Move to Jagran APP

Haryana Politics: 'खुद के बही खाते खराब वो मांग रहे हिसाब', सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

हरियाणा में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे हरियाणा मांगे हिसाब कैंपेन पर सीएम नायब सैनी ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनके खुद के बही खाते खराब है वो सरकार से हिसाब मांग रहे हैं। बता दें कि हरियाणा में इसी साल अक्टूबर में विधानसभा का चुनाव (Haryana Assembly Election) होना है। सीएम सैनी ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा।

By Pawan sharma Edited By: Rajiv Mishra Updated: Mon, 22 Jul 2024 01:24 PM (IST)
Hero Image
सीएम सैनी ने कांग्रेस पर बोला हमला (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, करनाल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि जिनके खुद के बही खाते खराब हैं। वह वर्तमान सरकार से हिसाब मांगने की बात कर रहे हैं। विपक्ष ने अपने कार्यकाल में विकास के नाम पर केवल लोगों से झूठ बोलकर वोट लेने का काम किया है जबकि असली विकास कार्य तो वर्ष 2014 के बाद देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया है। विपक्ष के पास झूठ बोलने के अलावा और कुछ नहीं है।

धन्यवाद यात्रा निकाल रहे हैं सीएम सैनी

मुख्यमंत्री धन्यवाद यात्रा के दौरान गांव डबरी में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपने कार्यकाल में जनता की उम्मीदों के अनुरूप काम नहीं किया और अब वे झूठ बोलकर जनता से वोट की उम्मीद कर रहे हैं।

रविवार को मुख्यमंत्री सबसे पहले सेक्टर सात स्थित श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचे। वहां बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और प्रदेश की जनता की सुख समृद्धि के लिए मंगलमय कामना की। मुख्यमंत्री इसके बाद एडवोकेट विजय वेदपाल के निवास स्थान पहुंचे जहां उनका स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री इसके बाद गांव डबरी पहुंचे। वहां पर भी ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा ग्राम पंचायत द्वारा रखी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का भरोसा दिया।

डबरी में 1.35 करोड़ से हो चुके कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबरी गांव में एक करोड़ 35 लाख रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं। गांव की पंचायत द्वारा मांग पत्र दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा तथा विकास कार्य में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने ऐच्छिक कोष से गांव में विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री इसके बाद सेवा भारती कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 21 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।

ये लोग रहे मौजूद

इस मौके पर इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, उपायुक्त उत्तम सिंह व पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा, एसडीएम अनुभव मेहता, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, ओएसडी संजय बठला, जिला महासचिव सुनील गोयल, जिला परिषद चेयरपर्सन के प्रतिनिधि सोहन सिंह राणा, श्री कर्णेश्वर मंदिर के संरक्षक शम्मी बंसल, प्रधान देवेंद्र अग्रवाल, महासचिव पुनीत मित्तल, डा. बीके ठाकुर व डा. अनिल कंसल मौजूद रहे।

आप बांट रही झूठ की गारंटी- सीएम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की पांच गारंटी पर कहा कि उन्होंने गारंटी पंजाब में भी दी है। दिल्ली में भी दी है। उनकी गारंटी को पूरा देश जानता है। आम आदमी पार्टी के नेता विकास की बात करते हैं, जोकि खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

सीएम ने कहा इस पार्टी के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त होते हैं तो जेल में चले जाते हैं। उनकी गारंटी के पर कोई विश्वास नहीं करता। वह झूठ की गारंटी बांट रहे हैं। पंजाब में स्थिति दयनीय है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में ब्रजमंडल यात्रा को लेकर कहा कि अधिकारियों को सचेत किया है और लोगों से भी अपील करेंगे कि ये धार्मिक कार्यक्रम है।

हम आपस में मिलकर रहते हैं। भगवान श्री कृष्ण को मानने वाले लोग ब्रज मंडल यात्रा से जुड़े हुए हैं। यात्रा में वहां के लोगों को सहयोग करना चाहिए और यात्रा सफल बनानी चाहिए। यात्रा को लेकर प्रशासन को भी अलर्ट किया है।

नायब सैनी ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया

उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भाई बहन है। कांग्रेस ने बड़े-बड़े घोटाले किए, अंजाम भी भुगताकांग्रेस की भ्रष्टाचार की नीति रही है। कांग्रेस ने बड़े-बड़े घोटाले किए हैं। उसका अंजाम भी भुगता है। आम आदमी पार्टी ने भी कई घोटाले किए हैं और उनके नेता भी जेल में है। इनकी गारंटी पर कोई विश्वास नहीं करेगा।

यूपी सरकार के कांवड़ यात्रा के फैसले पर भी बोले सीएम

उत्तर प्रदेश में दुकानों के बाहर दुकानदारों के नाम लिखवाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो धार्मिक प्रवृत्ति के लोग है, उन्हें पता नहीं चलता कि उन्हें यहां कैसा खाना मिलता है। क्योंकि कुछ छुपाना नहीं चाहिए। उसे सत्य लिखना चाहिए।

यह भी पढ़ें- Sawan 2024: करनाल के इस शिव मंदिर में पांडवों ने की थी अस्त्र-शस्त्र पूजा, सावन के महीने में लगती भक्तों की भीड़

किसानों के दिल्ली जाने पर कही ये बात

किसानों के दिल्ली जाने पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व इस मामले को देख रहा है। सरकार उनकी मांगों को मद्देनजर रखते हुए बातचीत कर रही है। वह किसानों से अपील कर रहे हैं कि रास्ता रोकना कोई हल नहीं है।

उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा के ट्रैक्टर चलाने पर कहा कि राहुल गांधी भी आए थे। उन्होंने भी ट्रैक्टर चलाया था और जीरी लगाई थी। लेकिन सब जानते हुए हैं कि इसके बाद क्या हुआ था।

यह भी पढ़ें- Haryana Politics: पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर साधा निशाना, भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा के लिए कही ये बात

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।