Move to Jagran APP

'जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, उसे गोली मार दूंगा', हरियाणा CM को जान से मारने की धमकी, अजमेर नाम का आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अजमेर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने कथित तौर पर 8 अक्टूबर को मतगणना के दिन एक व्हाट्सएप ग्रुप पर धमकी दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की और जांच कर रही है।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sat, 12 Oct 2024 07:58 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को जान से मारने की धमकी।

पीटीआई, चंडीगढ़। जींद के जुलाना में एक व्हाट्सएप ग्रुप पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है।

आरोपी की पहचान जींद जिले के देवरार गांव के मूल निवासी अजमेर के रूप में हुई है। जींद के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि अजमेर के एक व्हाट्सएप ग्रुप में 8 अक्टूबर को हरियाणा में मतगणना के दिन जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, एफआईआर दर्ज की गई और अजमेर को गिरफ्तार कर लिया गया। 

इन मामलों में केस दर्ज

बता दें कि वाट्सएप ग्रुप पर मुख्यमंत्री को गोली मारने की धमकी भरा मैसेज लिखने पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धमकी देने, आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान गांव देवरड़ निवासी अजमेर के रूप में हुई है।

सोमबीर राठी जुलाना हलका नाम से बनाए वाट्सएप ग्रुप में लिखा कि जो भी हरियाणा का मुख्यमंत्री बनेगा, उसे मैं गोली मार दूंगा। जिस तरह से महात्मा गांधी को गोडसे ने मारी थी। गांव रामकली निवासी महताब सैनी ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ अक्टूबर को विधानसभा चुनावों की मतगणना चल रही थी।

महात्मा गांधी की तरह मारूंगा गोली

शाम चार बजे के करीब सोमबीर राठी हलका जुलाना के नाम से वाट्सएप ग्रुप बनाया गया था, उसमें एक अजमेर नामक व्यक्ति ने पोस्ट की और लिखा कि अगर हरियाणा में भाजपा तीसरी बार आ गई तो जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, उसको गोली मैं मारूंगा। जिस तरह से महात्मा गांधी को गोडसे ने मारी थी।

आरोपी को भेज दिया जेल

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करने के आदेश जारी किए। इसके बाद पुलिस ने गांव देवरड़ निवासी अजमेर को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपित को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि शराब के नशे में ऐसा ग्रुप पर लिख दिया था। होश में आने के बाद उसने मैसेज को डिलीट भी कर दिया और अपनी गलती भी स्वीकार कर ली। आरोपित का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

यह भी पढ़ें- Haryana Result: 5 मुस्लिम उम्मीदवारों का जलवा, एक तो 98 हजार अधिक वोटों से मारी बाजी, किस पार्टी ने दिया था टिकट?

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें