Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'विनेश फोगाट नहीं लड़ना चाहतीं जुलाना से चुनाव', मनोहर लाल बोले- गठबंधन के स्तर तक आ गई कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का पार्लियामेंट्री बोर्ड सभी समीकरणों का ध्यान रखकर टिकट तय करता है। उन्होंने कांग्रेस-आप गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि पहले कांग्रेस शेखी बघार रही थी और अब गठबंधन के स्तर तक आ गई है। विनेश फोगाट के चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि विनेश खुद ही जुलाना से चुनाव लड़ने से मना किया है।

By Pawan sharma Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 08 Sep 2024 08:36 PM (IST)
Hero Image
Haryana Election 2024: मनोहर लाल बोले- चुनाव से भाग रहीं विनेश फोगाट।

जागरण संवाददाता, करनाल। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का पार्लियामेंट्री बोर्ड सभी समीकरण ध्यान रखकर टिकट तय करता है। हमारी पार्टी एक अनुशासित परिवार की तरह है। इसलिए जिसके मन में भी कोई भाव है, उन्हें संतुष्ट करके आगे बढ़ेंगे। जो रूठे हैं, वे मानेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है।

उन्होंने कहा कि अब गठबंधन करने के स्तर पर आ चुकी कांग्रेस ने हार मान ली है और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। करनाल संसदीय क्षेत्र की सभी नौ सीट पार्टी जीतेगी।

वहीं, विनेश फोगाट के चुनाव मैदान में उतरने पर उन्होंने कहा कि मुझे पता लगा है कि उन्होंने खुद ही जुलाना से चुनाव लड़ने से मना किया है। इसका साफ मतलब है कि वह भाग रही हैं।

गठबंधन के स्तर तक आ गई कांग्रेस

रविवार को भाजपा कार्यालय कर्ण कमल पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्रणा के बाद पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कांग्रेस-आप गठंबधन पर तंज कसते हुए कहा कि पहले कांग्रेस शेखी बघार रही थी और अब गठबंधन के स्तर तक आ गई है।

कांग्रेस को प्रदेश में अपनी हार दिख रही है। उन्होंने कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में देरी पर कहा कि कांग्रेस ने सूझबूझ का परिचय नहीं दिया, बल्कि सीटिंग गेटिंग का फार्मूला अपनाया। दूसरी लिस्ट जारी होने पर पता चलेगा कि आगे कांग्रेस में क्या होगा।

'चुनावी मैदान से भाग रहीं विनेश'

कांग्रेस में शामिल हुईं विनेश फोगाट के चुनाव लड़ने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। मुझे तो पता लगा है कि वो भाग भी रही हैं। उन्होंने खुद मना किया है कि वह जुलाना से नहीं लड़ रहीं। नेताओं की नाराजगी पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबके मन में चुनाव लड़ने का भाव रहता है लेकिन पार्लियामेंट्री बोर्ड प्रदेश के समीकरणों व अन्य जानकारियों के आधार पर टिकट देता है। भाजपा का रिकार्ड रहा है कि यहां कभी टिकट नहीं बदले जाते।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठित पार्टी है और यहां परिवार की तरह सबसे बातचीत करके संतुष्ट किया जाता है। कई से बातचीत हो चुकी है और बाकी से एक-दिन में हो जाएगी। पार्टी का फैसला सभी सहर्ष स्वीकार करेंगे। दूसरी लिस्ट एक-दो दिन में आ जाएगी।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: इन 20 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी BJP-कांग्रेस, लगाया सोशल इंजीनियरिंग का फॉर्मूला, देखिए पूरी लिस्ट

पूर्व मेयर से भी मिले केंद्रीय मंत्री

रविवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल अपने करनाल प्रवास के दौरान पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता से मिलने उनके आवास पहुंचे। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि चुनाव एक बड़ी गतिविधि है। इसमें पार्टी के प्रति समर्पित लोग अपनी आवाज उठाते ही हैं। इनमें करनाल की पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता भी शामिल हैं।

उनके पास एक बड़ी टीम है। मैं साढ़े नौ वर्ष यहां का प्रतिनिधि रहा हूं। फिर सीएम नायब सिंह सैनी भी यहां से विधानसभा पहुंचे। हर चुनाव में गुप्ता दंपती की बड़ी भूमिका रही है। आज उनसे सभी विषयों पर वार्ता हुई है। वे अकेले नहीं है। मेरी अपेक्षा यही है कि एक बार फिर वे करनाल में चुनाव जीतने के अभियान में साथ आगे बढ़ें।

अब दस सितंबर को उन्होंने अपने समर्थकों की बैठक बुलाई है। हमें भी इसका इंतजार है। इसी तरह पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा हों या कोई भी अन्य नेता। जिसके मन में भी कोई बात है, मैं उनसे स्वयं मिलूंगा ताकि हम सब एक बार फिर करनाल में भाजपा की जीत का लक्ष्य पूरा करने में सहभागी बनें।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: 14 सितंबर को हरियाणा आएंगे पीएम मोदी, कुरुक्षेत्र की धरती से करेंगे चुनाव का शंखनाद