Move to Jagran APP

Haryana Weather: हरियाणा में सबसे गर्म रहा सिरसा, अगले चार दिन तक वर्षा होने के आसार; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

हरियाणा में इन दिनों गर्मियों से लोगों का हाल बेहाल है। लोग गर्मी के कारण त्राहिमाम कर रहे हैं। वहीं मौसम को लेकर विभाग ने अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश के सिरसा जिले का तापमान 48.8 डिग्री सबसे अधिक रहा। अभी आने वाले दिन में मौसम में बदलाव होगा। एक व दो जून को छुटपुट बूंदाबांदी होगी। तीन जून को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिलेगा।

By Jagran News Edited By: Deepak Saxena Published: Sat, 01 Jun 2024 09:03 AM (IST)Updated: Sat, 01 Jun 2024 09:03 AM (IST)
हरियाणा में सबसे गर्म रहा सिरसा, अगले चार दिन तक वर्षा होने के आसार।

जागरण संवाददाता, हिसार/पानीपत। तेजी से बढ़ रही गर्मी से अब जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से चार दिन तक वर्षा हो सकती हैं। इससे अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की जाएगी। इस साल मई में वर्षा न होने और राजस्थान के साथ लगते जिलों में चली खुश्क व गर्म हवाएं के कारण प्रदेश में तापमान अधिक रहा हैं।

सिरसा में रहा सबसे अधिक तापमान

शुक्रवार को प्रदेश के सिरसा जिले का तापमान 48.8 डिग्री सबसे अधिक रहा। इसके साथ ही फरीदाबाद का तापमान भी 48.1 डिग्री तक पहुंच गया है। प्रदेश में शुक्रवार रात से मौसम में बदलाव हो सकता हैं। नया पश्चिमी विक्षोभ एक व दो जून को थोड़ा कमजोर सक्रिय होगा, जिससे कुछ जगह बूंदाबांदी हो सकती हैं। तीन व चार जून को पश्चिमी विक्षोभ के ज्यादा सक्रिय होने पर वर्षा होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

15 मई के बाद तेजी से बढ़ा तापमान

मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस साल गर्मी अधिक होने का कारण मई माह में वर्षा का नहीं होना है। 15 मई के बाद तापमान में तेजी से वृद्धि हुई। खुश्क व गर्म होने के कारण राजस्थान के साथ लगते प्रदेश के जिले सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी में तापमान ज्यादा रहा। आने वाले समय में वर्षा होने से गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

उत्तरी हरियाणा में तापमान सामान्य से ज्यादा

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 15 मई के बाद से हरियाणा में तापमान बढ़ रहा है। राजस्थान के आसपास के हरियाणा के जिलों में 44 से 48 डिग्री तापमान रहा। उत्तरी हरियाणा में सामान्य से ज्यादा तापमान रहा है। उन्होंने बताया कि मई माह में कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ और तापमान में नमी भी कम रही। यदि बूंदाबांदी हुई तो वह लोकल स्तर पर ज्यादा गर्मी से बादल होने के कारण हुई।

ये भी पढ़ें: पंचकूला में गुजरात जैसा मामला: कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, दूसरी मंजिल से सीढ़ी लगाकर जैसे-तैसे छात्रों ने बचाई जान

तीन जून को दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

डॉ. खीचड़ ने बताया कि अभी आने वाले दिन में मौसम में बदलाव होगा। एक व दो जून को छुटपुट बूंदाबांदी होगी। तीन जून को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिलेगा। चार जून को उत्तरी हरियाणा में प्रभाव देखने को मिलेगा। बाद में उसकी सक्रियता कम हो जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते चार से पांच डिग्री तक तापमान कम होने की उम्मीद है। डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में प्री-मानसून की वर्षा होने की उम्मीद है। जुलाई के प्रथम सप्ताह में हरियाणा में मानसून सक्रिय होने की उम्मीद है।

गर्मी की तपिश में पक्षियों के लिए स्नान शायद उनके लिए जीवन रक्षक भी है। यह तरीका है, जिससे पक्षी खुद को तरोताजा बनाए रखने के लिए प्रयास करते हैं। 47 डिग्री तापमान में इंडियन व्हाइट आई चिड़िया झज्जर के एरिया में पानी में पंख खोलकर अठखेलियां करते हुए।

वर्षा का ऑरेंज अलर्ट

महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद

यलो अलर्ट

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी।

ये भी पढ़ें: Haryana News: दिल्ली में जलसंकट पर घमासान, केजरीवाल से भिड़े CM नायब के मंत्री; AAP सुप्रीमो को दे डाली ये नसीहत


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.