Haryana Weather: मानसून का हरियाणा में नहीं दिखा खास असर, प्रदेश में 38 प्रतिशत कम बारिश; पढ़ें मौसम का पूरा अपडेट
Haryana Weather हरियाणा में मानसून का असर कुछ खास नहीं दिखा। प्रदेश में अब तक 38 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कम बारिश होने के आसार बने हुए हैं। विभाग के मुताबिक कुछ जिलों में लगातार बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मानसूनी हवाओं के कम एक्टिव होने के कारण ही प्रदेश में बारिश कम हुई।
जागरण संवाददाता, हिसार। Haryana Weather News: मानसून हरियाणा की धरती को ज्यादा भिगो नहीं पाया। बीच-बीच में हुई वर्षा के बावजूद 38 प्रतिशत कम वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। प्रदेश में अभी तक 72.2 एमएम वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया। यह वर्षा एक जुलाई से 24 जुलाई के बीच में हुई। वहीं, आने वाले दिनों में वर्षा होने की संभावना है।
प्रदेश में लगातार बारिश होने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में लगातार वर्षा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मंगलवार रात को भी कुछ जगह पर वर्षा हुई। मानसूनी हवाओं के कम एक्टिव होने के कारण ही प्रदेश में अभी तक 38 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। प्रदेश में एक जुलाई से 24 जुलाई तक 116.6 एमएम वर्षा होनी चाहिए थी लेकिन 72.2 एमएम का रिकॉर्ड दर्ज किया गया।
इन जिलों में दर्ज हुई इतनी बारिश
प्रदेश में नूंह, महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद जिले ऐसे है जहां पर सामान्य से ज्यादा वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। नूंह में 114.2 सामान्य वर्षा इस समय में होती है लेकिन इस साल 122.9 एमएम का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इसी प्रकार महेंद्रगढ़ में 115 एमएम सामान्य वर्षा की तुलना में 54 प्रतिशत अधिक 177 एमएम का रिकॉर्ड दर्ज हुआ। फतेहाबाद में 73.7 एमएम सामान्य वर्षा के मुकाबले 37 प्रतिशत अधिक 100.7 एमएम वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें: Haryana Weather Today: लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत, हरियाणा के इन 17 जिलों में बारिश का अलर्ट
25 से 30 तक वर्षा की बन रही संभावना
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि मानसून ट्रफ की अक्षय रेखा दक्षिण से अब सामान्य स्थिति उत्तर की तरफ बढ़ रही है। इससे अरब सागर की तरफ से मानसूनी हवाएं आने से मानसून में सक्रियता बढ़ने जा रही है।
अगले दो दिनों में पंजाब के ऊपर एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से बंगाल की खाड़ी की तरफ से भी मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। इससे हरियाणा राज्य में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बन रही है।
यह भी पढ़ें: Haryana Weather News Today: हरियाणा के आठ जिलों में हुई झमाझम बारिश, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
हरियाणा में 25 व 26 जुलाई को कहीं-कहीं हल्की वर्षा परंतु 27 जुलाई से 30 जुलाई के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज वर्षा की भी संभावना बन रही है। इस दौरान बीच-बीच में तेज हवाएं चलने की संभावना है जिससे दिन के तापमान में गिरावट रहने की संभावना है।