्टन अभिमन्यु पर ही पार्टी ने दांव खेला है। वहीं नलवा सीट से इस बार टिकट बदली गई है। मौजूदा विधायक और डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को इस बार नलवा की बजाय बरवाला से टिकट दी गई है।

By Amit Dhawan Edited By: Prince Sharma Updated: Wed, 04 Sep 2024 10:36 PM (IST)
Hero Image
हिसार की पांच सीटों पर भाजपा ने मौजूदा विधायकों पर जताया विश्वास

जागरण संवाददाता, हिसार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी पहली लिस्ट (BJP First List for Haryana) जारी कर दी है। भाजपा ने हिसार जिले की सात सीट में पांच पर मौजूदा विधायकों को ही उतारा है।

नारनौंद विधानसभा सीट से पिछला चुनाव हार चुके कैप्टन अभिमन्यु पर ही पार्टी ने दांव खेला है। वहीं नलवा से इस बार सीट बदली गई है। मौजूदा विधायक एवं डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को इस बार नलवा की बजाए बरवाला से टिकट दी गई है।

इस सीट पर पिछले बार कांग्रेस से चुनाव लड़ चुके रणधीर पनिहार को भाजपा से टिकट मिली है। भाजपा की टिकट फाइनल होने के साथ ही अब कांग्रेस पर भी दबाव बनेगा।

हिसार जिले में हैं सात विधानसभा सीटें 

भाजपा की तरफ से सभी विधानसभा में अपने सर्वे के बाद टिकट का बंटवारा किया गया है। टिकट को लेकर काफी दिनों से हर कोई अपनी दांव पेच लगाने में लगे हुए थे।

जिले में टिकट बंटवारे में कुलदीप बिश्नोई अपनी दो टिकट लेने में कामयाब हुए तो जिंदल घराने को दरकिनार कर दिया गया। सावित्री जिंदल हिसार सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हुए लोगों से मिल रही थी।

नलवा में कुलदीप की चली तो गंगवा की बदली टिकट

नलवा विधानसभा सीट पर पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई अपने नजदीकी रणधीर पनिहार को टिकट दिलवाने में कामयाब हुए है। उनकी चलने पर मौजूदा विधायक एवं डिप्टी स्पीकर को सीट बदलनी पड़ी है। पार्टी ने उनको अब बरवाला से चुनाव मैदान में उतारा है।

बरवाला में शहरी क्षेत्र के साथ काफी बड़ा ग्रामीण इलाका भी है। गंगवा हाल ही दो बार लगातार विधायक बने थे। पिछले कुछ समय से उनका विरोध सामने आया था।

दूसरी तरफ से गंगवा के सीट बदलने को लेकर लंबे समय से चर्चा थी। वहीं नलवा में मौजूदा विधायक होने के बाद उनकी टिकट काटना आसान नहीं था। हाल ही में मुख्यमंत्री ने रणबीर गंगवा के बुलावे पर लगातार रैलियां की थी। इस लिए वह उनकी गुड लिस्ट में भी शामिल थे।

56 साल से भजन परिवार की अभेद्य दुर्ग

आदमपुर सीट पिछले 56 साल से भजनलाल परिवार के नाम रहा है। अभेद्य दुर्ग बने इस विधानसभा क्षेत्र पर भाजपा ने मौजूदा विधायक भव्य बिश्नोई को उतारा है। 2022 में भाजपा में भजनलाल परिवार भाजपा में शामिल हुआ था। उप चुनाव में भव्य विधायक बने थे।

इस सीट पर भजन परिवार का ही शुरू से कब्जा रहा है। इस सीट पर सबसे पहले भजनलाल विधायक बने थे। वह प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। वहीं उनकी धर्मपत्नी जसमां देवी, बेटे कुलदीप बिश्नोई, पुत्रवधु रेणुका बिश्नोई विधायक बने। अब उपचुनाव में अब भव्य बिश्नोई विधायक बने। लोकसभा चुनाव में आदमपुर से भाजपा को मिली हार के चलते भव्य को भी मेहनत करनी पड़ेगी।

तीसरी बार फिर चुनाव मैदान में होंगे डॉ. कमल

भाजपा ने दो बार लगातार जीते डॉ. कमल गुप्ता पर विश्वास जताया है। डॉ. कमल गुप्ता के सामने जिंदल परिवार से सावित्री जिंदल और उनके विरोध में आए जिला उपाध्यक्ष तरुण जैन की टिकट की दावेदारी थी।

मगर डॉ. कमल गुप्त के संगठन में अच्छी पकड़ और लगातार विधायक बनने के साथ मंत्री रहने के दौरान उठाए गए उनको टिकट दिलवाने में कामयाब हुए। भाजपा में डॉ. कमल गुप्ता के सामने टिकट के लिए खड़ी सावित्री जिंदल को पहले टिकट मिलने का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Haryana Elections: बीजेपी ने जारी की 67 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, सीएम नायब सैनी लाडवा से लड़ेंगे चुनाव

इसके चलते वह करीब दस दिन तक शहर में रही और लोगों से मुलाकात की। मगर कुछ दिन पूर्व दिल्ली में हुई नवीन जिंदल की मुलाकात के बाद सावित्री दिल्ली लौट गई थी। शायद उनको एहसास हो गया था कि टिकट नहीं मिल रही।

वहीं दूसरी तरफ अब तरुण जैन के कदम पर भी नजर रहेगी। कारण है उनकी तरफ से डॉ. गुप्ता को टिकट की घोषणा के बाद बड़ा कदम उठाने का ऐलान कर दिया है। इसी प्रकार पूर्व मेयर गौतम सरदाना भी टिकट को लेकर जदोजहद करने में लगे है। वह चुनाव में उतारते है या नहीं यह भी सभी देख रहे हैं।

नलवा विधानसभा से कुलदीप बिश्नोई 

पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के नजदीक एवं उनके साथ पार्टी में आए रणधीर पनिहार को पार्टी ने टिकट दी है। इस सीट पर पनिहार ने पिछले चुनाव में कांग्रेस से टिकट लेकर चुनाव लड़ा था। उस समय भी कुलदीप बिश्नोई ने उनको टिकट दिलवाई थी।

भाजपा हो या कांग्रेस वह पनिहार को नलवा से टिकट दिलवाकर मैदान में उतारने में कामयाब रहे हैं। वहीं पनिहार को पिछले चुनाव में गंगवा के सामने 37 हजार 851 वोट मिले थे। हार-जीत का अंतर 9672 वोट का था। मगर गंगवा के जाने और भाजपा के वोट बैंक को इस बार उनको साथ मिल सकता है।

हांसी से विनोद भयाणा बने प्रत्याशी

हांसी विधानसभा में मौजूदा विधायक विनोद भयाणा पर ही पार्टी ने अपनी सहमति जताई है। हांसी सीट से इनकी टिकट पक्की मानी जा रही थी। उनके सामने पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. डीपी वत्स भी थे। इस सीट पर विनोद भयाणा 2019 में दूसरी बार विधायक बने थे। वह पार्टी के सर्वे में आगे रहे।

हांसी में विनोद भयाणा 25 साल से ज्यादा समय से एक्टिव है और चुनाव लड़ रहे थे। पिछले पांच बार के विधानसभा चुनाव में वह दो बार विधायक बने। वहीं मुख्यमंत्री के नजदीकी बनाने में वह कामयाब हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ भी उनकी नजदीक काफी थी।

उकलाना विधानसभा से अनूप धानक को मिला टिकट

उकलाना एससी वर्ग के लिए आरक्षित सीट है। हाल ही में जींद में जजपा छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए अनूप धानक के आने से टिकट को लेकर चल रहे घटनाक्रम काफी तेजी से बदला था। ज्वाइनिंग के बाद भाजपा ने अनूप धानक को ही टिकट दी है। वह पिछले दो बार से लगातार विधायक बने हुए है।

भाजपा अभी तक यह सीट नहीं जीत पाई तो इस बार वह अनूप के जरिए इस सीट को जीतने का प्रयास करेगी। इस सीट पर टिकट को लेकर भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ और पहले चुनाव लड़ चुकी सीमा गैबीपुर भी प्रयासरत थी। लेकिन पार्टी की तरफ से हाल ही में शामिल हुए अनूप धानक पर अपनी सहमति जताई।

नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु पर खेला दांव

नारनौंद सीट पर भाजपा अपने पुराने नेता एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे कैप्टन अभिमन्यु को मैदान में उतारा है। कैप्टन अभिमन्यु ने नारनौंद से तीन चुनाव लड़े जिसमें वह एक बार जीते। जीतने पर वह प्रदेश के वित्तमंत्री भी रहे थे।

नारनौंद में एक बार मौजूदा विधायक रामकुमार गौतम के आने के बाद टिकट में बदलाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थी, मगर पार्टी ने कैप्टन को टिकट देकर सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया।

कैप्टन अभिमन्यु 2019 के चुनाव में राम कुमार गौतम से 12029 वोट से हार गए थे। लेकिन गौतम के भी भाजपा में आने के बाद उनके वोट का भी सहारा अब कैप्टन को मिल सकता है।

जोगीराम सिहाग की कटी टिकट तो गौतम का बदला रण

जजपा छोड़कर भाजपा में आए जोगीराम सिहाग को झटका लगा है। पार्टी में आने के बाद उनकी टिकट कट गई। लोकसभा चुनाव में वह जजपा में हाेते हुए भाजपा के प्रत्याशी की मदद कर रहे थे।

उनके आने के बाद टिकट को लेकर कयास शुरू हो गए थे लेकिन पार्टी के निर्णय के बाद सभी हैरान भी हो गए। वहीं इस सीट पर रणबीर गंगवा चुनाव लड़ेंगे। वहीं नारनौंद से विधायक रहे राम कुमार गौतम को अपनी मनचाही सीट मिली है। उनको पार्टी की तरफ से सफीदों से उतारा है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election: 'कांग्रेस की सरकार बनी तो दलित वर्ग से हो सकता है अगला मुख्यमंत्री', कुमारी सैलजा ने दिए संकेत

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर