Move to Jagran APP

35 किमी चले राहुल गांधी, 60 जगह स्वागत, करनाल में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेसियों में दिखा उत्साह

शनिवार को करीब सवा दो घंटे देरी के बाद करनाल सीमा में आगमन पर कोहंड गांव से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई। राहुल गांधी के स्वागत को लेकर कांग्रेसियों में जोश दिखा। पार्टी नेता जयराम रमेश भूपेंद्र हुड्डा सैलजा उदयभान आदि भी यात्रा में साथ रहे।

By Jagran NewsEdited By: Nidhi VinodiyaUpdated: Sun, 08 Jan 2023 07:45 AM (IST)
Hero Image
35 किमी चले राहुल गांधी, 60 जगह स्वागत,

करनाल, जागरण संवाददाता : शनिवार को करीब सवा दो घंटे देरी के बाद करनाल सीमा में आगमन पर कोहंड गांव से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई। राहुल गांधी के स्वागत को लेकर कांग्रेसियों में जोश दिखा। पार्टी नेता जयराम रमेश, भूपेंद्र हुड्डा, सैलजा, उदयभान आदि भी यात्रा में साथ रहे। सुबह से शाम पांच बजे तक नेशनल हाईवे पर राहुल गांधी ने यात्रा में करीब 25 किलोमीटर का सफर तय किया। वह शहरी क्षेत्र में भी दस किलोमीटर तक चले।

यात्रा से लगा दिल्ली-चंडीगढ़ में लंबा जाम 

सुबह यात्रा शुरू हुई तो बाक्सर विजेंद्र भी यात्रा में टी शर्ट पहने राहुल संग नजर आए। इसी दौरान राहुल जब दिल्ली से लौटे तो उनके साथ यात्रा की शुरुआत में डाग लूना भी आगे बढ़ा। राहुल को इस अंदाज में देख लोग हैरान रह गए। इसके बाद आगे बढ़ते हुए सुबह कुछ देर के लिए राहुल एक ढाबे पर रुके। यहां सर्द मौसम में उन्होंने चाय की चुस्की का आनंद लिया और कुछ लोगों से बात की। करीब 20 मिनट रुकने के बाद राहुल गांधी मधुबन की तरफ बढ़ गए। यात्रा शुरू होने पर दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हालांकि बाद में पुलिस ने ट्रैफिक सुचारू करा दिया।

राहुल गांधी की यात्रा मुख्य रूप से सर्विस लाइन पर ही चली। पूरे रूट पर राहुल ने आम लोगों से जुड़ने का भरसक प्रयास किया। उन्होंने कंबोपुरा मैदान में कबड्डी मैच देखा। बसताड़ा टोल प्लाजा पर राहुल किसानों से मिले। जिले में साठ से अधिक जगह यात्रा का स्वागत हुआ। यात्रा में बाक्सर विजेंद्र सिंह, स्वीटी बूरा, दीपक निवास हुड्डा और प्रदीप नरवाल आदि भी चले। भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार सुबह राहुल गांधी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के डाग लूना के साथ नजर आए। इसकी तस्वीर देखते ही देखते इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गईं। इस फोटो को प्रियंका ने कुछ ही देर में ट्वीट भी किया।

ये किया टवीट

प्रियंका ने इंस्टाग्राम एकाउंट पर भी इसकी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि मैं देख रही हूं कि लूना को किडनैप कर लिया गया है। फिर इसी क्रम में उन्होंने लिखा कि हम्म्म...मुझे अपनी यात्रा में आमंत्रित करने में आपको सौ दिन से अधिक का समय लगा। लेकिन ठीक है...अब मैं यहां हूं। कुत्ते निस्संदेह मनुष्य के सबसे अच्छे दोस्त होते हैं क्योंकि वे हमें बिना शर्त प्यार देते हैं और यह भावना पारस्परिक है। लगातार वायरल हो रही इस तस्वीर में राहुल गांधी लूना के गले में बंधा पट्टा हाथ में पकड़े हुए हैं। लूना भी राहुल के साथ यात्रा में कदमताल कर रहा है। यात्रा में सुबह के समय राहुल को इस अनूठे और बेहद दिलचस्प अंदाज में देखकर लोग हैरान रह गए तो वहीं इससे जुड़ी तमाम तस्वीरें भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल होती चली गईं।

महिलाओं ने उतारी आरती कोहंड बस अड्डे पर यात्रा शुरू होते ही राहुल गांधी का महिलाओं ने आरती उतारकर स्वागत किया। एसजीपीसी व अन्य सुरक्षा एजेंसियों की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला पुलिस भी मुस्तैद दिखी। राहुल गांधी ने बसताड़ा गांव के पास कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र राठौर के फार्म पर रुककर ब्रेकफास्ट किया।

युवाओं ने शर्ट उतार किया स्वागत

सर्द मौसम में सर्विस लेन पर एक बस के ऊपर कुछ युवाओं ने शर्ट उतारकर यात्रा का स्वागत किया। पास से गुजरते समय राहुल गांधी ने युवाओं का हाथ जोड़कर अभिनंदन किया। युवा मनीष, रोहताश ने बताया कि विपक्षी पार्टियां राहुल गांधी की टीशर्ट की चर्चा कर रही है। जबकि हम युवा इस हाल में खड़े हैं क्योंकि अपने नेता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देख ठंड गायब हो जाती है।

नमस्ते चौक से अग्रसेन चौक तक एक घंटा 16 मिनट में पूरी की यात्रा

राहुल ने शनिवार शाम पांच बजे नमस्ते चौक से कार्यकर्ताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा शुरू की। जलपान के लिए एक होटल में रुके। इसके बाद बिना रुके यात्रा छह बजकर 18 मिनट पर अग्रसेन चौक पहुंची। 23 स्थानों पर यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। कई जगह ढोल-नगाड़ों, जूड़ो-कराटे के प्रशिक्षुओं व पंजाबी भंगड़े के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। करनाल में शनिवार को यात्रा का अंतिम पड़ाव अग्रसेन चौक रहा। यहां आतिशबाजी के साथ यात्रा संपन्न हुई। यात्रा का शनिवार का दिन करनाल के नाम रहा। कोहंड, कुटेल और कंबोपुरा के बाद शहर में शाम पांच बजे राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं सहित नमस्ते चौक से पैदल यात्रा शुरू की। राह में एक होटल में जलपान के लिए यात्रा का कुछ देर ठहराव हुआ।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें