Move to Jagran APP

नपा चेयरपर्सन रजनी ने अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

नगर पालिका चेयरपर्सन रजनी राणा ने नगर पालिका के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल गृह मंत्री अनिल विज और डीसी सुजान सिंह को पत्र लिखकर धांधली करने वालों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की है।

By JagranEdited By: Updated: Wed, 24 Jun 2020 09:27 AM (IST)
Hero Image
नपा चेयरपर्सन रजनी ने अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

संवाद सहयोगी, कलायत : नगर पालिका चेयरपर्सन रजनी राणा ने नगर पालिका के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज और डीसी सुजान सिंह को पत्र लिखकर धांधली करने वालों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की है। चेयरपर्सन ने बताया कि भाजपा सरकार ने कलायत को विकास की अभूतपूर्व सौगातें दी हैं। स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। वार्ड नंबर सात में 382 लाख और वार्ड नंबर 11 में 172 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र का निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही वार्ड आठ में 309 लाख की लागत से पार्क निर्माण कार्य जारी है। इस राशि को रातों-रात रिवाइज के नाम पर दोगुना करने के दस्तावेज तैयार किए गए हैं। संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जो दस्तावेज सामने आए हैं वे बेहद चौंकाने वाले हैं। सरेआम निर्माण के मानदंडों को हाशिये पर रखा गया है। विकास एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की आड़ में फर्जीवाड़े का मंच तैयार किया गया। अधिकारियों को शायद इस बात का अनुमान नहीं है कि जन प्रतिनिधि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं में गोलमाल कतई सहन करने वाले नहीं। परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सिरे से जांच का आग्रह सरकार से किया गया है।

नगर पालिका सचिव बंबूल मलिक ने बताया कि चेयरपर्सन रजनी राणा द्वारा गोलमाल के जो आरोप लगाए हैं, उनकी निश्चित रूप से सिरे से जांच होगी। सचिव के नाते वे खुद हर जांच प्रक्रिया से गुजरने के लिए तैयार हैं। जिस किसी सरकारी कर्मचारी और निर्माण एजेंसी ने भ्रष्टाचार किया है उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।

नगर पालिका चेयरपर्सन रजनी राणा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शिता का नया दौर शुरू किया है। इसमें किसी भी स्तर पर गोलमाल करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ वे संघर्ष की कठिन से कठिन राह पर चलने को तैयार हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।