Move to Jagran APP

17 राज्‍यों में हरियाणवी डांस को मिला ऐसा प्‍यार, प्रशंसकों ने रातों-रात बना दिया स्टार

रोहतक के कलाकार संदीप यादव की टीम ने हरियाणवी डांस में धूम मचा रखी है। रोहतक के पार्कों में हरियाणवी गीतों पर मोबाइल से डांस शूट करते हैं। यूट्यूब पर सात युवा कलाकार छाए हुए हैं। लाखों सक्राइबर और करोड़ों प्रशंसक बन चुके हैं।

By Manoj KumarEdited By: Updated: Fri, 09 Oct 2020 02:37 PM (IST)
Hero Image
हरियाणवी डांस देशभर के राज्‍यों में पसंद किया जाने लगा है।

रोहतक [अरुण शर्मा] हरियाणवी संस्कृति से प्यार किया तो सात युवा कलाकारों को 17 राज्यों के प्रशंसकों ने रातों-रात स्टार बना दिया। इन युवाओं की सफलता की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं। सफलता के सपने लेकर अपनी पढ़ाई करने वाले एक कलाकार ने सपने बुने। यूट्यूब से तीन साल पहले जुड़े फिर इन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक हरियाणवी गीत पर किए डांस देखने वालों की संख्या 10 करोड़ तक पहुंच गई। इसी तरह तमाम डांस के वीडियो इन्होंने यूट्यूब पर अपलोड किए और हर बार इन्होंने नए रिकार्ड बनाए।

जनता कालोनी निवासी संदीप यादव को शुरूआत से ही डांस सीखने की ललक थी। यही ललक जुनून में तब्दील हो गई। जाट कालेज से पत्रकारिता में एमए करने वाले छात्र संदीप ने 2003-2004 में स्टेज और ओपन कुल 18 प्रस्तुतियों में से 17 में पहले नंबर पर रहे। संदीप ने तभी से संकल्प लिया है कि हरियाणवी संस्कृति को ही आगे बढ़ाएंगे। 2009 में इन्होंने मुंबई में एक स्टुडियो में काम किया।

यहीं से एक भोजपुरी फिल्म में डांस करने का मौका मिला। हरियाणवी पृष्ठभूमि पर बने ना आना इस देश लाडो सीरियल में काम करने का भी मौका मिला। यूट्यूब की दुनिया में हरियाणवी डांस से पहचान मिली तो इन्होंने अलग-अलग तीन चैनल बनाए। तनिष्का आर्ट नाम से चलने वाले यूट्यूब के 75 हजार सक्राइबर हैं। शालू किराड़ के 3.75 लाख और अमित सैनी के चैनल के सक्राबर करी 1.50 लाख तक हैं।

टर्निंग प्वाइंट : हरियाणवी डांस का दो मिनट का अपलोड किया वीडियो फिर मचा दिया धमाल

करीब तीन साल में संदीप और उनकी टीम ने सफलता की कहानी गढ़ी। संदीप ने बताया है कि मुंबई से लौटने के बाद तीन-चार सहयोगी कलाकारों के साथ एक ग्रुप बनाया और यूट्यूब पर काम शुरू किया। दो साल पहले राजस्थानी गीत बन्नी थारो बन्नौ, दीवानौ गाड़ी फार्चुनर लायौ... पर यूट्यूब पर पहला हरियाणवी डांस महज दो मिनट का शूट करके अपलोड किया। इस डांस को महज एक माह में 10 लाख लोगों ने देखा तो इनका हौसला बढ़ा। बीते साल 25 नवंबर को हरियाणवी गीत गजबन पानी न चाली पर मॉडल टाउन स्थित पार्क में डांस शूट किया तो 10 करोड़ लोगों ने इसे पसंद किया। पंजाबी गीत मेरा दीवानापन को करीब 11 लाख, हरियाणवी गीत आई रै बिजली पर किए डांस को करीब 74 लाख लोगों ने देखा और पसंद किया।

शालू किराड़ और अमित सैनी ने जमाई धाक

संदीप की टीम में सोनीपत के रहने वाले अमित भारद्वाज, संजय नगर निवासी शालू किराड़, सेक्टर-3 निवासी मुस्कान गुलिया, सेक्टर-4 निवासी अमित सैनी, सुनारिया चौक निवासी अन्नू अहलावत और खेड़ी साध निवासी अन्नू शर्मा शामिल हैं। यह भी छात्र-छात्राएं हैं। हरियाणवी वेशभूषा में यह कलाकार अपने मोबाइल से हुडा सिटी पार्क, मॉडल टाउन पार्क और आइएमटी पार्क में वीडियो शूट करते हैं। शालू किराड़ इंडिया गोट टेलेंट में व्यक्तिगत और ग्रुप में एक-एक बार प्रस्तुति दे चुकी हैं। अमित सैनी 2018-2019 में एशिया गॉट टैलेंट में सिंगापुर और मलेशिया में शिरकत कर चुके हैं। इन्हीं दोनों कलाकारों के वीडियो सबसे अधिक पसंद किए गए।

दक्षिण की 100 करोड़ के बजट की फिल्म में दिखेंगे

संदीप की टीम 2017 के आइपीएल डांस प्रस्तुति दे चुकी है। दक्षिण भारत में 100 करोड़ से बनने वाली फिल्म में हरियाणवी डांस की प्रस्तुति देने के लिए बीते साल अगस्त में चेन्नई में शूटिंग के लिए गए थे। संदीप कहते हैं कि हरियाणवी गीतों पर प्रस्तुति देते हैं, यह गीत हमारे नहीं। इसलिए यूट्यूब की तरफ से उन्हें अभी आर्थिक तौर से सहायता नहीं मिल पाती। कुछ फिल्मों में आफर आए, लेकिन हरियाणवी वेशभूषा से छेड़छाड़ पसंद नहीं, इसलिए काम नहीं किया। यूट्यूब सम्मानित कर चुका है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।