Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Dengue Cases: हरियाणा के जींद जिले में डेंगू का प्रकोप, अब तक सामने आए 90 पॉजिटिव केस; जानें प्रदेश का हाल

हरियाणा के जींद जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आए दिन डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की मानें तो जींद में प्रदेश में सबसे ज्यादा 90 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। दूसरी ओर महेंद्रगढ़ जिला डेंगू के मामले में सबसे ज्यादा सेफ माना जा रहा है। महेंद्रगढ़ जिले में अभी तक डेंगू का एक भी मामला नहीं मिला है।

By Dharmbir SharmaEdited By: Rajat MouryaUpdated: Sat, 19 Aug 2023 05:01 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा के जींद जिले में डेंगू का प्रकोप, अब तक सामने आए 90 पॉजिटिव केस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जींद, जागरण संवाददाता। Haryana Dengue Cases हरियाणा में डेंगू का प्रकोप सबसे ज्यादा जींद जिले में है। डेंगू के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। लेकिन उसको कंट्रोल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त स्टाफ नहीं है। जिले में सबसे ज्यादा केस नरवाना शहर व पास के गांवों में मिले हैं।

हालांकि, डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लार्वा को नष्ट करने व लोगों को जागरूक करने के लिए पूरा स्टाफ तक नहीं है। इसके कारण विभाग ने वहां की स्थिति को काबू करने के लिए 15 कर्मचारियों की तैनाती की हुई है।

जींद में मिले 90 पॉजिटिव केस

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 17 अगस्त तक हरियाणा में कुल 601 डेंगू के केस मिले हैं। इसमें से 90 डेंगू पॉजिटिव के साथ जींद जिला प्रदेश में पहले स्थान पर बना हुआ है। महेंदगढ़ जिले में अब तक एक भी डेंगू का केस नहीं मिला है।

क्यों फैल रहा डेंगू?

स्वास्थ्य विभाग के सर्वे के दौरान सामने आया कि डेंगू लोगों की लापरवाही के चलते फैल रहा है। क्योंकि अधिकतर लार्वा घरों में कूलर, पक्षियों के लिए रखे गए बर्तनों के अंदर मिला है। इसलिए विभाग जिन घरों व प्रतिष्ठानों पर लार्वा मिल रहा है, उनको नोटिस जारी कर रहा है।

दो हजार नोटिस दिए जा चुके

अब तक विभाग की तरफ से दो हजार के करीब नोटिस दिए जा चुके हैं। जनसंख्या के हिसाब से जिले में एमपीएचडब्ल्यू के 11 पद कम हैं। जनसंख्या के हिसाब से 33 एमपीएचडब्ल्यू होने चाहिए। लेकिन केवल 22 पद ही स्वीकृत हैं।

सिविल सर्जन डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि डेंगू के केस बढ़ रहे हैं। डेंगू को कंट्रोल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को फील्ड में उतारा हुआ है। जहां पर डेंगू का लार्वा मिल रहा है, उसको मौके पर ही नष्ट किया जा रहा है। लोगों को भी डेंगू के बारे में जागरूक किया जा रहा है। लोगों से आह्वान है कि वह कूलर, पानी की बर्तनों की सफाई रखें और एक दिन ड्राइ डे मनाया जाए।