Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Weather News: मानसून की बेरुखी से बढ़ती जा रही उमस, किसानों की बढ़ी चिंता; सूखने लगी है फसल

Haryana Weather Update हरियाणा में मानसून की बेरुखी ने किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें बढ़ा दी है। धान की फसल खेतों में सूखने लगी है क्योंकि उमस भरी गर्मी से बिजली की खपत बढ़ने से सप्लाई भी कम हो रही है। अब तक इस महीने में हरियाणा में सिर्फ 32 प्रतिशत ही बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने मानसून को लेकर अपना पूर्वानुमान जारी किया है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Mon, 15 Jul 2024 07:35 AM (IST)
Hero Image
किसानों को नुकसान होने का सताने लगा है डर (फाइल फोटो)

अमित धवन, हिसार। 28 जून को दस्तक के बाद दो जुलाई को पूरे प्रदेश में मानसून छा गया था, लेकिन ज्यादातर जिलों में झमाझम वर्षा नहीं हुई। वहीं, एक जून से लेकर 14 जुलाई तक की बात करें तो प्रदेश में अब तक 32 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

117.7 मिलीमीटर के मुकाबले अभी तक सिर्फ 79.5 एमएम वर्षा हो पाई है। पांच जिलों को छोड़कर 17 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई।

करनाल में सबसे कम और नूंह सबसे अधिक हुई बारिश

करनाल में सामान्य से 84 प्रतिशत कम और नूंह में सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। मानसून की बेरुखी से तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। उमस से लोग बेहाल हैं। बिजली की मांग बढ़ने के कारण लगातार कट भी लग रहे हैं।

पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण ट्यूबवेल भी नहीं चल पा रहे। इससे खेतों में धान की फसल सूखने लगी है। किसानों को नुकसान होने का डर सताने लगा है। राहत की बात यह है कि मौसम विज्ञानियों ने आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना व्यक्त की गई है।

इस दिन से बढ़ सकती है मानसून की सक्रियता

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभााध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में आमतौर पर 19 जुलाई तक परिवर्तनशील रहेगा।

17 जुलाई को मानसूनी हवाओं की सक्रियता में थोड़ी कमी आने की संभावना से वर्षा की गतिविधियां भी कम हो सकती हैं। 17 जुलाई रात्रि से मानसून की सक्रियता फिर से बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें- Haryana Weather: हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी, दो दिनों तक साफ रहेगा मौसम; जानिए आज कैसा रहेगा तापमान

बिजली की खपत में बढ़ोत्तरी

इससे 19 जुलाई तक ज्यादातर क्षेत्रों में हवाएं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट की संभावना है। इन दिनों एक तरफ उमस है तो दूसरी ओर धान की बुआई सीजन है।इसके चलते बिजली की खपत बढ़ गई है। हिसार सर्कल में बिजली की खपत 127 लाख यूनिट के पार पहुंच गई है।

यह भी पढ़ें- Haryana News: शराब तस्करी से लेकर अग्निवीरों के कोटा जैसे मामलों को लेकर बोले दुष्यंत चौटाला, BJP सरकार पर भी लगाए गंभीर आरोप